1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ऊना की स्वां नदी में जानलेवा मंजर, मंझधार में फंस गई पिकअप, ग्रामीणों ने बचाई 3 लोगों की जान

ऊना की स्वां नदी में जानलेवा मंजर, मंझधार में फंस गई पिकअप, ग्रामीणों ने बचाई 3 लोगों की जान

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Jul 06, 2026 12:08 pm IST,  Updated : Jul 06, 2026 12:08 pm IST

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में एक पिकअप वैन नदी की बीच मंझधार में फंस गई। इस दौरान पिकअप में सवार लोग मदद की गुहार लगाने लगे। हालांकि ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तीन लोगों की जान बचा ली।

बीच नदी में फंस गई पिकअप।- India TV Hindi
बीच नदी में फंस गई पिकअप। Image Source : REPORTER INPUT

ऊना: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में बारिश की वजह से आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिले के अंब उपमंडल में स्वां नदी में अचानक आई बाढ़ ने एक बार फिर इलाके में स्थायी पुलों की कमी और लोगों की मजबूरी को उजागर कर दिया। इस बीच नंदपुर से कुठेहड़ा की ओर जा रही एक पिकअप गाड़ी तेज बहाव के बीच नदी में फंस गई। गनीमत रही कि स्थानीय ग्रामीणों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए वाहन में सवार तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

तेज बहाव में फंस गई पिकअप

जानकारी के अनुसार, पिकअप स्वां नदी पर बने अस्थायी मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में हुई भारी बारिश के कारण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और तेज बहाव ने कुछ ही पलों में वाहन को चारों ओर से घेर लिया। पिकअप बीच मंझधार में फंस गई और उसमें सवार लोगों की जान पर बन आई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही ग्रामीणों ने वाहन को नदी में फंसा देखा, वे तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंचे। अपनी जान जोखिम में डालते हुए उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में पास के एक क्रेशर उद्योग से पोकलेन/जेसीबी मंगवाकर उफनती नदी के बीच फंसी पिकअप को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

ग्रामीणों ने जताई नाराजगी

घटना के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि घालूबाल से मुबारिकपुर तक स्वां नदी के करीब 40 किलोमीटर लंबे हिस्से में एक भी स्थायी पुल नहीं है। ऐसे में दर्जनों गांवों के लोगों को रोजमर्रा की आवाजाही के लिए अस्थायी पुलों और कच्चे नदी मार्गों पर निर्भर रहना पड़ता है, जो बरसात के दौरान जानलेवा साबित होते हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हर मानसून में उन्हें अपनी जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ता है, लेकिन स्थायी समाधान के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने प्रशासन और सरकार से स्वां नदी पर जल्द स्थायी पुलों के निर्माण की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। (इनपुट- कपिल ठाकुर)

यह भी पढ़ें-

देशभर में मूसलाधार बारिश और बाढ़ से हाहाकार, इन 10 Videos में देखें कहां-कैसे हैं हालात

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत