1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. PM Modi Birthday: जन्मदिन पर मिली शुभकामनाओं से गदगद हुए पीएम मोदी, कहा- आपकी बधाई से और अधिक मेहनत से काम करने की शक्ति मिलती है

PM Modi Birthday: जन्मदिन पर मिली शुभकामनाओं से गदगद हुए पीएम मोदी, कहा- आपकी बधाई से और अधिक मेहनत से काम करने की शक्ति मिलती है

 Edited By: Pankaj Yadav
 Published : Sep 17, 2022 11:04 pm IST,  Updated : Sep 17, 2022 11:32 pm IST

PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री मोदी ने जन्मदिन के अवसर पर लोगों और विभिन्न संस्थाओं द्वारा किए गए सेवा कार्यों का उल्लेख किया और उन्हें उनके शानदार प्रयासों के लिए सलाम किया।

Narendra Modi- India TV Hindi
Narendra Modi Image Source : ANI

Highlights

  • मोदी ने जन्मदिन पर मिले शुभकामनाओं के लिए आभार जताया
  • पीएम मोदी के जन्मदिन पर लगा बधाईओं का तांता
  • विपक्ष के नेताओं भी मोदी को उनके जन्मदिन पर बधाई दी

PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि उनके जन्मदिन पर उन्हें मिली शुभकामनाओं से वह अभिभूत हैं। साथ ही, उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जब लोग सामूहिक रूप से कार्य करेंगे, तब भारत सतत और समावेशी विकास के अपने लक्ष्य को हासिल कर लेगा। 

मोदी ने ट्वीट में कहा, ‘‘आज का दिन मैंने अर्थव्यवस्था, समाज और पर्यावरण पर कार्यक्रमों में शामिल होकर बिताया। मेरा मानना है कि जब हम इन क्षेत्रों में सामूहिक कार्य करेंगे, हम सतत और समावेशी विकास के अपने लक्ष्य को प्राप्त कर लेंगे। आने वाले समय में हम कड़ी से कड़ी मेहनत करेंगे।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि उन सभी को धन्यवाद, जिन्होंने उन्हें उनके 72वें जन्म दिन पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि लोगों की शुभकामनाओं से उन्हें और अधिक मेहनत से काम करने की शक्ति मिली है। 

उन्होंने कहा, ‘‘मैं उन सभी लोगों की सराहना करता हूं जिन्होंने आज का दिन विभिन्न सामुदायिक सेवाओं के लिए समर्पित किया। उनके संकल्प सराहनीय हैं।’’ मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ सहित अन्य का भी ट्विटर पर अलग से आभार जताया। इसके अलावा, उन्होंने विदेशी नेताओं को भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने ट्विटर पर उन्हें शुभकामनाएं दी थी। मोदी ने अपने जन्म दिन पर शनिवार को चार कार्यक्रमों को संबोधित किया, जिनमें वन्य जीव सहित विविध क्षेत्र शामिल थे।

पीएम मोदी के जन्मदिन पर लगा बधाईओं का तांता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को 72 साल के हो गए और इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ जैसे गणमान्य व्यक्तियों समेत कई नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा ‘‘मजबूत एवं आत्मनिर्भर’’ भारत बनाने में उनके योगदान की सराहना की।


भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने 15 दिवसीय ‘सेवा’ अभियान की शुरुआत की। उन्होंने यहां पार्टी मुख्यालय में प्रधानमंत्री के जीवन पर आधारित एक प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मोदी को बधाई देते हुए कहा कि उनकी अतुलनीय कड़ी मेहनत, समर्पण और रचनात्मकता के तहत राष्ट्र निर्माण का कार्य निरंतर आगे बढ़ रहा है। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए कहा कि उनकी परिवर्तनकारी दृष्टि और प्रेरणादायक नेतृत्व ने भारत को गौरव की नयी ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। मोदी के मंत्रिमंडल में शामिल उनके सहकर्मियों ने उनके नेतृत्व और प्रशासनिक कौशल का उल्लेख किया। 

अमित शाह ने प्रधानमंत्री को भारतीय संस्कृति का ध्वजवाहक बताया

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री को भारतीय संस्कृति का ध्वजवाहक बताते हुए उनकी प्रशंसा की और कहा कि उन्होंने देश को उसकी जड़ों से जोड़ने के साथ ही उसे हर क्षेत्र में आगे बढ़ाया है। शाह ने कहा कि मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत एक विश्व शक्ति के रूप में उभरा है और उन्होंने खुद को एक वैश्विक नेता के रूप में स्थापित किया है, जिनका दुनिया में सम्मान है। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री एक सुरक्षित, मजबूत और ‘आत्मनिर्भर’ नए भारत के निर्माता हैं तथा उनका जीवन सेवा एवं समर्पण का प्रतीक है। 

विपक्ष के नेताओं ने भी पीएम को बधाई दी

कांग्रेस के राहुल गांधी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के शरद पवार, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के तेजस्वी यादव समेत अन्य विपक्षी नेताओं ने भी उन्हें बधाई दी। हालांकि, कांग्रेस ने शनिवार को दावा किया कि बेरोजगारी की भयावह स्थिति के कारण आज देश के युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन ‘राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस’ के रूप में मना रहे हैं, जो दुख की बात है। मुख्य विपक्षी दल ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई भी दी और उनके दीर्घायु होने की कामना की। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट किया, ‘‘प्रधानमंत्री के खिलाफ हमारी वैचारिक और राजनीतिक लड़ाई जारी है। हमारे खिलाफ उनका निजी प्रतिशोध तेज हो हो गया है। इसके बावजूद हम अपने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 72वें जन्मदिवस की बधाई देते हैं।’’ 

विदेश की शीर्ष हस्तियों ने भी दी बधाई

प्रधानमंत्री को बधाई देने वाले नेताओं में नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा भी शामिल रहे। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘जन्मदिन के अवसर पर आपके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करता हूं। श्री पशुपतिनाथ हमेशा आपकी रक्षा करें।" तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 72वें जन्मदिन पर बधाई दी और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। मोदी को लिखे पत्र में दलाई लामा ने कोरोना वायरस महामारी से उत्पन्न चुनौतियों का सामना करने में भारत के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा, ‘‘भारत में सबसे लंबे समय तक रहने वाले अतिथि के रूप में, मैंने इसके विकास को प्रत्यक्ष रूप से देखा है। अब देश एक उभरती हुई आर्थिक शक्ति है और विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भी अग्रणी है।’’ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत