1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 'पीएम मोदी अमेरिकी साझेदारी को देते हैं बहुत महत्व ', डोनाल्ड ट्रंप के सुर बदलने पर बोले विदेश मंत्री एस जयशंकर

'पीएम मोदी अमेरिकी साझेदारी को देते हैं बहुत महत्व ', डोनाल्ड ट्रंप के सुर बदलने पर बोले विदेश मंत्री एस जयशंकर

 Published : Sep 06, 2025 03:42 pm IST,  Updated : Sep 06, 2025 03:50 pm IST

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी को ग्रेट प्रधानमंत्री और अपना दोस्त बताया है। इस पर पीएम मोदी ने प्रतिक्रिया दी है। साथ ही विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी इस मामले में अपना बयान जारी किया है।

विदेश मंत्री एस जयशंकर- India TV Hindi
विदेश मंत्री एस जयशंकर Image Source : ANI

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच व्यक्तिगत रूप से मजबूत संबंध हैं। दोनों नेताओं के बीच सार्वजनिक रूप से गर्मजोशी भरे शब्दों का आदान-प्रदान हुआ है। ये तब हुआ जब दोनों देशों के बीच व्यापारिक तनाव बढ़ा हुआ है।

पीएम मोदी के ट्रंप के साथ व्यकिगत बहुत अच्छे संबंध

समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए, जयशंकर ने वाशिंगटन के साथ मजबूत संबंध बनाए रखने की प्रधानमंत्री मोदी की प्रतिबद्धता पर जोर डाला। जयशंकर ने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका के साथ हमारी साझेदारी को बहुत महत्व देते हैं। जहां तक राष्ट्रपति ट्रंप की बात है, उनके और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच हमेशा से बहुत अच्छे व्यक्तिगत संबंध रहे हैं।'

हम अमेरिका के साथ बातचीत जारी रखेंगे- जयशंकर

हालांकि, उन्होंने विशिष्ट घटनाक्रमों पर टिप्पणी करने से परहेज किया, लेकिन उन्होंने कहा, 'हम अमेरिका के साथ बातचीत जारी रखेंगे और इस समय मैं इससे ज्यादा कुछ नहीं कह सकता।'

ट्रंप ने पीएम मोदी को ग्रेट प्रधानमंत्री बताया

 वाशिंगटन में पत्रकारों को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को एक ग्रेट प्रधानमंत्री और दोस्त बताया। ट्रंप ने कहा कि हालांकि वे भारत के कुछ हालिया कदमों से असहमत हैं फिर भी भारत-अमेरिका संबंध विशेष बने हुए हैं।

हमेशा बना रहूंगा दोस्त- ट्रंप

ट्रंप ने कहा, 'मैं मोदी का हमेशा दोस्त रहूंगा, वह महान हैं। मुझे बस इस समय वह जो कर रहे हैं, वह पसंद नहीं आ रहा है, लेकिन चिंता की कोई बात नहीं है।' इस पर प्रतिक्रिया देते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर अपनी भावनाओं का इजहार किया।

पीएम मोदी ने ट्रंप के बयान पर दी प्रतिक्रिया

उन्होंने लिखा, 'राष्ट्रपति ट्रंप की भावनाओं और हमारे संबंधों के सकारात्मक मूल्यांकन की मैं तहे दिल से सराहना करता हूं और पूरी तरह से उनका समर्थन करता हूं। भारत और अमेरिका के बीच एक बहुत ही सकारात्मक और दूरदर्शी व्यापक और वैश्विक रणनीतिक साझेदारी है।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत