1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. फुटबॉल खेलते समय शिलॉन्ग के सांसद रिकी सिंगकॉन का निधन, खेल के मैदान पर ही अचानक गिरे

फुटबॉल खेलते समय शिलॉन्ग के सांसद रिकी सिंगकॉन का निधन, खेल के मैदान पर ही अचानक गिरे

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Feb 19, 2026 11:09 pm IST,  Updated : Feb 19, 2026 11:13 pm IST

लोकसभा में शिलांग संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले रिकी सिंगकॉन फुटबॉल खेलते समय अचानक मैदान पर गिर पड़े, जिसके कुछ ही देर बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।

लोकसभा सांसद रिकी एंड्रयू जे. सिंगकॉन का निधन- India TV Hindi
लोकसभा सांसद रिकी एंड्रयू जे. सिंगकॉन का निधन Image Source : MEGHALAYA.GOV.IN

मेघालय के शिलांग संसदीय क्षेत्र से लोकसभा सांसद और वॉइस ऑफ द पीपल पार्टी (VPP) के वरिष्ठ नेता रिकी एंड्रयू जे. सिंगकॉन का गुरुवार शाम निधन हो गया। पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि 54 वर्षीय सिंगकॉन फुटबॉल (फुटसल) खेलते समय अचानक मैदान पर गिर पड़े थे, जिसके कुछ ही देर बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, रिकी सिंगकॉन गुरुवार शाम को शिलांग के मावलाई मावियोंग इलाके में दोस्तों के साथ एक दोस्ताना फुटसल (फुटबॉल का छोटा रूप) मैच खेल रहे थे। खेल के दौरान वह अचानक कोर्ट पर ही गिर पड़े और बेहोश हो गए। उन्हें तुरंत नजदीकी मावियोंग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए डॉ. एच. गॉर्डन रॉबर्ट्स अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल के डॉक्टरों ने रात करीब 8:45 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का मानना है कि उनकी मौत कार्डियक अरेस्ट के कारण हुई है।

मेघालय की राजनीति में बड़ा नाम

रिकी सिंगकॉन ने 2024 के लोकसभा चुनावों में ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। उन्होंने कांग्रेस के दिग्गज नेता विंसेंट पाला को भारी मतों के अंतर से हराकर पहली बार संसद में कदम रखा था। वह केवल एक राजनेता ही नहीं, बल्कि एक प्रोफेसर भी रहे थे और जनता के बीच अपनी सादगी और जमीनी स्तर पर काम करने के लिए जाने जाते थे।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक

सांसद के आकस्मिक निधन की खबर फैलते ही राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा, "सांसद रिकी सिंगकॉन के अचानक निधन की खबर से मैं स्तब्ध हूं। वह एक समर्पित जन प्रतिनिधि थे जिन्होंने लोगों के कल्याण के लिए अथक परिश्रम किया। उनका जाना राज्य के लिए एक बड़ी क्षति है।"

ये भी पढ़ें-

"चाहे सड़क 50 मीटर चौड़ी हो, हम नहीं रोकेंगे", दिल्ली रिज में सड़क निर्माण को लेकर सुप्रीम कोर्ट का आदेश

TMC सांसद महुआ मोइत्रा पहुंची दिल्ली हाई कोर्ट, कुत्ते हेनरी की मांगी कस्टडी; कौन है असली मालिक?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत