1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. "राहुल गांधी ने मुझे धक्का दिया, तब मैं 11 हफ्ते की प्रेग्नेंट थी", महिला पत्रकार ने लगाए आरोप, दिल्ली पुलिस से की शिकायत

"राहुल गांधी ने मुझे धक्का दिया, तब मैं 11 हफ्ते की प्रेग्नेंट थी", महिला पत्रकार ने लगाए आरोप, दिल्ली पुलिस से की शिकायत

 Reported By: Abhay Parashar,  Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Oct 17, 2026 11:37 pm IST,  Updated : Oct 17, 2026 11:37 pm IST

कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर एक महिला पत्रकार ने आरोप लगाए हैं कि 12 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट परिसर में राहुल ने उन्हें धक्का दिया। महिला पत्रकार ने इस मामले में दिल्ली पुलिस से शिकायत भी की है।

female journalist- India TV Hindi
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर एक महिला पत्रकार ने आरोप लगाए Image Source : REPORTER INPUT

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। एक महिला पत्रकार ने राहुल गांधी के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत की है। महिला पत्रकार का आरोप है, "12 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट परिसर में राहुल गांधी ने मुझे धक्का दिया।"

महिला पत्रकार के मुताबिक, घटना के दौरान वह करीब 11 सप्ताह की गर्भवती थीं। शिकायत में दावा किया गया कि धक्का लगने से उनका संतुलन बिगड़ा और वह गिर गईं, जिससे उनके हाथों में चोट आई। महिला पत्रकार ने पेट के निचले हिस्से में दर्द होने के बाद सर गंगा राम अस्पताल में इलाज कराने की बात कही।

राहुल के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग

इस मामले में राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की गई है। महिला पत्रकार ने दिल्ली पुलिस को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दी है। महिला पत्रकार ऋचा पराशर ने संसद मार्ग के DCP को इस मामले में शिकायत दी है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 12 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट परिसर में राहुल गांधी ने उन्हें धक्का दिया। शिकायत के अनुसार, 13 अक्टूबर को उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया और जांच के बाद दवाइयों के साथ छुट्टी दी गई।

शिकायतकर्ता ने राहुल गांधी और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 115(2), 131, 125 और 3(5) के तहत FIR दर्ज करने की मांग की। महिला पत्रकार ने मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की मांग की है।

सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी को नारेबाजी और हंगामे को लेकर लगाई थी फटकार

गौरतलब है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी गठबंधन के अन्य नेता जब सुप्रीम कोर्ट परिसर पहुंचे और इस दौरान नारेबाजी और कथित हंगामे की बात सामने आई तो इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी को फटकार लगाई और नोटिस जारी किया। CJI सूर्यकांत ने राहुल गांधी के सुप्रीम कोर्ट मार्च का जिक्र करते हुए कहा, "न्यायपालिका को कोई धमका नहीं सकता।" 

बता दें कि राहुल गांधी बीते कुछ समय से लगातार सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं और CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। 

ये भी पढ़ें-

'राहुल गांधी विदेशी टूलकिट गैंग के मोहरे', BJP अध्यक्ष नितिन नवीन का बड़ा बयान; बैलेट पेपर पर भी घेरा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।