1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पत्नी को बाइक पर बिठाकर लाड-प्यार करना पति को पड़ा महंगा, स्टंट कर रहा था, कट गया 16 हजार का चालान

पत्नी को बाइक पर बिठाकर लाड-प्यार करना पति को पड़ा महंगा, स्टंट कर रहा था, कट गया 16 हजार का चालान

 Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Jul 29, 2025 11:19 am IST,  Updated : Jul 29, 2025 11:31 am IST

ओडिशा में एक दंपत्ति को बाइक पर बैठकर स्टंट करना भारी पड़ा है। दरअसल रील्स के लाइक्स और व्यूज के चक्कर में पत्नी को टंकी पर बिठाकर पति स्टंट कर रहा था। अब आरटीओ विभाग ने 16 हजार का चालान काट दिया है।

odisha couple Doing stunts by making wife sit on bike tank RTO issued challan of 16 thousand- India TV Hindi
बाइक की टंकी पर बिठाकर स्टंट करना पड़ा भारी Image Source : REPORTER

ओडिशा के कटक के आठगढ़ इलाके में सोशल मीडिया के लिए खतरनाक बाइक स्टंट करने वाले एक दंपत्ति पर RTO ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 16,000 का भारी जुर्माना लगाया है। यह मामला तब सामने आया जब एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक युवक रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल पर अपनी पत्नी को आगे बिठाकर खतरनाक तरीके से बाइक चला रहा था। जानकारी के मुताबिक, यह दंपत्ति इंस्टाग्राम रील्स और यूट्यूब शॉर्ट्स के लिए वीडियो शूट कर रहा था। वीडियो में महिला को बाइक के टैंक पर बैठे हुए देखा जा सकता है, जबकि पुरुष खतरनाक तरीके से बाइक चला रहा था।

वायरल हुआ खतरनाक स्टंट का वीडियो

यह वीडियो वायरल होने के बाद एक जागरूक नागरिक ने तुरंत सोशल मीडिया पर ओडिशा ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट, राज्य के डीजीपी, कटक जिला कलेक्टर और हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट विभाग की प्रधान सचिव उषा पाढ़ी को टैग करते हुए यह वीडियो शेयर किया। वीडियो के साथ ही बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर भी साझा किया गया और जिम्मेदार लोगों से कार्रवाई की मांग की गई। शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए RTO ने इस मामले की जांच शुरू की। जांच में बाइक के मालिक की पहचान मोहन साहू के रूप में हुई। इसके बाद RTO ने नियमों के उल्लंघन पर 16,000 का चालान जारी किया।

आरटीओ विभाग ने काटा 16 हजार का चालान

आरटीओ विभाग ने धारा 184 मोटर व्हीकल एक्ट (खतरनाक ड्राइविंग) के तहत 5,000 का जुर्माना लगाया। धारा 190(2) ध्वनि और वायु प्रदूषण फैलाने पर 10,000 का जुर्माना और 194(D) चालक और सवारी दोनों के हेलमेट न पहनने पर 1,000 का जुर्माना लगाया। बता दें कि सार्वजनिक सड़कों का इस्तेमाल खतरनाक स्टंट और वायरल वीडियो बनाने के लिए करना गंभीर अपराध है। इस घटना ने साबित कर दिया है कि सोशल मीडिया की लाइक्स और व्यूज के चक्कर में कानून तोड़ना भारी पड़ सकता है। सड़क पर स्टंट न सिर्फ अपनी बल्कि दूसरों की जान को भी खतरे में डालता है।

(रिपोर्ट- शुभम कुमार)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत