1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. NIA Raid on PFI: NIA की PFI पर छापेमारी को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने की बड़े अधिकारियों के साथ अहम बैठक, ली जानकारी

NIA Raid on PFI: NIA की PFI पर छापेमारी को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने की बड़े अधिकारियों के साथ अहम बैठक, ली जानकारी

 Published : Sep 22, 2022 12:35 pm IST,  Updated : Sep 22, 2022 12:35 pm IST

NIA Raid on PFI: यूपी, महाराष्ट्र, केरल और तमिलनाडु समेत देश के करीब 11 राज्यों में NIA और ED की टीम ने PFI के स्टेट से लेकर जिला स्तर के नेताओं के घरों पर छापेमारी की है और उसके करीब 100 से ज्यादा सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

Union Home Minister Amit Shah- India TV Hindi
Union Home Minister Amit Shah Image Source : PTI

Highlights

  • देश भर में NIA का बड़ा एक्शन
  • 11 राज्यों में गिरफ्तारी
  • PFI के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओएमएस सलाम और दिल्ली अध्यक्ष परवेज अहमद गिरफ्तार

NIA Raid on PFI: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) देश के कई राज्यों में पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इसको लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गुरुवार को एक उच्चस्तरीय बैठक कर पूरे मामले की जानकारी ली है। गृह मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि अमित शाह ने जांच एजेंसियों से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की है। इस बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, गृह सचिव अजय कुमार भल्ला सहित एनआईए के डीजी भी शामिल थे। अमित शाह ने पूरे छापेमारी पर जानकारी ली है। इसके अलावा गृहमंत्री ने एनआईए अधिकारियों और दफ्तरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को भी कहा है।

जानकारी के मुताबिक 29 अगस्त को गृह मंत्री अमित शाह ने जांच एजेंसियों के बड़े अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की थी, जिसमें अलग अलग एजेंसियों को कोऑर्डिनेटेड तरीके से PFI पर बड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए थे। इसी को लेकर NIA ने देर रात देश के करीब 11 राज्यों में छापेमारी कर PFI के 106 लोगों को गिरफ्तार किया है। NIA ने इसे ‘अब तक का सबसे बड़ा जांच अभियान’ करार दिया है।

देश भर में NIA का बड़ा एक्शन

देश भर में टेरर फंडिंग और कैंप चलाने के मामले में PFI यानी पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया के खिलाफ आज यानी गुरुवार को बड़ा एक्शन देखने को मिला है। यूपी, महाराष्ट्र, केरल और तमिलनाडु समेत देश के करीब 11 राज्यों में NIA और ED की टीम ने PFI के स्टेट से लेकर जिला स्तर के नेताओं के घरों पर छापेमारी की है और उसके करीब 100 से ज्यादा सदस्यों को गिरफ्तार किया है। एनआईए ने इसे ‘अब तक का सबसे बड़ा जांच अभियान’ करार दिया है।

PFI के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओएमएस सलाम और दिल्ली अध्यक्ष परवेज अहमद गिरफ्तार

NIA ने PFI के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओएमएस सलाम और दिल्ली अध्यक्ष परवेज अहमद को गिरफ्तार कर लिया है। इस बीच दिल्ली स्थित NIA हेडक्वार्टर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। खुफिया विभाग ने जो अलर्ट जारी किया है, उसके मुताबिक, PFI ने इस वक्त पुणे को अपना हब बनाया है, जिसमें कई ट्रेनिंग प्रोग्राम जारी है। वहीं, दबे पांव SDPI भी जालना और औरंगाबाद में अपनी मेम्बरशिप ड्राइव चला रही है। बता दें कि मुंबई से लेकर राजस्थान तक गिरफ्तारियां हुईं हैं।

11 राज्यों में गिरफ्तारी

सूत्रों के मुताबिक, NIA की अगुवाई में कई एजेंसियों ने गुरुवार सुबह 11 राज्यों में एक साथ छापे मारे और देश में आतंकवाद के वित्त पोषण में कथित तौर पर शामिल पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) के 106 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बताया कि सबसे ज्यादा गिरफ्तारियां केरल (22), महाराष्ट्र (20), कर्नाटक (20), तमिलनाडु (10), असम (9), उत्तर प्रदेश (8), आंध्र प्रदेश (5), मध्य प्रदेश (4), पुडुचेरी (3), दिल्ली (3) और राजस्थान (2) में की गईं। कई राज्यों में पीएफआई के हेड को गिरफ्तार किया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत