हिमाचल के कुल्लू में एक विदेशी महिला की ड्रग ओवरडोस से मौत हो गई। पुलिस ने मणिकर्ण घाटी के कसोल में रशियन विदेशी महिला की मौत की पुष्टि की है। एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने कहा कि विदेशी महिला का शव पुलिस ने कब्जे में लिया। इसके साथ ही विदेशी महिला दिशालीयन के परिजनों को सूचना दी गई। महिला के परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि विदेशी महिला के मौत ड्रग ओवरडोज से हुई है। इसके बाद पुलिस ने कसोल में रेव पार्टी को लेकर 2 अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।
मणिकर्ण घाटी के जंगलों में हाई कोर्ट की रोक के बावजूद धड़ाले से रेव पार्टी हो रही हैं। कसोल के जंगलों में रेव पार्टी में खुलेआम अश्लीलता और नशे का प्रचलन है। मणिकर्ण घाटी के कसोल में रशियन डीजे आर्टिस्ट्स 29 वर्षीय दिशालीन की ओवर डोज से 2 दिन पहले मौत हुई थी।
7-11 जून तक हुई थी रेव पार्टी
कसोल के जंगलों में 7 से 11 जून तक रेव पार्टी हुई थी। इस पार्टी में डीजे बजाने के बाद ड्रग ओवर डोज से महिला की मौत हो गई। वह होटल के कमरे में मृत मिली थी। कसोल में पुलिस प्रशासन की नाक के नीचे रेव पार्टियां हो रही हैं। इन पार्टियों में हजारों देशी-विदेशी पर्यटक शामिल हो रहे हैं। सोशल मीडिया और ऑनलाइन साइट्स पर रेव पार्टी का प्रमोशन और बुकिंग हो रही है।
बढ़ रहा रेव पार्टी का प्रचलन
मणिकर्ण घाटी में रेव पार्टी का प्रचलन साल दर साल बढ़ रहा है। रेव पार्टी का नेटवर्क इजरायल और बेंगलोर से चल रहा है। कसोल के जंगलों में डीजे के लाउड स्पीकर से ध्वनि प्रदूषण से पर्यावरण को बड़े स्तर पर नुकसान हो रहा है।
सड़क हादसे में दो पर्यटकों की मौत
कुल्लू जिले में मणिकरण-भुंतर मार्ग पर सरसरी के पास शुक्रवार को एक वाहन के गहरी खाई में गिर जाने से पंजाब के दो पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। कुल्लू के पुलिस अधीक्षक मदन लाल ने बताया कि वाहन मणिकरण से भुंतर की ओर जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि इस संबंध में प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। पुलिस के अनुसार, घायलों को मंडी जिले के नेरचौक स्थित मेडिकल कॉलेज स्थांतरित किया गया है, जबकि एक महिला का कुल्लू अस्पताल में उपचार जारी है।
(कुल्लू से कपिल ठाकुर की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
AI-171 विमान हादसे की जांच में बड़ी प्रगति, हर सबूत की बारीकी से जांच जारी: AAIB