1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. अभी से गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड, बाड़मेर में तापमान पहुंचा 45 डिग्री के पार, जानिए दिल्ली, यूपी और हरियाणा का हाल

अभी से गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड, बाड़मेर में तापमान पहुंचा 45 डिग्री के पार, जानिए दिल्ली, यूपी और हरियाणा का हाल

 Published : Apr 07, 2025 07:29 am IST,  Updated : Apr 07, 2025 07:42 am IST

गर्मी के कारण दिन के समय में लोगों को बाहर निकलने में दिकक्त हो रही है। तेज धूप और गर्म हवाएं चल रही है। दिन पर दिन दिल्ली समेत कई राज्यों में लू (Heat Wave) चलने का अनुमान जताया गया है।

गर्मी से बेहाल लोग- India TV Hindi
गर्मी से बेहाल लोग Image Source : FILE PHOTO-PTI

अप्रैल के पहले हफ्ते में गर्मी का असर दिखने लगा है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा समेत कई राज्यों में तापमान रोज का रोज बढ़ रहा है। भारत के पांच राज्यों के 21 शहरों में रविवार को 42 डिग्री सेल्सियस और उससे ज्यादा तापमान दर्ज किया गया। दिल्ली में भीषण गर्मी की शुरुआत हो गई है। दिल्ली के अलावा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और ओडिशा के शहरों में भी गर्मी का प्रकोप जारी है। 

दिल्ली में तेजी से बढ़ रहा तापमान

राषट्रीय राजधानी दिल्ली में अप्रैल के पहले सप्ताह में तापमान तेजी से बढ़ा है। जो तीन डिग्री से अधिक से लेकर 6.9 डिग्री तक बढ़ गया। मौसम विभाग ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर में अब दिन के समय लू (Heat Wave) चलेगी। इससे और भी ज्यादा भीषण गर्मी पड़ेगी।

दिल्ली में हवाएं चलने का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार, सुबह के समय सतह पर चलने वाली हवा की गति 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है। इसके बाद हवा की गति धीरे-धीरे कम होकर दोपहर के समय दक्षिण-पूर्व दिशा से 4-6 किलोमीटर प्रति घंटा हो जाएगी। शाम और रात के समय इसकी गति बढ़कर दक्षिण-पूर्व दिशा से 8 किलोमीटर प्रति घंटा से कम हो जाएगी।

दिल्ली में रात का तापमान भी बढ़ेगा

मौसम विभाग ने बताया कि अप्रैल के महीने में पूरे उत्तर प्रदेश में सामान्य से अधिक अधिकतम तापमान रहने की उम्मीद है। पूर्वानुमान के अनुसार दिन का तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने की आशंका है। रात के तापमान के भी असामान्य रूप से अधिक रहने का अनुमान है। 

बाड़मेर में रिकॉर्ड गर्मी, तापमान 45 के पार

राजस्थान के बाड़मेर में गर्मी ने नए रिकॉर्ड बनाए हैं। रविवार को अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो अप्रैल के पहले सप्ताह में अब तक का सबसे अधिक तापमान है। यह सामान्य से 6.8 डिग्री अधिक है।

हरियाणा के इन जिलों में भीषण गर्मी का अलर्ट

हरियाणा में अप्रैल 2025 की शुरुआत से ही गर्मी और लू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने हाल ही में राज्य के कई जिलों के लिए लू (Heat Wave) का अलर्ट जारी किया है। हरियाणा में 7 से 9 अप्रैल तक लू चलने की संभावना है। हरियाणा के सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, जींद, रोहतक और सोनीपत जैसे जिलों में गर्मी का असर अधिक रहेगा। इन क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर जाने की आशंका है।

गुजरात के कई हिस्सों में चलेंगी गर्म हवाएं

मौसम विभाग ने कहा कि 7 से 10 अप्रैल के दौरान गुजरात के कुछ स्थानों पर गर्म हवाएं चलने की संभावना है, जबकि सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ स्थानों पर भीषण गर्मी की स्थिति रहने की संभावना है। इसी दौरान राजस्थान में भी लू चलने की संभावना है। 

इन राज्यों में लू चलने की संभावना

मौसम विभाग ने कहा कि हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, मध्य प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में लू चलने की संभावना है। गर्मी का असर दिन पर दिन बढ़ता जाएगा। लोगों को दिन के समय में बाहर निकलने में सावधानी बरतनी चाहिए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत