भुवनेश्वर: जनरल उपेंद्र द्विवेदी अपने तीन दिवसीय ओडिशा दौरे के दौरान शनिवार सुबह श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी पत्नी सुनीता द्विवेदी के साथ भगवान जगन्नाथ के दर्शन किए और देश व सेना के लिए आशीर्वाद मांगा। उनका वीडियो भी सामने आया है।
सुबह-सुबह सेना प्रमुख भुवनेश्वर स्थित 120 बटालियन कैंप से रवाना हुए। इसके बाद वे पुरी के सैनिक सदन पहुंचे और वहां से करीब 7 बजे मंदिर पहुंचे। मंदिर में उन्होंने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और लगभग एक घंटे तक मंदिर परिसर में समय बिताया। इस दौरान उन्होंने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा यानी पवित्र त्रिमूर्ति के दर्शन कर श्रद्धा व्यक्त की।
दर्शन के बाद जनरल द्विवेदी ने कहा कि उन्होंने भारतीय सेना की सफलता और उज्ज्वल भविष्य के लिए भगवान से प्रार्थना की। उन्होंने बताया कि मंदिर में उन्हें गहरी शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि वे हर साल यहां आकर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद लेने की कोशिश करेंगे।
अगला दौरा गोपालपुर
मंदिर दर्शन के बाद उनका अगला कार्यक्रम गोपालपुर का है, जहां वे विशेष विमान से रवाना होंगे। गोपालपुर में स्थित आर्मी एयर डिफेंस कॉलेज का दौरा उनके कार्यक्रम का अहम हिस्सा है। यहां वे प्रशिक्षण व्यवस्था और इंफ्रास्ट्रक्चर का निरीक्षण करेंगे, ताकि सेना की तैयारियों को और मजबूत बनाया जा सके।
इसके अलावा सेना प्रमुख वहां तैनात अधिकारियों और पूर्व सैनिकों से भी मुलाकात करेंगे। उनके कार्यक्रम में फील्ड फायरिंग रेंज में लाइव फायरिंग प्रदर्शन में शामिल होना भी तय है, जिससे वे सेना की कार्यक्षमता और आधुनिक तैयारियों का जायजा लेंगे।
जनरल द्विवेदी का यह दौरा धार्मिक आस्था और सैन्य जिम्मेदारियों का संतुलन दर्शाता है। दौरे के अंत में वे रविवार को नई दिल्ली लौटेंगे। यह यात्रा न केवल आध्यात्मिक रूप से महत्वपूर्ण है, बल्कि सेना की मजबूती और समन्वय को भी दर्शाती है। (रिपोर्ट- ओडिशा से शुभम कुमार)