महाजन इमेजिंग एंड लैब्स ने पैथोलॉजी और वेलनेस सेवाओं को मजबूत करने और उत्तर भारत में अपने कारोबार का विस्तार करने के लिए न्यूबर्ग डायग्नोस्टिक्स के साथ रणनीतिक संयुक्त उद्यम (जॉइंट वेंचर) साझेदारी की है। इस साझेदारी के जरिए दोनों कंपनियां रेडियोलॉजी, पैथोलॉजी, न्यूक्लियर मेडिसिन और जीनोमिक्स सेवाओं को एकीकृत करने की दिशा में काम करेंगी। महाजन इमेजिंग एंड लैब्स को एडवांस्ड इमेजिंग, न्यूक्लियर मेडिसिन, पैथोलॉजी और जीनोमिक्स के क्षेत्र में 35 सालों से अधिक का अनुभव है। कंपनी की दिल्ली-NCR और जयपुर में मजबूत मौजूदगी है। वहीं, न्यूबर्ग डायग्नोस्टिक्स भारत के साथ-साथ UAE, दक्षिण अफ्रीका और अमेरिका में भी काम कर रही है और पैथोलॉजी व जीनोमिक्स के क्षेत्र में अपनी क्षमताओं के लिए जानी जाती है।
कंपनियों के मुताबिक, साझेदारी से जीनोमिक्स, मेटाबोलोमिक्स, प्रोटिओमिक्स और मॉलिक्यूलर पैथोलॉजी जैसे क्षेत्रों में टेस्टिंग क्षमताओं का विस्तार किया जाएगा। इसका उद्देश्य एक अधिक एकीकृत डायग्नोस्टिक्स प्लेटफॉर्म तैयार करना और उत्तर भारत के नए भौगोलिक क्षेत्रों में सेवाओं का विस्तार करना है।
7 राज्यों में न्यूबर्ग की विशेष साझेदार होगी महाजन
समझौते के तहत महाजन इमेजिंग एंड लैब्स उत्तर भारत के 7 राज्यों के लिए न्यूबर्ग की विशेष साझेदार के रूप में काम करेगी। इसके तहत महाजन इमेजिंग एंड लैब्स नोएडा, लखनऊ और जम्मू में न्यूबर्ग की मौजूदा लैब्स के कारोबार को अपने अधीन लेगी। संयुक्त उद्यम के संचालन और विकास की जिम्मेदारी कबीर महाजन को मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के रूप में दी गई है।
वित्त वर्ष 2027 में 12-14 प्रतिशत की हो सकती है वृद्धि
यह साझेदारी ऐसे समय में हुई है जब भारत का संगठित डायग्नोस्टिक्स क्षेत्र पारंपरिक जांच से आगे बढ़कर प्रिवेंटिव, स्पेशलाइज्ड और प्रिसिजन डायग्नोस्टिक्स की ओर बढ़ रहा है। ICRA के अनुमान के मुताबिक, संगठित डायग्नोस्टिक्स कंपनियों के राजस्व में वित्त वर्ष 2027 में 12-14 प्रतिशत की वृद्धि हो सकती है। कंपनियों का कहना है कि लैब इंफ्रास्ट्रक्चर, सैंपल कलेक्शन और एडवांस्ड टेस्टिंग में निवेश के जरिए इस बढ़ती मांग का लाभ उठाया जाएगा।

'रेडियोलॉजी, पैथोलॉजी और जीनोमिक्स अलग-अलग नहीं'
न्यूबर्ग डायग्नोस्टिक्स के संस्थापक, चेयरमैन और प्रबंध निदेशक डॉक्टर जीएसके वेलु ने कहा कि महाजन इमेजिंग एंड लैब्स की 35 सालों से अधिक की विरासत और उत्तर भारत में मजबूत क्लिनिकल मौजूदगी इसे न्यूबर्ग के लिए स्वाभाविक साझेदार बनाती है। उन्होंने कहा कि न्यूबर्ग की पैथोलॉजी, जीनोमिक्स, वेलनेस और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर क्षमताओं के जरिए इस आधार को और मजबूत किया जाएगा।
महाजन इमेजिंग एंड लैब्स के संस्थापक और चेयरमैन डॉक्टर हर्ष महाजन ने कहा कि आज रेडियोलॉजी, पैथोलॉजी और जीनोमिक्स को अलग-अलग नहीं देखा जा सकता। क्लिनिकल फैसलों के लिए इमेजिंग, पैथोलॉजी, मॉलिक्यूलर टेस्टिंग और जीनोमिक्स की जानकारी को एक साथ देखना जरूरी होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि न्यूबर्ग के साथ साझेदारी से मौजूदा क्षमताओं को अतिरिक्त इंफ्रास्ट्रक्चर और विशेषज्ञता के जरिए तेजी से बढ़ाने में मदद मिलेगी।
AI और डिजिटल सिस्टम पर भी रहेगा जोर
संयुक्त उद्यम के CEO कबीर महाजन ने कहा कि अब प्राथमिकता साझेदारी के प्रभावी क्रियान्वयन की है। कंपनी पैथोलॉजी, जीनोमिक्स और वेलनेस सेवाओं के साथ कलेक्शन, सैंपल लॉजिस्टिक्स और डिजिटल सिस्टम को मजबूत करेगी। साथ ही जांच रिपोर्ट के टर्नअराउंड टाइम में सुधार पर भी ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्वालिटी कंट्रोल, वर्कफ्लो मैनेजमेंट और रिपोर्टिंग में टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की भूमिका बढ़ाई जाएगी।
महाजन इमेजिंग एंड लैब्स के मुताबिक, कंपनी दिल्ली-NCR में 16 डायग्नोस्टिक सेंटर और लैब्स संचालित करती है और जयपुर में भी उसकी मौजूदगी है। कंपनी एडवांस्ड इमेजिंग, MRI, CT, PET-CT, न्यूक्लियर मेडिसिन, अल्ट्रासाउंड, मैमोग्राफी, पैथोलॉजी, मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक्स और जीनोमिक्स जैसी सेवाएं उपलब्ध कराती है।
ये भी पढ़ें: