1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 'भारत न डरता है, न रुकता है', शहीदी दिवस कार्यक्रम में बोले पीएम मोदी, खास सिक्का और डाक टिकट जारी किया

'भारत न डरता है, न रुकता है', शहीदी दिवस कार्यक्रम में बोले पीएम मोदी, खास सिक्का और डाक टिकट जारी किया

 Published : Nov 25, 2025 06:09 pm IST,  Updated : Nov 25, 2025 09:37 pm IST

उन्होंने गुरु तेग बहादुर जी के जीवन के आदर्शों को अपनाने की अपील की और उनकी वीरता तारीफ की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भारत न डरता है और न रुकता है।

PM Modi- India TV Hindi
गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस कार्यक्रम में पीएम मोदी Image Source : ANI

कुरुक्षेत्र: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुरुक्षेत्र में आयोजित गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के समागम कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने गुरु तेग बहादुर जी के जीवन के आदर्शों को अपनाने की अपील की और उनकी वीरता का उल्लेख किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भारत न डरता है और न रुकता है। PM मोदी ने गुरु तेग बहादुर की 350वीं शहादत की सालगिरह पर खास सिक्का और यादगार डाक टिकट जारी किया।

पीएम मोदी ने कहा कि गुरु साहब ने ही सिखाया है कि न हम किसी को डराएं और न किसी से डरकर रहें। आज भारत इसी सिद्धांत पर चलता है। हम शांति चाहते हैं लेकिन अपनी सुरक्षा से समझौता नहीं करते। ऑपरेशन सिंदूर इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। नया भारत न डरता है, न रुकता है न आतंकवाद के खिलाफ झुकता है।

गुरु तेग बहादुर जी ने वीरता का आदर्श स्थापित किया

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा,' मुगल आक्रांताओं के उस काल में गुरू साहब ने वीरता का आदर्श स्थापित किया था। मुगल आक्रांताओं के उस काल में कश्मीरी हिंदुओं का जबरन धर्मांतरण किया जा रहा था। इस संकट के बीच पीड़ितों के एक दल ने गुरू साहब से सहयोग मांगा। तब गुरू महाराज ने उन सभी पीड़ितों से कहा था कि आप सभी औरंगजेब को साफ-साफ कह दें कि यदि गुरू तेग बहादुर ने इस्लाम कुबूल कर लिया तो आप सब भी इस्लाम कुबूल कर लेंगे। इन वाक्यों में उनकी निडरता और पराकाष्ठा थी। उन्होंने कभी धर्म और सिद्धांतों से समझौता नहीं किया था।'

प्रधानमंत्री ने कहा कि कुरुक्षेत्र की इसी धरती पर खड़े होकर भगवान श्री कृष्ण ने सत्य और न्याय की रक्षा को सबसे बड़ा धर्म बताया था। कुरुक्षेत्र की यह पवित्र भूमि सिख परंपरा का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। सिख परंपरा के लगभग सभी गुरू अपनी पावन यात्रा के दौरान यहां आए थे।

कर्तव्य और धर्म का मार्ग नहीं छोड़ा

पीएम मोदी ने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी जैसे व्यक्तित्व इतिहास में विरले ही होते हैं। उनका जीवन, उनका त्याग, उनका चरित्र बहुत बड़ी प्रेरणा है। वीर साहिबजादों ने दीवार में चुना जाना स्वीकार किया लेकिन अपने कर्तव्य और धर्म का मार्ग नहीं छोड़ा।

गुरुजनों की गौरवशाली परंपरा हमारा आदर्श 

पीएम मोदी ने कहा कि हमारी सरकार ने गुरुओं के हर तीर्थ को आधुनिक भारत के स्वरूप से जोड़ने का प्रयास किया है। करतारपुर कॉरिडोर का काम पूरा कराना हो, हेमकुंड साहिब में रोप वे प्रोजेक्ट का निर्माण करना हो, आनंदपुर साहिब में विरासत-ए-खालसा संग्रहालय का विस्तार हो, हमने गुरुजनों की गौरवशाली परंपरा को अपना आदर्श मानकर इन सारे कामों को पूरी श्रद्धा से पूरा करने का प्रयास किया है।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत