1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 'यह राजनीति करने का समय नहीं है', कांग्रेस CWC बैठक में पहलगाम आतंकी हमले को लेकर पारित हुआ प्रस्ताव

'यह राजनीति करने का समय नहीं है', कांग्रेस CWC बैठक में पहलगाम आतंकी हमले को लेकर पारित हुआ प्रस्ताव

 Reported By: Vijai Laxmi, Edited By: Shailendra Tiwari
 Published : May 02, 2025 08:25 pm IST,  Updated : May 02, 2025 08:25 pm IST

कांग्रेस ने आज CWC की बैठक आयोजित की, इस बैठक में कांग्रेस ने पहलगाम आतंकी हमले को लेकर प्रस्ताव भी पारित किया।

CWC- India TV Hindi
CWC Image Source : PTI

पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए बर्बर आंतकी हमले को लेकर आज कांग्रेस ने कांग्रेस कार्यसमिति यानी कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) एक प्रस्ताव पारित किया। कांग्रेस ने इसमें कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति पहलगाम में हुए बर्बर आतंकी हमले में अपने प्रियजनों को खोने वाले 26 परिवारों के साथ एकजुटता और संवेदना के साथ खड़ी है। इन परिवारों का दर्द पूरे राष्ट्र का दर्द है। कांग्रेस कार्य समिति केवल शब्दों में ही नहीं, बल्कि स्थायी एकजुटता के साथ उनके साथ खड़ी है।

राजनीति करने का समय नहीं- कांग्रेस

आगे कहा कि पूरा देश आज जवाबदेही, स्पष्टता और न्याय की प्रतीक्षा कर रहा है। इस अक्षम्य और उकसावे भरे हमले के मद्देनज़र, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस मानती है कि यह राजनीति करने का समय नहीं है, यह वह क्षण है जब देश को एकजुटता, दृढ़ता और राष्ट्रीय संकल्प दिखाना चाहिए। हमें राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर यह स्पष्ट संदेश देना होगा कि भारत एकजुट है और किसी भी परिस्थिति में उसकी एकता को कमजोर नहीं किया जा सकता।

पाकिस्तान को अलग-थलग और दंडित करे सरकार

आगे कांग्रेस ने कहा कि यह समय हमारे राष्ट्रीय संकल्प को दिखाने का है ताकि हम पाकिस्तान को सबक सिखा सकें और आतंकवाद पर निर्णायक रूप से लगाम लगा सकें। इस कायरतापूर्ण हमले के साजिशकर्ताओं और अपराधियों को उनके कृत्य के पूर्ण परिणाम भुगतने चाहिए। कांग्रेस पार्टी भारत सरकार से आग्रह करती है कि वह मजबूती, रणनीतिक स्पष्टता और अंतरराष्ट्रीय समन्वय के साथ कार्य करे, ताकि पाकिस्तान को हमारे देश में आतंक फैलाने के उसके निरंतर प्रयासों के लिए वैश्विक मंच पर अलग-थलग और दंडित किया जा सके।

आगे कांग्रेस ने सरकार से मांग भी कि पीड़ित परिवारों को लंबे समय के लिए नैतिक और संस्थागत सहायता दी जाए। केवल मुआवजा पर्याप्त नहीं है, दीर्घकालिक पुनर्वास, मानसिक स्वास्थ्य सहायता, और शहीदों की स्मृति को नेशनल लेवल पर सम्मान और नागरिक स्मरण के माध्यम से जीवित रखना भी उतना ही आवश्यक है।

जनता को जवाब भी मिले- कांग्रेस

आगे सरकार पर सवाल करते हुए कांग्रेस ने कहा कि CWC इस देश के अत्यंत सुरक्षित माने जाने वाले क्षेत्र में हुई इस घटना को सुरक्षा में गंभीर चूक मानते हुए, उसकी समयबद्ध और स्पष्ट जवाबदेही तय किए जाने की अपनी पूर्व मांग को दोहराती है। देश की जनता को पारदर्शिता और जवाबदेही मिलनी चाहिए, यह उनका अधिकार है। समिति सभी नागरिकों से शांति, एकता और संकल्प बनाए रखने की अपील करती है। इस आतंकवादी कृत्य के प्रति हमारी प्रतिक्रिया, हमारे लोकतंत्र की ताकत, हमारी एकता की गहराई और हमारे गणराज्य की दृढ़ता का प्रतीक होनी चाहिए।

ये भी पढ़ें:

​हरियाणा-पंजाब के बीच जल विवाद का समाधान के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय की बड़ी बैठक, जानिए क्या बातचीत हुई

मोदी सरकार की एक और बड़ी कार्रवाई, दुश्मन देश के पीएम 'शहबाज शरीफ' का यूट्यूब चैनल भारत में किया गया ब्लॉक

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत