1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कतर के अमीर से की फोन पर बात, पूर्व अमीर के निधन पर जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कतर के अमीर से की फोन पर बात, पूर्व अमीर के निधन पर जताया दुख

 Published : Jul 16, 2026 11:25 pm IST,  Updated : Jul 16, 2026 11:33 pm IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त शाही परिवार और कतर की जनता के प्रति संवेदना जताई। पीएम मोदी ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी- India TV Hindi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी Image Source : PTI

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमाद अल थानी से फोन पर बात की। पीएम मोदी ने पूर्व अमीर शेख हमाद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि दिवंगत नेता की स्थायी विरासत दोनों देशों को रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में मार्गदर्शन करती रहेगी। 

74 साल की उम्र में हुआ निधन

पूर्व अमीर का 12 जुलाई को 74 साल की उम्र में निधन हो गया था। उनके निधन के बाद केंद्र सरकार ने सम्मान के तौर पर 13 जुलाई को एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की थी। पूरे देश में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका दिया गया था। 

पीएम मोदी ने गहरी संवेदना व्यक्त की

पीएम मोदी ने कतर के अमीर, महामहिम शेख तमीम बिन हमद अल थानी से बात की और पूर्व अमीर महामहिम शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। 

रणनीतिक साझेदारी पर भी हुई बात

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'भारत के प्रति उनके गहरे लगाव, कतर में भारतीय समुदाय के लिए उनके स्नेह और भारत-कतर संबंधों के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को याद किया। उनकी स्थायी विरासत हमारे दोनों देशों का मार्गदर्शन करती रहेगी, क्योंकि हम अपनी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत कर रहे हैं।'

सरकार की तरफ से शोक संदेश लेकर पहुंचे थे किरेन रिजिजू

केंद्र सरकार ने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू को कतर के अमीर के पिता के निधन पर भारत सरकार और भारत के लोगों की ओर से शोक संदेश पहुंचाने के लिए भेजा था। संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री रीजीजू 14 जुलाई को भारत की ओर से शोक व्यक्त करने दोहा गए। 

पीएम मोदी ने बताया था दूरदर्शी नेता

पूर्व अमीर ने 2013 में पद छोड़ने से पहले 18 साल तक कतर पर शासन किया था। इससे पहले पीएम मोदी ने शोक व्यक्त करते हुए पूर्व अमीर को 'एक दूरदर्शी नेता' बताया था, जिन्होंने कतर को विकास और समृद्धि की ऊंचाई तक पहुंचाया। फरवरी 2024 में कतर की अपनी यात्रा के दौरान उनसे हुई मुलाकात को याद किया था।

ये भी पढ़ें: 

PM मोदी का न्यूजीलैंड में भारतीय समुदाय के बीच जोशीला भाषण, खेल से लेकर संस्कृति तक पर जमकर बोले, मफलर की कहानी भी सुनाई

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत