Highlights
- PM मोदी ने सीसीएस बैठक की अध्यक्षता की
- यूक्रेन संकट के बीच भारत की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा
- प्रधानमंत्री ने यूक्रेन में मारे गए नवीन के पार्थिव शरीर को लाने का निर्देश दिया
नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की सुरक्षा तैयारियों और यूक्रेन में जारी युद्ध के संदर्भ में मौजूदा वैश्विक परिदृश्य की समीक्षा के लिए सुरक्षा मामलों की मंत्रिमंडल समिति (सीसीएस) की बैठक की रविवार को अध्यक्षता की। एक आधिकारिक वक्तव्य में कहा गया कि बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को सीमावर्ती क्षेत्रों के साथ-साथ समुद्री और हवाई क्षेत्र में भारत की सुरक्षा तैयारियों संबंधी प्रगति और विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।
Related Stories
बयान में कहा गया, ‘‘प्रधानमंत्री को यूक्रेन से भारतीय नागरिकों के साथ ही पड़ोसी देशों के कुछ नागरिकों को निकालने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन गंगा’ समेत यूक्रेन में हालिया घटनाक्रम की भी जानकारी दी गई।’’ प्रधानमंत्री मोदी ने खारकीव में जान गंवाने वाले नवीन शेखरप्पा के पार्थिव शरीर को स्वदेश लाने के लिए हर संभव प्रयास करने के निर्देश दिए। भारतीय छात्र शेखरप्पा यूक्रेन में पढ़ायी कर रहा था और यूक्रेन पर रूसी आक्रमण के बाद गोलाबारी में उसकी मृत्यु हो गई थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अधिकारियों को यूक्रेन से नवीन शेखरप्पा के पार्थिव शरीर को वापस लाने के लिए हर संभव प्रयास करने का निर्देश दिया। भारत ने युद्धग्रस्त देश से ऑपरेशन गंगा के तहत फंसे छात्रों समेत अपने अधिकतर नागरिकों को बाहर निकाल लिया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और विदेश मंत्री एस.जयशंकर भी इस बैठक में शामिल हुए। साथ ही राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया।
बता दें कि, रूस द्वारा 24 फरवरी को यूक्रेन के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू करने के बाद से प्रधानमंत्री मोदी ने कैबिनेट के वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों के साथ कई उच्च-स्तरीय बैठकों की अध्यक्षता की है और भारत ने छात्रों सहित फंसे हुए भारतीय नागरिकों को एयरलिफ्ट करने के लिए 'ऑपरेशन गंगा' नामक एक बड़े पैमाने पर निकासी मिशन शुरू किया है। अब तक, सरकार युद्धग्रस्त देश से 20,000 से अधिक भारतीयों को यूक्रेन के पड़ोसी देशों के माध्यम से वापस ला चुकी है।