1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. DRDA ऑफिस के महिला वॉशरूम में मिला संदिग्ध सीक्रेट कैमरा, कर्मचारियों में मचा हड़कंप, जांच शुरू-VIDEO

DRDA ऑफिस के महिला वॉशरूम में मिला संदिग्ध सीक्रेट कैमरा, कर्मचारियों में मचा हड़कंप, जांच शुरू-VIDEO

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : May 28, 2026 07:00 pm IST,  Updated : May 28, 2026 08:11 pm IST

पुलिस की टीम ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। डीआरडीए ऑफिस में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। मामले की जांच के लिए विशेष टीम बनाई गई है।

महिला ऑफिस में संदिग्ध कैमरा- India TV Hindi
महिला ऑफिस में संदिग्ध कैमरा Image Source : REPORTER INPUT

ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिले के DRDA यानी जिला ग्रामीण विकास एजेंसी कार्यालय में महिलाओं के वॉशरूम के अंदर एक संदिग्ध सीक्रेट कैमरा मिलने के बाद पूरे कार्यालय में हड़कंप मच गया। घटना के सामने आने के बाद कर्मचारियों में डर और नाराजगी का माहौल देखा गया, वहीं पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह डीआरडीए कार्यालय में कार्यरत वित्त विभाग की कर्मचारी मधुस्मिता सामंत्राय महिला वॉशरूम में गई थीं। इसी दौरान उन्हें वहां एक संदिग्ध डिवाइस दिखाई दिया, जो कथित तौर पर नीचे गिर गया था। डिवाइस को देखकर उन्हें शक हुआ कि यह एक छिपा हुआ कैमरा हो सकता है। इसके बाद उन्होंने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी।

संदिग्ध डिवाइस को लेकर जांच शुरू

मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पुलिस को बुलाया गया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध डिवाइस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटना को लेकर एफआईआर भी दर्ज कर ली गई है।

अभी इस मामले की नहीं हुई आधिकारिक पुष्टि

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर यह डिवाइस महिला वॉशरूम तक कैसे पहुंचा। जांच अधिकारी इस बात की भी पड़ताल कर रहे हैं कि क्या कैमरा वास्तव में वहां इंस्टॉल किया गया था या केवल वॉशरूम के अंदर पड़ा हुआ था। फिलहाल इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि डिवाइस सक्रिय था या नहीं।

खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज

जांच के तहत कार्यालय परिसर के अलग-अलग हिस्सों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि संदिग्ध गतिविधियों और संभावित आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस इस मामले में अंदरूनी संलिप्तता समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

जांच में जुटी डिजिटल फॉरेंसिक की टीम

इसके साथ ही एक डिजिटल फॉरेंसिक टीम को भी जांच में लगाया गया है। टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि डिवाइस में कोई वीडियो रिकॉर्डिंग हुई थी या नहीं और क्या किसी तरह का डेटा कहीं ट्रांसफर किया गया था।

जल्द ही की जाएगी आरोपियों की पहचान

तिरतोल एसडीपीओ ने मामले को लेकर कहा कि जांच के लिए एक विशेष टीम बनाई गई है। तेजी से जांच आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर ली जाएगी।

सुरक्षा और प्राइवेसी को लेकर खड़े हुए सवाल

फिलहाल इस घटना ने सरकारी कार्यालयों में महिलाओं की सुरक्षा और प्राइवेसी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। कर्मचारी भी मामले की निष्पक्ष और सख्त जांच की मांग कर रहे हैं ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।

ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

जयपुर में AI तकनीक से हनीट्रैप, महिला ने अपने बॉस के साथ बनाई फर्जी फोटो, ब्लैकमेल कर ठगे 90 लाख-VIDEO

Siddaramaiah New Update: 'हाईकमान ने कहा- राज्यसभा जाओ, मैंने विनम्रता से टाल दिया', CM पद से इस्तीफा देने के बाद बोले सिद्धारमैया

 
 
 
 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत