1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. राहुल गांधी के 55वें बर्थडे पर युवाओं को रोजगार का तोहफा, देश भर की 161 कंपनियां देंगी नौकरी

राहुल गांधी के 55वें बर्थडे पर युवाओं को रोजगार का तोहफा, देश भर की 161 कंपनियां देंगी नौकरी

 Reported By: Vijai Laxmi Edited By: Malaika Imam
 Published : Jun 18, 2025 09:57 pm IST,  Updated : Jun 18, 2025 10:08 pm IST

राहुल गांधी के 55वें जन्मदिन के मौके पर भारतीय युवा कांग्रेस रोजगार मेले का आयोजन करेगी, जिसमें देश की कई जानी मानी कंपनियां शामिल होंगी।

राहुल गांधी- India TV Hindi
राहुल गांधी Image Source : PTI

नई दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और रायबरेली सांसद राहुल गांधी 19 जून को अपना 55वां जन्मदिन मनाएंगे। इस मौके पर भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) तालकटोरा स्टेडियम में एक विशाल रोजगार मेले का आयोजन करेगी। युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानू छिब ने बताया कि इस मेले का आयोजन कर युवा कांग्रेस, युवाओं को सिर्फ रोजगार नहीं, बल्कि उम्मीद, सम्मान और एक बेहतर भविष्य देने का प्रयास कर रही है।

ऑन स्पॉट मिलेगा ऑफर लेटर

इस रोजगार मेले में देश भर से कुल 161 कंपनियां हिस्सा लेंगी। ये कंपनियां वॉक-इन इंटरव्यू के जरिए इंटरव्यू में सफल हुए उम्मीदवारों को ऑन स्पॉट ऑफर लेटर उन्हें देंगी। इस रोजगार मेले के लिए रजिस्ट्रेशन पूरी तरह से फ्री रखा गया है और अब तक 11,000 से अधिक उम्मीदवार अपना पंजीकरण करवा चुके हैं। इस आयोजन में देश की कई जानी-मानी कंपनियां भी शामिल होंगी।

कांग्रेस अध्यक्ष रह चुके हैं राहुल

बता दें कि राहुल गांधी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर रह चुके हैं। राहुल गांधी का जन्म 19 जून 1970 को नई दिल्ली में हुआ था। वह भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के बेटे और भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के नाती हैं। राहुल गांधी ने अपनी शिक्षा भारत और विदेश दोनों जगह प्राप्त की है। उन्होंने फ्लोरिडा के रोलिन्स कॉलेज से ग्रेजुएशन की पढ़ाई की और कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी के ट्रिनिटी कॉलेज से एम. फिल. की डिग्री हासिल की है। अपनी पढ़ाई के बाद उन्होंने कुछ समय लंदन में एक कंसल्टिंग फर्म, मॉनिटर ग्रुप के साथ काम किया और बाद में भारत आकर मुंबई में एक प्रौद्योगिकी आउटसोर्सिंग कंपनी, बैकॉप्स सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड की स्थापना में मदद की।

राहुल गांधी का सियासी करियर

राहुल गांधी ने 2004 में अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की, जब उन्होंने अपने पिता की पारंपरिक सीट उत्तर प्रदेश की अमेठी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीते। इसके बाद वह 2009 और 2014 में भी अमेठी से सांसद चुने गए। 2007 में उन्हें कांग्रेस महासचिव नियुक्त किया गया। 2013 में वह कांग्रेस के उपाध्यक्ष बने। 2017 में उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष का पद संभाला, लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद उन्होंने पद छोड़ दिया।

2019 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी अमेठी सीट से स्मृति ईरानी से हार गए, लेकिन उन्होंने केरल के वायनाड से भी चुनाव लड़ा था और वहां से जीत हासिल की थी। इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट और केरल की वायनाड सीट दोनों से जीत हासिल की। उन्होंने रायबरेली सीट को बरकरार रखने का फैसला किया। वायनाड सीट से उनकी बहन और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा सांसद हैं।

ये भी पढ़ें-

हनीमून हत्याकांड: सोनम ने कहां छुपाए हैं राजा रघुवंशी के गहने? पुलिस ने बताया

कांग्रेस के 2 विधायक समेत 9 लोगों को हुई सजा, 11 साल पुराने मामले में फैसला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत