1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल दहलाने वाला हादसा, यात्री जहाज से टकराई नौसेना की नाव, नेवी के 3 लोगों और 10 यात्रियों की मौत

दिल दहलाने वाला हादसा, यात्री जहाज से टकराई नौसेना की नाव, नेवी के 3 लोगों और 10 यात्रियों की मौत

 Reported By: Saket Rai, Edited By: Subhash Kumar
 Published : Dec 18, 2024 05:20 pm IST,  Updated : Dec 18, 2024 11:17 pm IST

मुंबई से बड़े हादसे की खबर सामने आ रही है। जानकारी के मुताबिक, गेटवे ऑफ इंडिया के पास यात्रियों से भरी नाव समुद्र में पलट गई है।

मुंबई में हादसा।- India TV Hindi
मुंबई में हादसा। Image Source : PTI

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से दिल दहला देने वाले हादसे की खबर सामने आई है। मुंबई में स्थित प्रसिद्ध गेटवे ऑफ इंडिया के पास समुद्र में यात्रियों से भरी एक नाव पलट गई है। पुलिस ने भी इस घटना के बारे में जानकारी साझा की है। पुलिस ने कहा है कि समुद्र में यात्रियों से भरी नौका पलट गई है। पुलिस ने कहा है कि जो नाव पलटी उस पर कुल 100 से ज्यादा यात्री सवार थे। इनमें 5 क्रू के सदस्य थे। इस हादसे में अब तक 13 व्यक्ति की मौत की खबर सामने आ रही है। इनमें से 3 नेवी के लोग भी हैं। वहीं, 2 लोग क्रिटिकल बताए जा रहे हैं।

कैसे हुआ हादसा?

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया से एलिफेंटा आइलैंड जा रही बोट नीलकमल को एक नेवी की बोट ने टक्कर मारी जिसके बाद ये हादसा हुआ। हादसे के बाद नाव पानी में डूबने लगी। इसके बाद बोट पर सवार यात्रियों को आस पास के बोट से बचाया जा रहा है। यह घटना शाम 4 बजे के करीब की है। फिलहाल अभी तक 101 लोगों को रेस्क्यू करके बाहर निकाला गया है। वहीं, 13 व्यक्तियों की मौत की खबर भी सामने आ रही है।

महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने बताया है कि नीलकमल बोट को नेवी के बोट ने तीन बजकर पचास मिनट पर टक्कर मारी। इस हादसे में अभी तक 13 की मौत हुई जिसमें 10 यात्री और 3 नेवी के लोगो  की मौत हुई है। क़रीबन 101 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है। बचाव कार्य कर तेजी से बचाने का प्रयास किया गया है। अंतिम जानकारी कल सुबह तक मिलेगी। सीएम फडणवीस ने कहा है कि जिनकी मौत हुई है उनके परिवार को पाँच लाख की मदद मुख्यमंत्री सहायता कक्ष से होगी। दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सीएम ने कहा है कि नेवी के बोट के इंजन की टेस्टिंग चल रही थी, उस दौरान ये हादसा हुआ है। इस मामले की जांच की जाएगी।

रेस्क्यू ऑपरेशन खत्म

सामने आई जानकारी के मुताबिक, एलीफेंटा जा रही नौका का नाम नीलकमल था। ये उरण, करंजा में डूब गई है। नौसेना, जेएनपीटी, तटरक्षक बल और येलोगेट पुलिस स्टेशन 3 और स्थानीय मछली पकड़ने वाली नौकाओं की मदद से हादसे वाली जगह पर राहत और बचाव कार्य किया है। हादसे वाली जगह पर नौसेना द्वारा तट रक्षक बल और मरीन पुलिस के साथ मिलकर बचाव प्रयास शुरू किया गया। नौसेना की 11 नावें, समुद्री पुलिस की 03 नावें और तटरक्षक बल की 01 नाव क्षेत्र में थीं। इसके अलावा 04 हेलीकॉप्टर भी बचाव कार्य में लगे हुए थे।

CM फडणवीस ने दिया बयान

गेटवे ऑफ इंडिया के पास नाव पलटने के हादसे का महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री फडणवीस ने भी संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा- "सूचना मिली कि एलीफेंटा जा रही नीलकमल नाव दुर्घटनाग्रस्त हो गयी है। तत्काल सहायता के लिए नौसेना, तटरक्षक बल, बंदरगाह, पुलिस टीमों की नौकाएं भेजी गई हैं। हम जिला एवं पुलिस प्रशासन से लगातार संपर्क में हैं, सौभाग्य से अधिकांश नागरिकों को बचा लिया गया है। जिला प्रशासन को उनके सभी प्रणालियों को बचाव कार्य में लगाने के आदेश दिए गए हैं।"

पीएम मोदी, राष्ट्रपति ने जताया दुख

मुंबई में हुए इस हादसे पर पीएम मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने कहा- "मुंबई में नाव दुर्घटना दुखद है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएँ। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल जल्द ठीक हो जाएं। प्रभावित लोगों को अधिकारियों द्वारा सहायता प्रदान की जा रही है।" प्रधानमंत्री ने अनुग्रह राशि की भी घोषणा की है। दुर्घटना में प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे। वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा- "मैं मुंबई हार्बर के पास एक यात्री नौका और एक भारतीय नौसेना की नौका के बीच हुई दुर्घटना के बारे में जानकर स्तब्ध और दुखी हूं। जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई है उनके परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। मैं बचाव और राहत कार्यों की त्वरित सफलता और जीवित बचे लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।"

ये भी पढ़ें- उमर खालिद को मिली 7 दिन की अंतरिम जमानत, कड़कड़डूमा कोर्ट ने दी राहत

अमित शाह के बयान पर खरगे की प्रेस कॉन्फ्रेंस, कहा- उन्होंने दलितों का अपमान किया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत