1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 'मोदी सरकार ने उठाए कड़े कदम, इस कारण आतंकवाद और उग्रवादी हिंसा में आई कमी', बोले अनुराग ठाकुर

'मोदी सरकार ने उठाए कड़े कदम, इस कारण आतंकवाद और उग्रवादी हिंसा में आई कमी', बोले अनुराग ठाकुर

 Written By: Deepak Vyas @deepakvyas9826
 Published : Dec 19, 2022 11:47 am IST,  Updated : Dec 19, 2022 11:47 am IST

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि मोदी सरकार के कार्यकाल में आतंकवादी और उग्रवादी घटनाओं में काफी कमी आई है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में वर्ष 2014 के बाद आतंकवाद की घटनाओं में 168 फीसदी की कमी आई है। वहीं इसी अवधि में नॉर्थ ईस्ट में उग्रवादी हिंसा में 80 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।

Anurag Thakur- India TV Hindi
Anurag Thakur Image Source : ANI

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि मोदी सरकार के कार्यकाल के दौरान आतंकवाद और उग्रवादी हिंसा में कमी आई है। आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर मोदी सरकार द्वारा उठाए गए कठोर कदमों का जिक्र करते हुए दावा किया है कि सर्जिकल स्ट्राइक के साथ-साथ सरकार द्वारा उठाए गए अन्य ठोस कदमों की वजह से 2014 के बाद से जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद की घटनाओं में 168 प्रतिशत की कमी आई है। 

केंद्रीय मंत्री ने आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान को घेरा

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने इसके साथ ही पूर्वोत्तर में भी उग्रवादी हिंसा में 80 प्रतिशत की गिरावट आने का दावा किया है। ठाकुर ने पीएफआई पर प्रतिबंध लगाने का जिक्र करते हुए दावा किया कि ऐसे कट्टरपंथी संगठनों के खिलाफ सरकार की कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। केंद्रीय मंत्री ने नक्सलवाद की घटनाओं में भी कमी आने की बात कहते हुए आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान पर भी जमकर निशाना साधा।

कश्मीर में आतंकी घटनाओं में 168 फीसदी कमी आई

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मीडिया से बात करते हुए दावा किया कि वर्ष 2014 में पीएम नरेंद्र मोदी ने सत्ता संभाली। उसके बाद से ही आंतरिक सुरक्षपा के साथ साथ जम्मू कश्मीर और पूर्वोत्तर के राज्यों में शांति स्थापित हुई और बड़े पैमाने पर आधारभू​त संरचना का विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में जम्मू कश्मीर में आतंकी घटनाओं में 168 प्रतिशत की कमी आई है। आतंकियों को मिलने वाले फंडिंग सिस्टम पर सरकार द्वारा की गई कठोर कार्रवाई का जिक्र करते हुए ठाकुर ने दावा किया कि आतंक बढ़ाने के लिए आने वाले टेरर फाइनेंसिंग के मामले में भी दोष साबित होने की दर 94 प्रतिशत रही है।

नॉर्थ ईस्ट की परियोजनाओं के कांग्रेस ने कई दशकों तक लटकाए रखा

नॉर्थ ईस्ट के राज्यों की हालत के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार बताते हुए ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा लुक ईस्ट पॉलिसी पर काम किया और इन राज्यों में विकास से जुड़ी परियोजनाओं को 50-50 वर्षों तक लटकाए रखा। उन्होंने कहा की मोदी सरकार 50 वर्षों से लटकी परियोजनाओं को पूरा कर रही है। रोड, रेल और वाटरवेज जैसी आधारभूत सरंचना का विकास मोदी सरकार की देन है।

नॉर्थ ईस्ट में उग्रवादी हिंसा में 80 प्रतिशत की गिरावट: अनुराग ठाकुर

अनुराग ठाकुर ने दावा किया कि 2014 के बाद नॉर्थ ईस्ट में उग्रवादी हिंसा में 80 प्रतिशत की गिरावट आई है। इतना ही नहीं, केंद्र में मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद 6 हजार उग्रवादी आत्मसमर्पण कर चुके हैं। आम नागरिकों के मारे जाने की दर में भी 89 प्रतिशत कमी आई है और अब नॉर्थ ईस्ट में शांति का युग आ गया है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद की घटना में भी 265 प्रतिशत की कमी आई है। केंद्रीय मंत्री ने आतंकवादियों का साथ देने और खुलकर आतंकवाद के पक्ष में बोलने के लिए पाकिस्तान की भी आलोचना की।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत