1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मौसम विभाग ने दी गुड न्यूज, दिल्ली समेत कई राज्यों में अगले 3 दिन तक होगी बारिश, आंधी और तूफान के भी आसार

मौसम विभाग ने दी गुड न्यूज, दिल्ली समेत कई राज्यों में अगले 3 दिन तक होगी बारिश, आंधी और तूफान के भी आसार

 Published : Apr 28, 2026 06:54 am IST,  Updated : Apr 28, 2026 07:06 am IST

Weather Updates: देश के अधिकतर राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। ऐसे में मौसम विभाग ने गुड न्यूज दी है। देश के अधिकतर राज्यों में बारिश का अनुमान जताया गया है।

बारिश में भीगते बाइक सवार- India TV Hindi
बारिश में भीगते बाइक सवार Image Source : PTI

देश के अधिकतर राज्यों में आसमान से आग बरस रही है। पूरा उत्तर भारत इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। ऐसे में सोमवार रात से मौसम में थोड़ा बदलाव आया है। मौसम विभाग ने दिल्ली समेत कई राज्यों के लिए गुड न्यूज दी है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों के लिए अगले तीन दिन तक धूल भरी आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी है। 

मंगलवार से गुरुवार तक बारिश का अलर्ट

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर में सोमवार रात को धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चलीं। मौसम विभाग ने मंगलवार से गुरुवार तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में भीषण गर्मी पड़ रही है, तापमान 42. 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। बारिश होने के बाद तापमान में थोड़ी गिरावट आने के आसार हैं।

जानिए आज कितना रहेगा तापमान?

मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए न्यूनतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान लगभग 42 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया है। गरज-चमक और बारिश से भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। 

30 अप्रैल यानी गुरुवार तक रहेगा ऐसा मौसम

दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार से 30 अप्रैल (गुरुवार) तक धूल भरी आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना है, जिसके लिए 29 अप्रैल के लिए विशेष रूप से येलो अलर्ट जारी किया गया है।

यूपी में भी बारिश के आसार

उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में तेज गर्मी और लू का असर बना हुआ है। कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में लू चलने की चेतावनी दी है। साथ ही कुछ इलाकों में अगले 1–2 दिनों में तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।

 

जानिए क्यों हुआ मौसम में बदलाव?

स्काईमेट के महेश पलावत ने बताया, 'मध्य पाकिस्तान, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। यह वर्तमान में मजबूत है और उत्तर-पूर्वी भारत की ओर बढ़ रहा है। राजस्थान और हरियाणा के कुछ हिस्सों में आज रात बारिश हो सकती है और इसके मंगलवार को दिल्ली पहुंचने और 30 अप्रैल तक सक्रिय रहने की संभावना है।' 

उन्होंने कहा कि राजस्थान से आगे बढ़ते हुए परिसंचरण के कारण तेज हवाएं चलने की आशंका है, जिससे धूल भरी आंधी के साथ-साथ मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जिन्हें मानसून पूर्व की बारिश के रूप में वर्गीकृत किया जा सकता है। 

दिल्ली के अलावा इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में पूरे सप्ताह बारिश होने का अनुमान है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश का अनुमान

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जिससे स्थानीय स्तर पर जलभराव और जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। इसके अलावा पूर्वी भारत में अगले एक सप्ताह के दौरान आंधी-तूफान की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। उत्तर-पश्चिम भारत में 28 अप्रैल से 2 मई के बीच तथा मध्य भारत और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में 27 अप्रैल से 1 मई के दौरान गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान चलने की संभावना जताई गई है।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत