1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पहलगाम आतंकी हमले का असर, सऊदी अरब का दौरा बीच में छोड़कर भारत लौटे पीएम मोदी

पहलगाम आतंकी हमले का असर, सऊदी अरब का दौरा बीच में छोड़कर भारत लौटे पीएम मोदी

 Reported By: Devendra Parashar Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Apr 22, 2025 11:12 pm IST,  Updated : Apr 23, 2025 07:42 am IST

पहलगाम आतंकी हमले की वजह से प्रधानमंत्री मोदी की विदेश यात्रा पर असर पड़ा है। पीएम मोदी ने सऊदी अरब का दौरा बीच में छोड़ने का फैसला लिया और भारत वापस लौट आए।

PM Modi - India TV Hindi
पीएम मोदी Image Source : PTI/FILE

नई दिल्ली: पहलगाम आतंकी हमले का असर दिखाई देने लगा है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपना विदेश दौरा बीच में ही छोड़ने का फैसला लिया। पीएम ने सऊदी अरब द्वारा आयोजित आधिकारिक रात्रिभोज में भाग नहीं लिया और अपनी यात्रा को छोटा करने का फैसला किया। वे बुधवार सुबह भारत लौट आए। पहले उनका बुधवार रात को वापस लौटने का कार्यक्रम था। इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत दुनिया के तमाम देशों के नेताओं ने इस हमले की निंदा की है। खबर ये भी है कि ट्रंप जल्द ही पीएम मोदी से बात करेंगे।

पहलगाम में क्या हुआ?

जम्मू कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हुई है और कई घायल हैं। इन 26 लोगों में 25 पर्यटक हैं और एक स्थानीय नागरिक है। मरने वालों में भारतीय मूल के 2 विदेशी नागरिकों की भी जान गई है। आतंकियों ने पर्यटकों पर 50 से ज्यादा राउंड फायरिंग की है। हालात का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि खुद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली से श्रीनगर पहुंचे हैं। इस आतंकी हमले को लेकर पीएम मोदी ने अमित शाह से फोन पर भी बात की है।

कैसे हुआ इतना बड़ा हमला?

दोपहर 2.30 बजे 2-3 की संख्या में आतंकी पहुंचे और उन्होंने सैलानियों के आइडेंटिटी कार्ड देखना शुरू किया। इसके बाद उन्होंने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस मौके पर एक सेना अधिकारी भी मौजूद था, जो अपने साथ परिवार को लेकर यहां घूमने आया था। उसने वहां मौजूद लोगों को बचाया और आड़ ली। आतंकवादियों ने लोगों से नाम पूछकर उनकी गोली मारकर हत्या की। ये पूरी घटना जम्मू-कश्मीर के पहलगाम के बैसराणा में घटी। इस आतंकी हमले से देशभर में हड़कंप मच गया है और पीएम मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह समेत देश के तमाम बड़े नेताओं ने इस घटना की निंदा की है।

पहलगाम आतंकी हमले पर पीएम मोदी का बयान भी सामने आया था

पीएम मोदी ने कहा था, 'मैं जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। इस जघन्य कृत्य के पीछे जो लोग हैं, उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। उन्हें बख्शा नहीं जाएगा! उनका नापाक एजेंडा कभी सफल नहीं होगा। आतंकवाद से लड़ने का हमारा संकल्प अडिग है और यह और भी मजबूत होगा।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत