1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मछुआरे को लगा कि जाल में मछली फंसी है लेकिन वो निकला अजगर, हालत हुई खराब तो वन विभाग को दी जानकारी

मछुआरे को लगा कि जाल में मछली फंसी है लेकिन वो निकला अजगर, हालत हुई खराब तो वन विभाग को दी जानकारी

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Sep 09, 2026 03:01 pm IST,  Updated : Sep 09, 2026 03:01 pm IST

ओडिशा के बालासोर में एक मछुआरा उस समय दंग रह गया, जब उसके जाल में मछली की जगह अजगर फंस गया। अजगर को देखने के लिए मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

Python- India TV Hindi
अजगर का वजन करीब 15 किलो निकला Image Source : REPORTER INPUT

बालासोर: ओडिशा के बालासोर जिले में मछली पकड़ने के दौरान एक मछुआरे के जाल में अजगर फंस गया। अजगर को जाल में देखकर मछुआरा हैरान रह गया। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अजगर को सुरक्षित रूप से जाल से बाहर निकाला।

यह घटना बालासोर जिले के जलेश्वर ब्लॉक के ओलमारा गांव की मकड़िया पंचायत के बरहमपुर इलाके की बताई जा रही है। बताया गया कि सुबर्नरेखा नदी में बाढ़ के बाद पानी छोड़े जाने के बाद आसपास के लोग मछली पकड़ने के लिए नदी में जाल डाल रहे थे।

इसी दौरान एक मछुआरे ने अपने जाल में एक अजगर को फंसा हुआ देखा। अचानक जाल में अजगर मिलने से मछुआरा घबरा गया और उसने इसकी सूचना संबंधित लोगों को दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद रायबनिया फॉरेस्ट डिपार्टमेंट की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग के कर्मचारियों ने सावधानी से अजगर को जाल से बाहर निकाला और उसे सुरक्षित किया।

15 किलो निकला अजगर का वजन

अजगर को देखने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में लोग भी जमा हो गए। देखते ही देखते वहां सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई।

रेस्क्यू किए गए अजगर को स्वास्थ्य जांच के लिए पास के जानवरों के अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि अजगर का वजन करीब 15 किलोग्राम था। वहीं अजगर की लंबाई करीब 5 मीटर बताई जा रही है।

स्वास्थ्य जांच के बाद वन विभाग ने अजगर को सुरक्षित तरीके से उसके प्राकृतिक वातावरण में वापस छोड़ने का फैसला किया। इसके बाद अजगर को पास के अहमपाड़ा जंगल में ले जाकर छोड़ दिया गया।

इस तरह मछुआरे के जाल में फंसे अजगर को समय रहते वन विभाग ने सुरक्षित रेस्क्यू किया और स्वास्थ्य जांच के बाद उसे वापस जंगल में छोड़ दिया गया।

अजगर कितना खतरनाक होता है?

अजगर जहरीला नहीं होता, लेकिन अपने आकार और ताकत के कारण खतरनाक साबित हो सकता है। वह सांपों की तरह इंसानों को काटते नहीं हैं बल्कि वह अपने शिकार को जकड़कर मारते हैं। अजगर के जकड़ने से उनके शिकार का दम घुट जाता है या फिर हड्डियां टूट जाती हैं। 

बता दें कि इससे पहले मुंबई में कार की बोनट में विशालकाय अजगर बैठा मिला था। इसका VIDEO भी सामने आया है। (रिपोर्ट- ओडिशा से शुभम कुमार)

ये भी पढ़ें-

मुंगेर के अस्पताल में निकला विशालकाय अजगर, मरीजों में मचा हड़कंप; सामने आया VIDEO

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत