1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली-NCR में बारिश से मौसम हुआ कूल-कूल, कई जगहों पर जलभराव; अब इन राज्यों में भी बरसेंगे बदरा

दिल्ली-NCR में बारिश से मौसम हुआ कूल-कूल, कई जगहों पर जलभराव; अब इन राज्यों में भी बरसेंगे बदरा

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Jun 28, 2024 06:29 am IST,  Updated : Jun 28, 2024 07:16 am IST

तेज बारिश के चलते दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति हो गई। शुक्रवार सुबह हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिल गई है।

दिल्ली-NCR में बारिश- India TV Hindi
दिल्ली-NCR में बारिश Image Source : PTI

राजधानी दिल्ली-NCR में शुक्रवार सुबह झमाझम बारिश हुई। करीब आधे घंटे हुई बारिश से दिल्ली-NCR का मौसम सुहाना हो गया। जलती-तपती गर्मी से लोगों को काफी राहत मिल गई है। देर रात से ही आसमान में काले बादल छाए हुए थे। ठंडी हवाएं भी चल रही थीं। देर रात से हल्की बारिश हो रही थी। शुक्रवार सुबह 5:30 बजे से तेज बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। 

कई जगहों पर जलभराव

तेज बारिश के चलते राजधानी दिल्ली-NCR के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति हो गई। लोगों को सड़कों पर निकलने में खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नोएडा सेक्टर में 95 में एक बाइक सवार सड़क पर जमे पानी के बीच में फंस गया। 

इस मानसून सीजन की पहली तेज बारिश

तेज बारिश के चलते दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके की सड़के जलमग्न हो गईं। चारों तरफ पानी-पानी ही नजर आया। दिल्ली में आज इतनी तेज बारिश हुई है, जो कि इस मानसून सीजन की पहली बारिश है। रात भर हुई भारी बारिश के बाद दिल्ली के कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं। दिल्ली के शांति पथ इलाके की सड़कों में पानी जमा हो गया।

आज से हरियाणा में मानसून की दस्तक

देश के कई राज्यों में मानसून पहुंच चुका है। मानसून के पहुंचती ही तापमान में गिरावट आ गई है। कई राज्यों में हल्की बारिश भी शुरू हो गई है। हरियाणा में शुक्रवार को मानसून पहुंचने की संभावना है। दिल्ली की कई इलाकों में हुई बारिश के बाद हरियाणा के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश के देखते हुए हरियाणा के कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है।

बिहार के कई जिलों इन जिलों में बारिश का अलर्ट

बिहार में मानसून के दस्तक देने के साथ ही कई जिलों में बारिश शुरू हो गई है। स्थानीय मौसम विभाग ने किशनगंज, अररिया, कटिहार जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले एक दो दिन में बिहार के अधिकतर जिलों में झमाझम बारिश होगी। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आ जाएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। 

अगले 2 दिन में झारखंड के सभी जिलों में होगी बारिश

झारखंड के कई जिलों में शुक्रवार और शनिवार को बारिश का अलर्ट है। स्थानीय मौसम विभाग ने 30 जून व 1 जुलाई को पूरे राज्य में बारिश होने का अनुमान जताया है। झारखंड के कई जिले अभी भी भीषण गर्मी से तप रहे हैं। बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत