तेलंगाना के जगतियाल जिले में एक शख्स ने मंगलवार को तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम की बस चुरा ली। पुलिस ने फिल्मी तरीके से उसका पीछा करने के बाद गाड़ी को रोक लिया। आरोपी की गिरफ्तारी से पहले पुलिस की गाड़ियों ने बस का 18 किलोमीटर तक पीछा किया और बाद में आखिरकार हाईवे को ब्लॉक करके चोर को पकड़ लिया।
बस स्टैंड से खड़ी बस को चुरा ले गया चोर
बता दें कि यह अजीब घटना कोरुटला शहर में हुई। RTC कर्मचारियों के मुताबिक, एक व्यक्ति TGSRTC बस स्टैंड पर खड़ी बस में घुसा और अचानक उसे ड्राइव करके निजामाबाद की ओर ले गया। RTC कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। फिर, पुलिस और RTC के कर्मचारी अपनी गाड़ियों से बस का पीछा करने लगे, जिससे सड़क पर चल रहे लोगों में अफरातफरी मच गई।
भागते वक्त बस से कई गाड़ियों को मारी टक्कर
भागने के दौरान, चोर ने अलग-अलग जगहों पर तीन दोपहिया वाहनों को टक्कर मारी, जिससे उन पर सवार लोग घायल हो गए। एक जगह बस ने पुलिस की गाड़ी को भी टक्कर मारी, जिससे उसे मामूली नुकसान पहुंचा। चश्मदीदों के अनुसार, मेटपल्ली शहर में एक प्राइवेट बस में चढ़ रहे छात्र बाल-बाल बच गए, क्योंकि चोरी की बस खतरनाक रूप से उनके बहुत करीब से गुजरी।
चोर को भागने का रास्त नहीं मिला तो पेड़ में भिड़ा दी बस
हालांकि, बस का पीछा कर रहे पुलिसकर्मियों ने इब्राहिमपटनम पुलिस स्टेशन के कर्मचारियों को सूचना दी, जिन्होंने हाईवे को ब्लॉक करने के लिए अपनी गाड़ियां खड़ी कर दीं। भागने का कोई रास्ता न मिलने पर, चोर ने बस को सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा दिया। उसने भागने की कोशिश की लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। फिलहाल, पुलिस उस व्यक्ति से पूछताछ कर रही है, लेकिन बस चोरी के मकसद का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
हाल ही में हुआ था अंतरराज्यीय बस चोर का पर्दाफाश
इससे पहले, एक अंतरराज्यीय बस चोर का पर्दाफाश हुआ था, जिसने तेलंगाना, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश से 22 बसें चुराई थीं। यह चोर बस चोरी करने के बाद अगले 2 से 3 दिन तक बस को सड़कों पर दौड़ाता था। उसके बाद वह बस की बैटरी, डिक्स और टायर निकल कर बेच देता था।
ये भी पढ़ें- हैदराबाद में पकड़ा गया 10 बोरी भरकर गांजा, लॉरी में ओडिशा से पुणे ले जा रहे थे तस्कर; EAGLE फोर्स ने दबोचे 2 स्मगलर