1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. सब्जी बेचने वाले ने सलमान खान से मांगी थी 5 करोड़ की फिरौती, मुंबई पुलिस ने जमशेदपुर से किया गिरफ्तार

सब्जी बेचने वाले ने सलमान खान से मांगी थी 5 करोड़ की फिरौती, मुंबई पुलिस ने जमशेदपुर से किया गिरफ्तार

 Reported By: Saket Rai Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Oct 24, 2024 06:56 am IST,  Updated : Oct 24, 2024 06:56 am IST

मुंबई ट्रैफिक पुलिस के व्हाट्सएप हेल्पलाइन पर मैसेज भेजकर सलमान खान को धमकी भरे मैसेज भेजने के मामले में वर्ली पुलिस ने जमशेदपुर से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सब्जी विक्रेता के तौर पर हुई है।

salman khan- India TV Hindi
सलमान खान से रंगदारी मांगने वाला युवक गिरफ्तार Image Source : INDIA TV

बॉलीवुड एक्टर सलमान खान को धमकी भरे मैसेज भेजने के मामले की जांच कर रही मुंबई पुलिस ने जमशेदपुर से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जमशेदपुर के सब्जी विक्रेता शेख हुसैन शेख मौसिन (24) के रूप में हुई है। पिछले सप्ताह मुंबई ट्रैफिक पुलिस की व्हाट्सऐप हेल्पलाइन पर अभिनेता से 5 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग वाला एक धमकी भरा मैसेज मिला था, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब वर्ली पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड के लिए झारखंड की एक अदालत में पेश करेगी। रिमांड मिलने के बाद उसे मुंबई लाया जाएगा।

धमकी के बाद भेजा 'माफी' वाला मैसेज

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने झारखंड में उस नंबर का पता लगाया और आरोपी को पकड़ने के लिए टीम भेजी गईं। उन्होंने बताया कि एक अन्य टीम गुवाहाटी भी भेजी गई। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि पुलिस ने मैसेज भेजने वाले का पता लगाने के लिए अपनी जांच शुरू की, लेकिन मुंबई ट्रैफिक पुलिस को उसी मोबाइल फोन नंबर से एक ‘‘माफी’’ वाला मैसज मिला जिसमें लिखा था कि गलती से ऐसा हुआ।  

मुंबई पुलिस ने कहा, "जमशेदपुर में स्थानीय पुलिस की मदद से जांच की गई और धमकी वाले मैसेज भेजने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया। अब उसे मुंबई लाया जाएगा."

सलमान को लगातार मिल रही धमकियां

गौरतलब है कि अभिनेता सलमान खान को पहले लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जान से मारने की धमकियां मिली थीं। गैंग के संदिग्ध सदस्यों ने इसी साल अप्रैल में सलमान खान के बांद्रा स्थित घर के बाहर गोलीबारी की थी। कुछ महीने पहले नवी मुंबई पुलिस ने बिश्नोई गैंग द्वारा खान को मारने की साजिश का पर्दाफाश किया था, जिसके बाद एक्टर की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।

यह भी पढ़ें-

नहीं रुकेगा 'सिकंदर'! कमिटमेंट के पक्के हैं सलमान खान, तय समय पर करेंगे शूटिंग

'मुसलमानों को भारत में अछूत बना दिया गया है', AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने ऐसा क्यों कहा?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत