1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. किराना दुकान में सो रहे बाप-बेटे की जिंदा जलकर मौत, झुलसे हुए मिले शव

किराना दुकान में सो रहे बाप-बेटे की जिंदा जलकर मौत, झुलसे हुए मिले शव

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Mar 15, 2026 11:41 am IST,  Updated : Mar 15, 2026 11:48 am IST

दुकान के अंदर सो रहे पिता और बेटे की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों की पहचान हो चुकी है। दोनों पिता-पुत्र दुकान चलाकर रात के समय यही सो भी जाया करते थे।

दुकान में लगी आग में झुलसकर दो लोगों की मौत- India TV Hindi
दुकान में लगी आग में झुलसकर दो लोगों की मौत Image Source : REPORTER INPUT

ओडिशा के खुर्दा जिले से शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां आग लगने से एक किराना दुकान के अंदर सो रहे पिता और बेटे की जिंदा जलकर मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और सदमे का माहौल बन गया है। मृतकों की पहचान राजेश साहू और उनके बेटे लक्ष्मीधर साहू के रूप में हुई है। दोनों बेगुनिया थाना क्षेत्र के सानपदार गांव के रहने वाले थे। राजेश गांव में एक छोटी किराना दुकान चलाते थे। यही दुकान रात के समय उनका आराम करने का स्थान भी थी।

दुकान के अंदर सो रहे थे

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात पिता और बेटे ने रोज की तरह खाना खाया और दुकान के अंदर ही सोने चले गए। देर रात अचानक दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयानक थी कि दोनों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका और वे अंदर ही फंस गए। गंभीर रूप से झुलसने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी रविवार सुबह तब सामने आई जब गांव के लोगों ने दुकान से धुआं निकलते देखा। पास जाकर जब लोगों ने अंदर देखा तो दुकान पूरी तरह जल चुकी थी और अंदर पिता-पुत्र के जले हुए शव पड़े थे। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बेगुनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को बरामद कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, आग लगने के सही कारण का पता नहीं चल पाया है। पुलिस को शक है कि आग शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य आकस्मिक कारण से लगी हो सकती है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

मृतक के रिश्तेदार ने क्या बताया?

मृतक के रिश्तेदार संजय साहू ने कहा, "हमारे भाई हम अक्सर यहीं रहते थे। कल रात को उन लोगों ने चिकन पकाकर खाया और रात को 11 बजे दुकान आए। मैं रोज सुबह 6 बजे यहां नहाने आता हूं। आज जब आया तो मैंने देखा कि दुकान खुला नहीं है, जबकि 4-5 बजे तक दुकान खुल जाता है। मैंने जब दरवाजा खटखटाया तो किसी ने जवाब नहीं दिया। मुझे जब शक हुआ, तो मैंने एस्बेस्टस को तोड़कर अंदर दाखिल हुआ और देखा कि उनकी मौत हो चुकी है। मृतक मेरे भाई और मेरा भतीजा है। हमें शक है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से ऐसा हुआ होगा। हमें नहीं लगता कि किसी ने द्वेष में आकर ऐसा किया होगा, क्योंकि दुकान हर तरफ से कवर था। कोई कैसे ही ऐसा कर सकता है? बाहर और अंदर के दरवाजे बंद थे, मैंने दो लोगों की उपस्थिति में एस्बेस्टस तोड़ा है। ऐसा तो कोई दुश्मन नहीं है।"

(रिपोर्ट- शुभम कुमार)

ये भी पढ़ें-

भर्ती बोर्ड को CM योगी का निर्देश- "पेपर में न हो जाति, पंथ या सम्प्रदाय पर अमर्यादित टिप्पणी"

उरी में घुसपैठ की बड़ी साजिश नाकाम, एक पाकिस्तानी आतंकी हुआ ढेर, भारी मात्रा में हथियार बरामद

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत