Thursday, February 26, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 55 साल के हुए राहुल गांधी, PM मोदी ने दी बधाई, जानें बर्थडे विश में क्या लिखा

55 साल के हुए राहुल गांधी, PM मोदी ने दी बधाई, जानें बर्थडे विश में क्या लिखा

Edited By: Khushbu Rawal @khushburawal2 Published : Jun 19, 2025 11:06 am IST, Updated : Jun 19, 2025 11:09 am IST

राहुल गांधी आज अपना 55वां जन्मदिन मना रहे हैं। पीएम मोदी ने कांग्रेस नेता को जन्मदिन पर शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की है।

rahul gandhi pm modi- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।

नई दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज अपना 55वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस नेता को बधाई दी है। पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर लिखा है, ''लोकसभा में विपक्ष के नेता श्री राहुल गांधी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनके दीर्घायु होने और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।''

राहुल गांधी का जन्म 19 जून, 1970 को नई दिल्ली में हुआ था। वह पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की ज्येष्ठ संतान हैं। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश के रायबरेली से लोकसभा सदस्य और नेता प्रतिपक्ष हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष रह चुके हैं राहुल

बता दें कि राहुल गांधी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर रह चुके हैं। राहुल ने अपनी शिक्षा भारत और विदेश दोनों जगह प्राप्त की है। उन्होंने फ्लोरिडा के रोलिन्स कॉलेज से ग्रेजुएशन की पढ़ाई की और कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी के ट्रिनिटी कॉलेज से एम. फिल. की डिग्री हासिल की है। अपनी पढ़ाई के बाद उन्होंने कुछ समय लंदन में एक कंसल्टिंग फर्म, मॉनिटर ग्रुप के साथ काम किया और बाद में भारत आकर मुंबई में एक प्रौद्योगिकी आउटसोर्सिंग कंपनी, बैकॉप्स सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड की स्थापना में मदद की।

राहुल गांधी का सियासी करियर

राहुल गांधी ने 2004 में अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की, जब उन्होंने अपने पिता की पारंपरिक सीट उत्तर प्रदेश की अमेठी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीते। इसके बाद वह 2009 और 2014 में भी अमेठी से सांसद चुने गए। 2007 में उन्हें कांग्रेस महासचिव नियुक्त किया गया। 2013 में वह कांग्रेस के उपाध्यक्ष बने। 2017 में उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष का पद संभाला, लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद उन्होंने पद छोड़ दिया।

2019 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी अमेठी सीट से स्मृति ईरानी से हार गए, लेकिन उन्होंने केरल के वायनाड से भी चुनाव लड़ा था और वहां से जीत हासिल की थी। इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट और केरल की वायनाड सीट दोनों से जीत हासिल की। उन्होंने रायबरेली सीट को बरकरार रखने का फैसला किया। वायनाड सीट से उनकी बहन और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा सांसद हैं।

खरगे समेत कई नेताओं ने दी जन्मदिन की बधाई 

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के कई अन्य नेताओं ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को गुरुवार को उनके जन्मदिन के अवसर पर बधाई देते हुए कहा कि वह शोषितों, वंचितों, दलितों, आदिवासियों तथा पिछड़ों के लिए सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ने वाले एक ऐसे नेता हैं जिनकी आज देश को जरूरत है।

खरगे ने सोशल मीडिया मंच X पर लिखा, ‘‘राहुल गांधी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। जो चीज आपको अलग करती है वह संविधान के मूल्यों के प्रति आपका अप्रतिम समर्पण और उन लाखों लोगों की खातिर सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक न्याय के प्रति आपका गहरा लगाव है जिनकी आवाजें अक्सर अनसुनी कर दी जाती हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आपके कार्य कांग्रेस पार्टी की विविधता में एकता, सद्भाव और करुणा की विचारधारा को लगातार दर्शाते हैं। आप सच्चाई को सत्ता तक पहुंचाने और वंचितों का समर्थन करने के अपने मिशन को जारी रखे हैं। मैं आपके लंबे, स्वस्थ और खुशहाल जीवन की कामना करता हूं।’’

केसी वेणुगोपाल ने क्या लिखा?

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने X पर लिखा, ‘‘मैं पूरे कांग्रेस परिवार और देश भर के लाखों लोगों के साथ हमारे प्रिय नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को शुभकामनाएं देता हूं। राहुल गांधी जी को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।’’ उन्होंने राहुल गांधी की प्रशंसा करते हुए कहा कि ‘‘फासीवादियों’’ से बिना किसी डर के मुकाबला करने का साहस, नफरत पर प्यार की जीत का संदेश और देश के गरीबों, हाशिये पर पड़े लोगों एवं पिछड़ों के लिए दूरदर्शी दृष्टि उन्हें वह नेता बनाती है जिसकी इस मुश्किल दौर में देश को जरूरत है। वेणुगोपाल ने कहा कि ऐतिहासिक ‘भारत जोड़ो यात्रा’ और ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ ने आर्थिक और सामाजिक अन्याय के बोझ तले दबे लाखों लोगों के दिलों में आशा जगाई और सच्चा सामाजिक परिवर्तन लाने के प्रति राहुल गांधी का समर्पण एक ऐसा मार्ग है जिस पर उनके विरोधी भी चलने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी आपके उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हैं और आपके मिशन का हिस्सा बनने के लिए उत्सुक हैं।’’

अशोक गहलोत ने क्या कहा?

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि वह शोषितों, वंचितों, दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और सामान्य वर्ग के गरीबों के अधिकारों के लिए जिस हद तक लड़ रहे हैं वह सच्चा सामाजिक न्याय है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं आशा करता हूं कि पूरे देश में शांति एवं प्रेम का आपका संदेश तथा संविधान एवं लोकतंत्र की रक्षा के लिए दृढ़ संकल्प के साथ किए जा रहे आपके प्रयास सफल होंगे।’’ गहलोत ने कहा, ‘‘अब समय आ गया है कि आप आगे बढ़ें और देश का नेतृत्व करें, लोकतंत्र को मजबूत करें और संविधान की रक्षा करें।" (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

राहुल गांधी के 55वें बर्थडे पर युवाओं को रोजगार का तोहफा, देश भर की 161 कंपनियां देंगी नौकरी

'ECI का अच्छा कदम, लेकिन कब तक मिलेगा डाटा', राहुल गांधी ने चुनाव आयोग से फिर पूछा सवाल

Latest India News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत

Advertisement
Advertisement
Advertisement