Friday, February 20, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. विमान में जलने की बदबू, मुंबई में करानी पड़ी लैंडिंग, एयर इंडिया के प्रवक्ता ने दिया बयान

विमान में जलने की बदबू, मुंबई में करानी पड़ी लैंडिंग, एयर इंडिया के प्रवक्ता ने दिया बयान

Written By: Avinash Rai @RaisahabUp61 Published : Jun 28, 2025 08:11 pm IST, Updated : Jun 28, 2025 08:33 pm IST

मुंबई से चेन्नई जा रही एयर इंडिया की विमान को उस वक्त लैंड कराना पड़ा, जब विमान में केबिन क्रू के सदस्यों को जलने की बदबू आने लगी। ऐसे में विमान को वापस मुंबई में लैंड कराया गया। बता दें कि इस मामले पर अब एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बयान दिया है।

Smell of burning in the plane had to land in Mumbai Air India spokesperson gave a statement- India TV Hindi
Image Source : PTI एयर इंडिया के विमान की करानी पड़ी लैंडिंग

मुंबई से चेन्नई जा रही एयर इंडिया की विमान संख्या AI639 के चालक दल के सदस्यों को कोबिन में जलने की गंध आने की वजह से एहतियातन विमान को वापस मुंबई में लैंड कराना पड़ा। इसे लेकर एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, "शुक्रवार, 27 जून 2025 को मुंबई से चेन्नई के लिए उड़ान भरने वाली AI639 की उड़ान के चालक दल ने केबिन में जलने की गंध के कारण एहतियातन मुंबई वापसी की। उड़ान सुरक्षित रूप से मुंबई में उतरी और विमान बदलने की प्रक्रिया शुरू की गई। मुंबई में हमारे ग्राउंड सहयोगियों ने इस अप्रत्याशित व्यवधान के कारण होने वाली असुविधा को कम करने के लिए यात्रियों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान की। एयर इंडिया में, हमारे मेहमानों और चालक दल की सुरक्षा और भलाई सर्वोच्च प्राथमिकता है।"

डीएनए सैंपलिंग से अंतिम पीड़ित की हुई पहचान

बता दें कि बीते दिनों अहमदाबाद में भीषण विमान हादसा देखने को मिला था। अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान क्रैश हो गया था। अहमदाबाद विमान दुर्घटना के दो सप्ताह से अधिक समय बाद डीएनए मिलान से अंतिम पीड़ित की पहचान कर ली गयी है तथा इस दुर्घटना में मृतकों की संख्या अब 260 हो गई है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अंतिम पीड़ित का पार्थिव शरीर उसके परिवार को सौंप दिया गया है। चिकित्सा अधिकारियों ने पहले मृतकों की संख्या 270 बताई थी। अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 12 जून को उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद लंदन जाने वाला एअर इंडिया विमान अहमदाबाद के मेघानीनगर इलाके में एक छात्रावास परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में विमान में सवार 241 लोगों और जमीन पर मौजूद कई अन्य लोगों की मौत हो गई। एक यात्री चमत्कारिक रूप से बच गया। 

क्या बोले डॉक्टर

अहमदाबाद के सरकारी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी ने कहा, "एअर इंडिया विमान दुर्घटना के अंतिम मृत व्यक्ति के शव का डीएनए मिलान कर लिया गया है। मृतक के शव को उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।" उन्होंने कहा, "इसके साथ ही विमान दुर्घटना में मरने वालों की संख्या 260 हो गई है।" उन्होंने कहा कि विमान दुर्घटना में घायल हुए तीन लोगों का सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। अब तक सभी 260 मृतकों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि मरने वाले 241 लोगों (जिनमें यात्री और चालक दल के सदस्यों शामिल हैं) में से 240 के शवों की पहचान पहले ही हो चुकी थी, जबकि एक शव का डीएनए मिलान होना बाकी था। शुक्रवार को डीएनए नमूनों के मिलान से पीड़ित की पहचान की पुष्टि हुई। उन्होंने बताया कि 241 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के अलावा जमीन पर मौजूद 19 लोगों की मौत हो गई। 

(इनपुट-भाषा के साथ)

Latest India News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत

Advertisement
Advertisement
Advertisement