1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Shinzo Abe assassination: शिंजो आबे को याद कर भावुक हुए PM Modi , कहा- पता नहीं था यह हमारी आखिरी मुलाकात होगी

Shinzo Abe assassination: शिंजो आबे को याद कर भावुक हुए PM Modi , कहा- पता नहीं था यह हमारी आखिरी मुलाकात होगी

 Written By: Vineet Kumar @JournoVineet
 Published : Jul 08, 2022 06:04 pm IST,  Updated : Jul 09, 2022 06:12 am IST

Shinzo Abe assassination: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अपने हालिया जापान दौरे पर उनकी मुलाकात शिंजो आबे से हुई थी।

Shinzo Abe, Shinzo Abe PM Modi, Modi Abe, Shinzo Abe India, Shinzo Abe shot- India TV Hindi
PM Narendra Modi and Japan Ex PM Shinzo Abe. Image Source : NARENDRAMODI.IN

Highlights

  • पीएम मोदी ने 9 जुलाई को एक दिन का राष्ट्रीय शोक रखे जाने की भी घोषणा की।
  • खास दोस्तों में शामिल आबे को पीएम मोदी ने काफी भावुक अंदाज में श्रद्धांजलि दी।
  • आबे जब भारत आए थे तब भी पीएम मोदी और उनकी बॉन्डिंग देखने लायक थी।

Shinzo Abe assassination: जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के असामयिक निधन ने भारत के जनमानस को भी झकझोर कर रख दिया है। इसका सबसे बड़ा कारण यही है कि आबे को भारत के सबसे अच्छे दोस्तों में गिना जाता था। यही वजह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को आबे के निधन पर गहरा शोक जताया और कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन जापान और दुनिया को एक बेहतर स्थान बनाने में समर्पित कर दिया। साथ ही मोदी ने आबे के प्रति गहरे सम्मान के प्रतीक के तौर पर 9 जुलाई को एक दिन का राष्ट्रीय शोक रखे जाने की भी घोषणा की।

पीएम मोदी ने आबे को दी भावुक श्रद्धांजलि

अपने खास दोस्तों में शामिल आबे को पीएम मोदी ने काफी भावुक अंदाज में श्रद्धांजलि दी। मोदी ने कहा कि अपने हालिया जापान दौरे पर उनकी मुलाकात आबे से हुई थी और उनसे कई मुद्दों पर चर्चा का मौका मिला था लेकिन मुझे जरा भी अंदाजा नहीं था कि यह हमारी आखिरी मुलाकात होगी। मोदी ने कहा कि आबे के साथ उनके वर्षों पुराने संबंध रहे हैं। आबे जब भारत आए थे तब भी मोदी और उनकी बॉन्डिंग देखने लायक थी। शिंजो आबे अपनी यात्रा के दौरान वाराणसी भी गए थे जो कि मोदी का संसदीय क्षेत्र है। आबे ने बनारस की मशहूर गंगा आरती में भी हिस्सा लिया था।


‘आबे के निधन से भारत भी शोक में डूबा’
पीएम मोदी ने आबे को याद करते हुए कहा, ‘जब मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था तब से मैं उन्हें जानता था और हमारी दोस्ती मेरे प्रधानमंत्री बनने के बाद भी जारी रही। अर्थव्यवस्था और वैश्विक मामलों पर उनकी पैनी नजर ने मुझ पर गहरी छाप छोड़ी।’ उन्होंने कहा कि आबे ने भारत-जापान संबंधों को विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी के स्तर पर ले जाने में अहम योगदान दिया। पीएम मोदी ने कहा, ‘आज जापान के साथ पूरा भारत भी उनके निधन से शोक में डूब गया है। हम दुख की इस घड़ी में अपने जापानी भाइयों और बहनों के साथ मजबूती से खड़े हैं।’ प्रधानमंत्री ने आबे के साथ तोक्यो में हुई अपनी आखिरी मुलाकात से जुड़ी एक तस्वीर भी शेयर की।

दिल दहलाने वाली घटना पर स्तब्ध है दुनिया
दुनिया के सबसे सुरक्षित देशों में से एक माने जाने वाले जापान में आबे को गोली मारे जाने की घटना ने लोगों को स्तब्ध कर दिया है। जब गोली चलने की आवाज सुनी गयी तो आबे खड़े थे, उन्होंने गहरे नीले रंग के कपड़े पहने हुए थे। वीडियो फुटेज में आबे को सड़क पर गिरते और कई सुरक्षाकर्मियों को उनकी ओर भागते देखा गया। उन्होंने अपने सीने पर हाथ रखा हुआ था और उनकी शर्ट पर खून लगा हुआ था। पुलिस ने घटनास्थल पर ही संदिग्ध हमलावर तेत्सुया यामागामी को गिरफ्तार कर लिया। यामागामी ने कहा कि वह आबे की नीतियों से असंतुष्ट था और इसीलिए उसने पूर्व पीएम पर हमला किया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत