1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. लौटता मानसून दिलाएगा गर्मी से राहत, IMD ने बताया दिल्ली में कब होगी बारिश, यूपी सहित इन राज्यों में भी असर

लौटता मानसून दिलाएगा गर्मी से राहत, IMD ने बताया दिल्ली में कब होगी बारिश, यूपी सहित इन राज्यों में भी असर

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Sep 26, 2025 08:54 am IST,  Updated : Sep 26, 2025 08:54 am IST

मौसम विभाग ने बताया है कि दिल्ली से मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है। लौटता हुआ मानसून 28-30 सितंबर के बीच दिल्ली में हल्की बारिश करा सकता है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।

Rain- India TV Hindi
दिल्ली में 28-30 सितंबर के बीच बारिश हो सकती है Image Source : PTI

दिल्ली एनसीआर में लोगों को सितंबर के महीने में भीषण गर्मी का कहर झेलना पड़ रहा है। यहां रोजाना तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार जा रहा है, लेकिन महसूस ऐसा हो रहा है कि पारा 40 के पार जा चुका है। इस बीच मौसम विभाग ने लोगों के लिए राहत की खबर दी है। दिल्ली से मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है। ऐसे में 28 से 30 सितंबर के बीच दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश होने के आसार हैं। इससे लोगों को तेज गर्मी से राहत मिलेगी। इसके बाद धीरे-धीरे तापमान में गिरावट आएगी और अक्टूबर के अंत तक सर्दी दस्तक दे सकती है।

मौसम विभाग ने बताया कि आमतौर पर 17 सितंबर को मानसून की वापसी शुरू होती है। हालांकि, इस बार 15 सितंबर को ही पश्चिमी राजस्थान से मानसून की विदाई शुरू हो गई। अब तक राजस्थान के अलावा पंजाब, हरियाणा, जम्मू कश्मीर, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों से मानसून वापस लौट चुका है। आने वाले दिनों में दिल्ली समेत अन्य राज्यों से भी मानसून की विदाई होगी।

यूपी-मध्य प्रदेश में भी गर्मी का कहर

दिल्ली से सटे उत्र प्रदेश से लेकर हरियाणा और पूर्वी राजस्थान में भी गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। मध्य प्रदेश, बिहार के कुछ इलाकों में भी गर्मी हो रही है। हालांकि, बिहार के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल में अभी भी भारी बारिश की संभावना है। ओडिशा और महाराष्ट्र, गुजरात में भी आने वाले एक सप्ताह में बारिश हो सकती है। 

दिल्ली से मानसून की वापसी

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं और पिछले कई दिनों से बारिश दर्ज नहीं की गई है, ये मौसमी बारिश की वापसी के अनुकूल स्थितियां हैं। इस सप्ताह मानसून की वापसी की संभावना के साथ, दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आसमान साफ ​​और शुष्क रहने की उम्मीद है। दिन का तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

अक्टूबर के अंत तक दस्तक देगी ठंड

इस साल समय से दो दिन पहले ही मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है। ऐसे में 15 अक्टूबर तक पूरे देश से मानसून की वापसी का अनुमान है। ऐसा होने पर अक्टूबर के तीसरे सप्ताह में ही मौसम में बदलाव देखा जा सकता है और अक्टूबर के अंत तक ठंड दस्तक दे सकती है। मौसम विभाग के अनुसार नवंबर के महीने में कई राज्यों में कोहरा गिरेगा और लोगों को गुलाबी ठंड का एहसास होगा।

यह भी पढ़ें-

उत्तराखंड में फिर भारी बारिश का 'खौफ', आज से 7 दिनों के लिए मौसम विभाग ने दी चेतावनी

भारतीय वायुसेना को मिलेंगे 97 तेजस Mk1A फाइटर जेट, HAL के साथ हुआ 62,370 करोड़ का करार

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत