1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. आधे रास्ते में मालगाड़ी से अलग हो गए 7 डिब्बे, 1 घंटे बाद वापस लौटा इंजन, पढ़ें हैरान करने वाला मामला

आधे रास्ते में मालगाड़ी से अलग हो गए 7 डिब्बे, 1 घंटे बाद वापस लौटा इंजन, पढ़ें हैरान करने वाला मामला

 Published : Aug 18, 2025 10:40 pm IST,  Updated : Aug 18, 2025 10:40 pm IST

ओडिशा के बालासोर जिले में एक मालगाड़ी के 7 डिब्बे आधे रास्ते में ही अलग हो गए। इंजन को 1 घंटे बाद वापस लौटना पड़ा। आइए जानते हैं इस हैरान कर देने वाले मामले के बारे में।

train coaches separated odisha- India TV Hindi
ओडिशा में मालगाड़ी से अलग हुए 7 डिब्बे। Image Source : REPORTER

ओडिशा के बालासोर जिले में सोमवार को एक बड़ी ही अजीब घटना सामने आई। यहां भद्रक से बालेश्वर की ओर आ रही एक कोयले से लदी मालगाड़ी के 7 डिब्बे अचानक चलती ट्रेन से अलग हो गए। ये पूरी घटना मर्कोना रेलवे स्टेशन के पास हुई। इस घटना के एक घंटे बाद ट्रेन के इंजन को वापस लौटना पड़ा और अलग हुए डिब्बों को वापस से जोड़ना पड़ा। आइए जानते हैं इस पूरी घटना के बारे में।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल,  कोयले से लदी मालगाड़ी बालेश्वर की ओर जा रही थी। तभी मर्कोना स्टेशन के पास अचानक ट्रेन के पीछे लगे 7 डिब्बे अलग होकर पटरी पर ही रुक गए। ट्रेन का इंजन इन अलग हुए डिब्बों के बिना ही आगे बढ़ता चला गया। इस दृश्य को देखकर रेलवे कर्मचारियों और वहां मौजूद स्थानीय लोग भी हैरान रह गए। सबसे राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ और ना ही कोई नुकसान हुआ।

कैसे संभाली गई स्थिति?

डिब्बों के अलग होने के कुछ ही देर बाद रेलवे कर्मचारी हरकत में आ गए और स्थिति को संभाल लिया गया। करीब 1 घंटे के अंदर ट्रेन का इंजन वापस आया, डिब्बों को फिर से जोड़ा गया और मालगाड़ी अपने तय रूट की ओर आगे बढ़ गई। ट्रेन के रुकने और दोबारा जुड़ने की यह पूरी प्रक्रिया बहुत ही संयम और सतर्कता से की गई।

घटना की जांच में क्या पता लगा?

शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है कि डिब्बों को जोड़ने वाले कपलिंग सिस्टम में कोई तकनीकी खराबी आ गई थी जिसकी वजह से यह डिब्बे अलग हो गए। इस तरह की घटनाएं बहुत कम होती हैं, लेकिन यह दिखाता है कि मालगाड़ियों की समय-समय पर जांच और देखभाल कितनी जरूरी है। रेलवे कर्मचारियों की तेज कार्रवाई के कारण इस रूट पर ट्रेन सेवाओं पर ज्यादा असर नहीं पड़ा। किसी भी पैसेंजर ट्रेन को रोकने या डायवर्ट करने की ज़रूरत नहीं पड़ी। (रिपोर्ट: शुभम कुमार)

ये भी पढ़ें- भारत के इस राज्य में अगस्त में 7वीं बार भूकंप से हिली धरती, जानें कितनी रही तीव्रता

हिमाचल में कुदरत का कहर, भारी बारिश के चलते 400 सड़कें हुईं बंद, इन मार्गों से टूटा संपर्क

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत