1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दहलाने वाला हादसा, दो ट्रकों की बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर, दोनों ड्राइवरों की जिंदा जलकर मौत

दहलाने वाला हादसा, दो ट्रकों की बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर, दोनों ड्राइवरों की जिंदा जलकर मौत

 Written By: Subhash Kumar
 Published : Oct 26, 2026 03:18 pm IST,  Updated : Oct 26, 2026 03:23 pm IST

ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में दो ट्रेलर ट्रकों के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों चालकों की जिंदा जलकर मौत हो गई है। इस हादसे ने इलाके को दहला कर रख दिया है।

odisha sundargarh road accident- India TV Hindi
दो ट्रकों के बीच भीषण टक्कर। Image Source : REPORTER

ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। लेफ्रिपाड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत अमलाबहाल गांव के पास कोयला परिवहन मार्ग पर दो ट्रेलर ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दोनों ट्रकों के केबिन इसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में दोनों चालकों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों की पहचान बिहार के औरंगाबाद जिले के रहने वाले 35 वर्षीय चंदन कुमार यादव और झारखंड के रहने वाले 37 वर्षीय मंटू यादव के रूप में हुई है।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के अनुसार, कोयले से लदा एक ट्रेलर एमसीएल की खदान से कोयला लेकर परिवहन मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान सामने की तरफ से आ रहे एक खाली ट्रेलर के साथ उसकी टक्कर हो गई। कोयले से लदे ट्रेलर को मंटू यादव चला रहे थे। वहीं, चंदन कुमार यादव भी दूसरे वाहन चला रहे थे । दोनों ट्रेलरों की टक्कर के बाद अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दोनों वाहनों के केबिन इसकी चपेट में आ गए। उस समय दोनों चालक केबिन के अंदर फंस गए और बाहर नहीं निकल सके।

दोनों चालकों की मौत

घटनास्थल पर मौजूद अन्य ट्रक चालकों और सहायकों ने दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन आग की लपटें तेजी से फैलने के कारण वे सफल नहीं हो सके। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को जानकारी दी। इसके बाद दमकलकर्मी और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दोनों चालकों की मौत हो चुकी थी। आपको बता दें कि इससे पहले ओडिशा के संबलपुर जिले में डिवाइडर से स्कॉर्पियो टकरा गई थी जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी और 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

ट्रकों के मलबे से जले हुए शव बरामद

आग बुझने के बाद पुलिस ने दोनों ट्रकों के मलबे से बुरी तरह जले हुए शव बरामद किए। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। कोयले से लदे ट्रेलर के मालिक के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद मंटू यादव की पहचान की गई। लेफ्रिपाड़ा पुलिस ने दोनों जले हुए ट्रेलर वाहनों को जब्त कर लिया है और मामला दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और इसके बाद आग कैसे लगी। (रिपोर्ट: शुभम कुमार)

ये भी पढ़ें- मां की हत्या कर शव को रसोईघर में दफनाया, 57 दिनों तक पुलिस को दिया चकमा, फिर झारखंड से हुआ गिरफ्तार

सांप ने काटा तो जिंदा कोबरा लेकर अस्पताल पहुंच गई युवती, डॉक्टरों-मरीजों में मचा हड़कंप

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।