1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. गुरुद्वारे पर पाकिस्तानी सेना ने किया हमला, मनजिंदर सिंह सिरसा बोले- 25 हजार सिख डटकर खड़े रहेंगे

गुरुद्वारे पर पाकिस्तानी सेना ने किया हमला, मनजिंदर सिंह सिरसा बोले- 25 हजार सिख डटकर खड़े रहेंगे

 Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : May 08, 2025 10:38 am IST,  Updated : May 08, 2025 10:38 am IST

पाकिस्तानी सेना द्वारा सीमा पार से निर्दोषों पर फायरिंग की जा रही है और आम नागरिकों को निशाना बनाया जा रहा है। इसे लेकर मनजिंदर सिंह सिरसा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

Pakistani army attacked the Gurudwara Manjinder Singh Sirsa said 25 thousand Sikhs will stand firm- India TV Hindi
मनजिंदर सिंह सिरसा Image Source : PTI

भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर गोलीबारी जारी है। बुधवार को भारतीय सेना ने पाकिस्तान में छिपे 9 आतंकी ठिकानों पर मिसाइल से हमला किया था। इस हमले में 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए, जिसमें आतंकवादी मसूद अजहर के परिवार के भी कई सदस्य और करीबी शामिल थे। इस दौरान भारतीय सेना ने कई मिसाइल दागे, जिसके बाद से पाकिस्तान में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद से भारत-पाकिस्तान सीमा पर पाकिस्तानी सेना द्वारा गोलीबारी और शेलिंग की जा रही है। ऐसे में भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान को उसी भाषा में जवाब दिया जा रहा है। 

मनजिंदर सिंह सिरसा ने पाकिस्तान पर साधा निशाना

इस बीच जम्मू कश्मीर के पुंछ में पाकिस्तानी सेना ने गुरुद्वारे पर हमला किया है। इसे लेकर दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, "मैं पाकिस्तान द्वारा गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा पुंछ पर मिसाइलों से हमला करने की कड़ी निंदा करता हूं। पाकिस्तान इतना कायर है कि वह हमारे नागरिकों पर हमला कर रहा है। जब मैंने गुरुद्वारा के प्रमुख से बात की, तो उन्होंने कहा कि उनमें से हर कोई इस हमले का बदला लेने के लिए उत्सुक है। मैं पाकिस्तान के बदमाशों को बताना चाहता हूं कि मेरी भारत सरकार इस दुष्ट कृत्य का बदला लेगी।"

सिरसा बोले- भारत और पाकिस्तान की सेना की कोई तुलना नहीं

मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, "जम्मू में सिविलियनों को, गुरुद्वारे को निशाना बनाया जा रहा है। ये कमीने लोग हैं। आज सुबह 7 बजे गुरुद्वारे पर हमला किया गया और बेकसूर सिखों को पाकिस्तानी सेना द्वारा मारा जा रहा है। मगर वहां 25 हजार सिख हैं जो डटकर पाकिस्तान के सामने खड़े हैं। जो बेकसूर लोग मारे गए हैं, प्रधानमंत्री इसका बदला जरूर लेंगे। ये वैसा ही है जैसा बेकसूर पर्यटकों को 22 अप्रैल को पहलगाम में मारा गया था। भारत के आर्मी और पाकिस्तान के आर्मी की कोई तुलना नहीं की जा सकती है।" ऑल पार्टी मीटिंग को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी गली मोहल्ले की राजनीति से भी परे चली गई है। कांग्रेस घटिया राजनीति पर उतर आई है।

(रिपोर्ट- अनामिका गौड़)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत