1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 'राहुल केवल छात्रों के मुद्दे पर राजनीतिक लाभ लेना चाहते हैं', पीसी में बोले जेपी नड्डा

'राहुल केवल छात्रों के मुद्दे पर राजनीतिक लाभ लेना चाहते हैं', पीसी में बोले जेपी नड्डा

 Written By: Vinay Trivedi Niraj Kumar
 Updated : Jul 23, 2026 09:36 am IST

जंतर-मंतर पर जारी CJP के प्रदर्शन के बीच राहुल गांधी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा मांगा है। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र शिक्षा मंत्री के तौर पर नाकाम रहे हैं।

NEET Protest at Jantar Mantar- India TV Hindi
जंतर-मंतर पर NEET मामले को लेकर प्रदर्शन 32वें दिन भी जारी है। Image Source : PTI (फाइल फोटो)

NEET पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के Jantar Mantar पर चल रहे Cockroach Janata Party के प्रदर्शन का आज 32वां दिन है। छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं तो कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर Abhijeet Dipke ने आरोप लगाया है कि सरकार ने उनका समय बर्बाद किया है। दीपके ने कहा कि हमारे प्रतिनिधिमंडल को बुलाया गया और उन्हें जेपी नड्डा के घर नजरबंद कर दिया गया। ऐसे में अब वो सरकार से बातचीत करने नहीं जाएंगे, अब सरकार को बातचीत के लिए जंतर-मंतर पर आना होगा। इस बीच राहुल गांधी ने एक प्रेस कॉन्फेंस की और धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की। देर शाम जेपी नड्डा ने पीसी में कहा कि राहुल गांधी छात्रों के मुद्दे पर राजनीतिक लाभ लेना चाहते हैं।

नीट पेपर लीक पर सड़क से संसद तक सियासत गरमा गई है। विपक्ष, सरकार को घेरने में लगा है और मामले में बहस की मांग कर रहा है। हालांकि, सरकार का कहना है कि वो सदन में चर्चा को तैयार हैं लेकिन फिर भी विपक्ष सड़कों पर हंगामा करने में लगा है। जंतर-मंतर पर पहुंचकर तमाम विपक्षी दलों के नेता सरकार के रवैये पर सवाल उठा रहे हैं। देर रात जंतर-मंतर पहुंचे उद्धव ठाकरे ने भी सरकार को घेरा और आरोप लगाए कि ये सरकार छात्रों का भला नहीं चाहती है। वहीं, अखिलेश यादव ने कहा है कि वो तब तक प्रदर्शन करेंगे जबतक सरकार छात्रों की मांगे नहीं मान लेती। हालांकि, सरकार का कहना है कि वो मामले में सख्त कार्रवाई कर रही है लेकिन विपक्ष सिर्फ लोगों को गुमराह करने में लगा है।

नीट पेपर लीक पर प्रोटेस्ट के बीच सरकार ने सोनम वांगचुक से बातचीत की पहल की है। सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और जेपी नड्डा ने मेदांता अस्पताल में सोनम वांगचुक से मुलाकात की है। सफदरजंग अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद सोनम इस वक्त मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं। मौजूदा गतिरोध खत्म करने के लिए ये सरकार की बड़ी पहल मानी जा रही है। लेकिन सोनम वांगचुक अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। वह नीट समेत कई परीक्षाओं में पेपर लीक पर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

वहीं, NEET पेपर लीक के मुद्दे पर अब चर्चा होगी या पॉलिटिक्स, ये देखने वाली बात होगी। ऐसा इसलिए क्योंकि सरकार चर्चा को तैयार है और विपक्ष पर अचानक डिमांड बदलने का आरोप लगा रही है। बीते मंगलवार को लोक कल्याण मार्ग पर प्रधानमंत्री आवास के सामने अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठे राहुल गांधी से मिलने पहुंचे केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने दावा किया है कि राहुल गांधी ने उन्हें ये आश्वासन दिया था कि अगर सरकार नीट मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार हो जाती है तो धरना खत्म कर देंगे, लेकिन जब सरकार तैयार हो गई तो राहुल अपनी बात से पलट गए।

फिर उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी रख दी। अब आज विपक्ष एक बार फिर सदन से संसद तक हंगामा कर सकता है। कांग्रेस संसद में पेपर लीक पर चर्चा करवाने की मांग करेगी और अगर सदन में बहस हुई तो पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस की संभावना है। जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन को लेकर हर अपडेट यहां पढ़ें।

जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन के LIVE अपडेट्स

Auto Refresh
Refresh
  • 9:45 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    टॉलस्टॉय मार्ग के पास पुलिस पर हमला

    दिल्ली के कनॉट प्लेस के पास टॉलस्टॉय मार्ग के पास रात 8.30 बजे के आसपास प्रदर्शनकारियों की आड़ में गुंडों ने एक बार फिर पुलिस पर हमला किया।अचानक भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर पत्थर और बोतल से हमला किया जिसमें एसीपी कनॉट प्लेस विवेक भगत घायल हुए है। उनको खुद सीनियर अफसर आरएमएल अस्पताल लेकर गए है। कुछ मिनट के लिए स्थिति तनावपूर्ण थी लेकिन अब शांति है। 

     

  • 9:00 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    जहां कांग्रेस की सरकारें रहीं वहां भी पेपर लीक हुआ-नड्डा

    जम्मू-कश्मीर में पेपर लीक हुआ, हिमाचल प्रदेश में पेपर लीक हुआ, झारखंड में पेपर लीक हुआ और तेलंगाना में भी पेपर लीक हुआ। इन राज्यों में कांग्रेस की सरकारें भी रही हैं। तमिलनाडु में पेपर लीक हुआ। पश्चिम बंगाल में पुलिस भर्ती परीक्षा का पेपर लीक हुआ, उस समय वहां टीएमसी की सरकार थी। केरल में भी बीएससी का पेपर लीक हुआ। आप चयनात्मक रवैया क्यों अपना रहे हैं? अपनी यूपीए और यूपीए समर्थित सरकारों के कार्यकाल में हुए पेपर लीक के मामलों पर चर्चा क्यों नहीं की गई?

  • 8:59 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    छात्रों की मांग का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए-जेपी नड्डा

    केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि छात्रों की मांग का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए। यह एक गंभीर समस्या है, जिस पर गहन विचार और चर्चा होनी चाहिए।राहुल गांधी ने पेपर लीक को लेकर प्रेजेंटेशन दिया और कई मामलों का जिक्र किया। जांच के बाद देश की जनता के सामने तथ्य सामने आएंगे।

     

  • 7:49 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    विपक्षी सांसदों ने सोनम वांगचुक से अनशन खत्म करने की अपील की

    विपक्षी सांसदों को मेदांता अस्पताल में सोनम वांगचूक से मिलने की इजाजत नहीं मिली। अब 50 सांसदों के हस्ताक्षर वाली चिट्ठी सोनम वांगचुक की पत्नी को सौंपी गई है। इसमें सांसदों ने सोनम वांगचूक से अनशन खत्म करने की अपील की है। 

     

  • 7:11 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    अन्ना हजारे ने पीएम मोदी को लिखी चिट्ठी

    अन्ना हजारे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखी चिट्ठी। अन्ना ने चिट्ठी में सरकार से अपील की है कि वह छात्रों से बातचीत करे। उन्होंने छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा पर दुख जताया है। 

  • 7:02 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    विपक्ष के प्रतिनिधिमंडल को सोनम वांगचुक से मिलने से रोका गया

    सोनम वांगचुक से मेदांता अस्पताल में मिलने पहुंचे विपक्ष के प्रतिनिधिमंडल को अस्पताल के गेट पर रोक दिया गया है। इस प्रतिनिधिमंडल में आम आदमी पार्टी, समाजवादी पार्टी, आरजेडी और जेएमएम के नेता शामिल हैं। अस्पताल के गेट पर सुरक्षाकर्मियों से बहस के बाद विपक्षी नेता धरने पर बैठ गए हैं।

  • 6:52 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    पंजाबी बाग के ACP जय प्रकाश घायल

    दिल्ली में जंतर मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान शाम करीब 4:30 बजे ड्यूटी पर तैनात पंजाबी बाग के ACP जय प्रकाश पत्थरबाजी के दौरान घायल हो गए। प्रदर्शनकारियों ने पथराव शुरू कर दिया और एक पत्थर ACP जय प्रकाश के माथे पर पर लगा। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। 

     

  • 6:18 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    जयपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन

    जयपुर में भी कांग्रेस धर्मेंद्र प्रधान की इस्तीफे को लेकर प्रदर्शन कर रही है। कांग्रेस के कार्यकर्ता भाजपा दफ्तर का घेराव करने जा रहे हैं। पुलिस बार बार चेतावनी दे रही है कि शांति से प्रदर्शन करें आगे ना बढ़ें। कांग्रेस के तमाम कार्यकर्ताओं को बीच में रोक लिया गया है। भारी पुलिस तैनात है  वाटर कैनन चलाने की तैयारी हो रही है।

  • 6:13 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    पटना के डाक बंगला चौराहे पर जमकर हंगामा

    पटना में छात्रों के दौरान जमकर बवाल हुआ। डाकबंगला चौराहा और आसपास का इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, पानी की बौछारें कीं और लाठीचार्ज किया। उग्र प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर जमकर पथराव किया, जिससे पूरा डाकबंगला चौराहा बड़े-बड़े पत्थरों और ईंटों से भर गया। इस हिंसा के दौरान पुलिस की दो गाड़ियां भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

     

  • 3:27 PM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    प्रदर्शनकारियों के वकीलों ने HC में पुलिस की कार्रवाई पर उठाए गंभीर सवाल

    CJP प्रदर्शन के मामले में दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान प्रदर्शनकारियों की ओर से पेश वकीलों ने पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए। वरिष्ठ वकील हरिहरन ने अदालत से कहा कि जब प्रदर्शन शुरू हुआ था, तब वह पूरी तरह शांतिपूर्ण था। वहां मौजूद लोग अपने संवैधानिक अधिकार का इस्तेमाल कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार की कार्रवाई को संविधान के अनुच्छेद 14 के तहत परखा जाएगा। हरिहरन ने पुलिस की कार्रवाई को बेहद क्रूर बताया।

  • 2:47 PM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    पोस्टपोन हुआ राहुल गांधी का जंतर-मंतर जाने का कार्यक्रम

    सूत्रों के मुताबिक, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का दिल्ली का जंतर-मंतर जाने का कार्यक्रम रद्द हो गया है। फिलहाल, राहुल गांधी प्रदर्शन में छात्रों के साथ शामिल नहीं होंगे। हालांकि, राहुल गांधी आज शाम 4 बजे करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।

  • 2:43 PM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    बच्चों को गुमराह कर रहा है विपक्ष: राजनाथ सिंह

    केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि विपक्ष बच्चों को गुमराह कर रहा है। छात्रों की हर एक बात को सुनना हमारी जिम्मेदारी है। सड़क की जगह संसद में अपनी बात को विपक्ष को कहना चाहिए। दिल्ली में प्रदर्शन होना गंभीर चिंता का विषय है।

  • 1:52 PM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    प्रदर्शन में शामिल होने जंतर-मंतर जाएंगे राहुल गांधी

    सूत्रों के मुताबिक, नेता प्रतिपक्ष दोपहर 2 से ढाई बजे के बीच दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहुंचेंगे और NEET पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों को अपना समर्थन देंगे। इससे पहले तमाम विपक्षी नेता पहले ही जंतर-मंतर पर जारी CJP के प्रदर्शन में जा चुके हैं।

  • 1:38 PM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 4 बजे करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस

    नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज (बुधवार को) शाम 4 बजे करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इसमें वह NEET पेपर लीक, दिल्ली में स्टूडेंट्स के प्रदर्शन, प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की कार्रवाई और अन्य मुद्दों पर अपनी बात रख सकते हैं।

  • 1:29 PM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    सरकार नहीं मानी, तो लाखों और लोग दिल्ली आएंगे- CJP प्रवक्ता

    CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि यह भारत की आजादी के बाद का सबसे बड़ा आंदोलन है। हमने साफ कहा है कि 20 जुलाई को जो हुआ, वह सिर्फ एक ट्रेलर था। अगर सरकार नहीं मानी, तो लाखों और लोग दिल्ली आएंगे क्योंकि इस बार हम पीछे नहीं हटेंगे और चुप नहीं रहेंगे। सरकार को सच में संभल जाना चाहिए, वरना देश के युवा उन्हें बुरी तरह सत्ता से बाहर कर देंगे।

  • 12:52 PM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    प्रदर्शनकारी छात्र नेताओं से मिलने के लिए रवाना हुआ मंत्री जितेंद्र सिंह

    केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, प्रदर्शनकारी छात्र नेताओं से बातचीत करने के लिए संसद भवन से रवाना हो गए हैं। इससे पहले बीती रात केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने अस्पताल में जाकर सोनम वांगचुक से मुलाकात भी की थी।

  • 12:47 PM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    मुझे छात्रों के आंदोलन को भी देखना है- सोनम वांगचुक

    सूत्रों के मुताबिक, सोनम वांगचुक से बीती रात तकरीबन 45 मिनट की मुलाकात में केंद्रीय मंत्रियों जेपी नड्डा और डॉक्टर जितेंद्र सिंह ने उन्हें धैर्य से सुना। उसके बाद सोनम वांगचुक की पत्नी के बयान को दिखाकर पूछा गया कि वांगचुक से सरकार चर्चा को तैयार है। फिर क्या समस्या है। तब वांगचुक ने कहा कि मुझे छात्रों के आंदोलन को भी देखना है।

  • 12:42 PM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    NEET मामले में मोदी सरकार ने बहुत जिम्मेदार रवैया अपनाया- बांसुरी स्वराज

    बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ऐसे नेता हैं जो देश के युवाओं को राष्ट्र निर्माता मानते हैं। बच्चों का भविष्य सुरक्षित रखना हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। NEET परीक्षा 3 मई को होनी थी। 11 मई को पता चला कि परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी हुई है। उसी दिन शिक्षा मंत्रालय ने FIR दर्ज कराई और बिना किसी देरी के, पूरी पारदर्शिता के साथ इसकी जांच CBI को सौंप दी गई। CBI ने SIT बनाई और 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया। वे अभी भी हिरासत में हैं। मैं आपको भरोसा दिलाना चाहती हूं कि मोदी सरकार ने बहुत जिम्मेदार रवैया अपनाते हुए कोर्ट से यह भी अनुरोध किया है कि इस मामले की सुनवाई रोजाना हो, आरोपियों को सबसे कड़ी सजा मिले और सजा जल्द से जल्द दी जाए ताकि छात्रों को न्याय मिल सके।

  • 11:54 AM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    CJP प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे केंद्र सरकार के दो मंत्री

    जंतर-मंतर जारी प्रदर्शन के बीच खबर आई है कि CJP प्रतिनिधियों से केंद्र सरकार के दो मंत्री मुलाकात करेंगे। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जिंतेंद्र सिंह, CJP के प्रतिनिधियों से बातचीत करेंगे। उनकी मांगों को सुनेंगे।

  • 11:49 AM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    SC ने खारिज की पुलिस कार्रवाई के खिलाफ दायर याचिका

    सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली में CJP के विरोध-प्रदर्शन के दौरान छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई को चुनौती देने वाली याचिका पर तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया। याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया है। इस बीच, Metro station पर CRPF को तैनात किया गया है। संसद जाने वाले मार्ग पर भी सीआरपीएफ की तैनाती कर दी गई है।

  • 11:43 AM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    दिल्ली में 16 मेट्रो स्टेशन बंद

    स्टूडेंट्स के प्रोटेस्ट को देखते हुए दिल्ली में 16 मेट्रो स्टेशन बंद करने का फैसला लिया गया है। अगले आदेश तक लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे।

  • 11:24 AM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    “हमारा समय बर्बाद मत कीजिए- CJI सूर्यकांत

    “हमारा समय बर्बाद मत कीजिए” सीजेआई सूर्यकांत ने CJP मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान ऐसा कहा। जब वकील ने कहा कि पुलिस की ज्यादती दिखाने वाले वीडियो मौजूद हैं, तो सीजेआई ने कहा, “हमें वीडियो में कोई दिलचस्पी नहीं है। हमारे पास वीडियो देखने का समय नहीं है।”

  • 11:09 AM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    जंतर-मंतर के पास 4 मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद

    DMRC के मुताबिक, सुरक्षा कारणों से जनपथ, राजीव चौक, पटेल चौक और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद कर दिए गए हैं। हालांकि, राजीव चौक और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध है।

  • 11:05 AM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    कोई गलतफहमी थी तो उसे सरकार को दूर करना चाहिए था- उद्धव ठाकरे

    CJP और छात्रों के विरोध-प्रदर्शन पर शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि अगर कोई विरोध करता है, तो सरकार का फर्ज है कि वह जाकर उनसे बात करे और उनकी बात सुने। अगर उन्हें कोई गलतफहमी है, तो सरकार का कर्तव्य होता है उसे दूर करना, और इस सरकार ने ऐसा नहीं किया। अगर वे पहले ही दिन उनसे बात कर लेते, तो मामला इतना आगे नहीं बढ़ता, जैसे हमने मुंबई में विरोध किया था, वैसे ही हम और भी विरोध करेंगे। लोकतंत्र में बातचीत ही होती है।

  • 10:35 AM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    बंगाल से मंगाई गईं CRPF की 20 टुकड़ियां

    दिल्ली की सुरक्षा को लेकर सरकार सख्त है। केंद्र सरकार ने दिल्ली में CRPF की टुकड़ियों की तैनाती का फैसला किया है। पश्चिम बंगाल से CRPF की 20 टुकड़ियां मंगाई गई हैं, जिन्हें दिल्ली की सुरक्षा में तैनात किया जाएगा।

  • 10:23 AM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    BJP सांसद रवि शंकर प्रसाद का राहुल गांधी पर निशाना

    दिल्ली में लोक कल्याण मार्ग पर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर BJP सांसद रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि यह भारत के लोकतंत्र और लोकतांत्रिक इतिहास में सचमुच एक शर्मनाक दिन था। विपक्ष के नेता राहुल गांधी जबरदस्ती और बिना इजाजत प्रधानमंत्री आवास के गेट पर धरने पर बैठ गए। उनके पिता, दादी और परदादा प्रधानमंत्री रह चुके हैं। उन्हें PM आवास की गरिमा का पता है, फिर भी उन्होंने गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार किया। मैं इसकी निंदा करता हूं। PM की सुरक्षा सबसे अहम है। मंत्री जितेंद्र सिंह और गृह सचिव NEET पर बातचीत के लिए उनके पास गए, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। राहुल गांधी, आपने गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार किया है। मैं कल आपके पूरे व्यवहार की निंदा करता हूं। आखिरकार पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी। सुरक्षा और शांति के लिए यह जरूरी था।

  • 10:01 AM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    CJP प्रदर्शन को लेकर 10 FIR हुई दर्ज

    दिल्ली में CJP प्रदर्शन को लेकर अब तक कुल 10 FIR दर्ज की गई हैं। संसद मार्ग थाने में 4 FIR, सीपी थाने में 3 FIR, मंदिर मार्ग थाने में 1 FIR, बाराखंभा रोड थाने में 1 FIR और कर्तव्य पथ थाने में 1 FIR  दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान हुई विभिन्न घटनाओं और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में ये FIR दर्ज की गई हैं। मामलों की जांच जारी है।

  • 9:33 AM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    तृणमूल कांग्रेस ने की सदन में चर्चा की मांग

    दिल्ली में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई झड़पों पर चर्चा को सदन में करने की मांग उठी है। तृणमूल कांग्रेस ने राज्यसभा में आज 22 जुलाई के लिए नियम 267 के तहत नोटिस दिया है, ताकि सदन 20 जुलाई को प्रदर्शनकारी छात्रों पर दिल्ली पुलिस की ज्यादतियों पर तुरंत चर्चा कर सके।

  • 9:08 AM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    RAF जवान पर हमला मामले में FIR दर्ज

    बीते मंगलवार की रात RAF जवान पर नई दिल्ली में कनॉट प्लेस के पास हुए अटैक मामले में दिल्ली पुलिस ने एक्शन लिया है और एफआईआर दर्ज कर ली है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया था, जिसमें उपद्रवी RAF जवान को पीटते हुए नजर आ रहे थे।

  • 8:32 AM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    विरोध प्रदर्शन में नजर आई राहुल-अखिलेश की करीबी

    अरविंद केजरीवाल की पार्टी भले ही कांग्रेस और राहुल गांधी को घेर रही हो लेकिन यूपी चुनाव से पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी एक मंच पर आ गए हैं। राहुल हों या अखिलेश, सरकार को घेरने में कोई पीछे नहीं है। बीते मंगलवार को कांग्रेस सड़क पर उतरी तो समाजवादी पार्टी भी पीछे नहीं रही। कांग्रेस समेत समाजवादी पार्टी ने जबरदस्त हंगामा किया। इस दौरान, राहुल गांधी को अखिलेश यादव का पूरा सपोर्ट मिला।

  • 7:50 AM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    लखनऊ समेत यूपी के कई जिलों में सपा का प्रदर्शन

    दिल्ली में अखिलेश यादव समेत तमाम सपा सांसदों को हिरासत में लिए जाने के बाद यूपी में राजधानी लखनऊ से लेकर मैनपुरी और सीतापुर समेत कई जिलों में समाजवादी पार्टी के नेताओं-कार्यकर्ताओं ने बीते मंगलवार की शाम को प्रदर्शन किया। लखनऊ में नेता विपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय समर्थकों को लेकर सड़क पर उतर आए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

  • 7:25 AM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    धर्मेंद्र प्रधान का राहुल गांधी पर पलटवार

    राहुल गांधी समेत पूरा विपक्ष धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़ा है। अब तक खामोश रहे शिक्षा मंत्री ने एक्स पर पोस्ट के जरिए राहुल गांधी पर पलटवार किया। धर्मेंद्र प्रधान ने लिखा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी संसद के मानसून सत्र के दौरान हंगामा करने के लिए छात्रों का राजनीतिक हथियार के तौर पर बेशर्मी से इस्तेमाल कर रहे हैं। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास के बाहर धरना देने का फैसला किया, जिससे जनता को परेशानी हुई और सुरक्षा के तय नियमों की अनदेखी की गई। सरकार के चर्चा के लिए पूरी तैयार होने की बात कहने के बाद भी, कांग्रेस ने लोकतांत्रिक बहस के बजाय राजनीतिक तमाशा चुना। हमारी सरकार NEET पर चर्चा करने और सदन में हमारे युवाओं की हर असली चिंता को दूर करने के लिए 100% कमिटेड है।

  • 6:58 AM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    हाईकोर्ट में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग मामले की सुनवाई आज

    वहीं, CJP के प्रदर्शन का मामला अब कोर्ट पहुंच गया है। दरअसल, दिल्ली हाईकोर्ट में एक याचिका दाखिल की गई जिसमें सोमवार को हुए संसद मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए गए। इसमें प्रदर्शनकारियों के खिलाफ अधिक बल प्रयोग करने का आरोप लगाया गया और मामले में तत्काल सुनवाई करने की अपील की गई, जिससे कोर्ट ने इनकार कर दिया। चीफ जस्टिस डीके उपाध्याय और जस्टिस तेजस करिया की बेंच ने याचिकाकर्ता से कहा कि कोर्ट को इन सब चीजों में न घसीटें। बेंच ने कहा कि मामले को सुनवाई के लिए बुधवार को लिस्ट किया जाएगा।

  • 6:46 AM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    राहुल-प्रियंका को हिरासत में लेने के खिलाफ MP में प्रदर्शन

    राहुल गांधी-प्रियंका गांधी वाड्रा को हिरासत में लेने पर कांग्रेस पार्टी ने मध्य प्रदेश में भी प्रदर्शन किया। भोपाल में सीएम के दफ्तर के बाहर कांग्रेस विधायक धरने पर बैठ गए। वहीं, राजभवन का घेराव करने जा रहे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

  • 6:44 AM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    आज फिर से विपक्ष के हंगामे के आसार

    NEET पेपर लीक के मुद्दे पर विपक्ष आज फिर संसद से लेकर सड़क तक हंगामा कर सकता है। कांग्रेस, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ी कांग्रेस। केंद्र सरकार संसद में NEET पेपर लीक पर चर्चा के लिए तैयार है लेकिन विपक्ष का रुख अलग है। बीते मंगलवार को राहुल गांधी समेत तमाम कांग्रेस सांसदों ने लोक कल्याण मार्ग पर धरना प्रदर्शन किया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत