1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. तिरुपति बालाजी मंदिर में रील बनाई तो खैर नहीं! डांस करने वालों पर केस, कर्मचारियों पर भी एक्शन

तिरुपति बालाजी मंदिर में रील बनाई तो खैर नहीं! डांस करने वालों पर केस, कर्मचारियों पर भी एक्शन

 Reported By: T Raghavan,  Written By: Vineet Kumar Singh
 Published : Oct 27, 2026 11:03 pm IST,  Updated : Oct 27, 2026 11:03 pm IST

तिरुपति बालाजी मंदिर के सामने फिल्मी गानों पर डांस कर रील बनाने वालों के खिलाफ TTD ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। रील शूटिंग रोकने में लापरवाही बरतने के आरोप में मंदिर के कुछ कर्मचारियों को भी ड्यूटी से हटा दिया गया।

Tirupati Balaji Temple Reels, TTD Police Complaint- India TV Hindi
तिरुपति बालाजी मंदिर में रील बनाने वालों के खिलाफ एक्शन लिया गया है। Image Source : PTI

Highlights

  • तिरुपति बालाजी मंदिर परिसर में रील बनाने और डांस करने वालों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज।
  • रील शूट होते देखने के बावजूद नहीं रोका, मंदिर में तैनात लापरवाह कर्मचारियों को ड्यूटी से हटाया गया।
  • तिरुपति तिरुमला देवस्थानम ट्रस्ट ने भक्तों से मंदिर की पवित्रता और गरिमा बनाए रखने की अपील की।

तिरुपति: आंध्र प्रदेश के तिरुपति से मंगलवार को बड़ी खबर आई। तिरुमला स्थित श्रीवारी मंदिर के सामने रील बनाने और फिल्मी गानों पर डांस करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू हो गई है। तिरुपति तिरुमला देवस्थानम (TTD) ट्रस्ट ने इन लोगों के खिलाफ तिरुमला पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। मंदिर प्रशासन ने साफ किया है कि परिसर में रील या वीडियो बनाने पर रोक है। नियमों का उल्लंघन करने वालों को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

फिल्मी गानों पर डांस कर सोशल मीडिया पर डाली रील

दरअसल, मंदिर परिसर में वीडियो और रील बनाने की मनाही है। इसके बावजूद कुछ लोगों ने नियमों को नजरअंदाज किया और मंदिर के सामने फिल्मी गानों पर डांस करते हुए वीडियो बना लिए। बाद में इन वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड भी कर दिया गया। मामला सामने आने के बाद मंदिर प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया और संबंधित लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

रील बनाने वालों के साथ कर्मचारियों पर भी कार्रवाई

इस मामले में मंदिर परिसर में तैनात कुछ कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की गई है। आरोप है कि उनकी मौजूदगी में कुछ कपल्स मंदिर के पास रील शूट कर रहे थे। जब यह वीडियो बनाया जा रहा था, तब कर्मचारी वहां से गुजरे भी थे, लेकिन उन्होंने रील बनाने वालों को नहीं रोका। इसे ड्यूटी में लापरवाही मानते हुए संबंधित कर्मचारियों को उनकी ड्यूटी से हटा दिया गया।

भक्तों से मंदिर की पवित्रता बनाए रखने की अपील

TTD प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस पवित्र तीर्थस्थल की गरिमा और पवित्रता बनाए रखने में सहयोग करें। मंदिर प्रशासन का कहना है कि धार्मिक स्थल के नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। जो लोग इन नियमों को नजरअंदाज करेंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

दुनिया भर से दर्शन करने आते हैं करोड़ों श्रद्धालु

तिरुपति बालाजी मंदिर में दर्शन के लिए सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि दुनिया भर से करोड़ों श्रद्धालु पहुंचते हैं। बता दें कि मंदिर का वातावरण बेहद पवित्र और शांत होता है। यहां चारों ओर भक्तों के मुंह से ‘गोविंदा-गोविंदा’ का जयकारा सुनाई देता है। ऐसे धार्मिक स्थल पर फिल्मी गानों पर डांस करना या मनोरंजन के लिए रील बनाना मंदिर की मर्यादा को प्रभावित कर सकता है।

धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखना जरूरी

मंदिर प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद धार्मिक स्थलों पर सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाने को लेकर एक बार फिर सवाल उठे हैं। श्रद्धालु मंदिर में दर्शन और पूजा के लिए पहुंचते हैं, इसलिए वहां के नियमों और धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना जरूरी है। तिरुपति प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि मंदिर की पवित्रता और अनुशासन से समझौता नहीं किया जाएगा।

ये भी पढ़ें: तिरुपति मंदिर के 'श्रीवारी लड्डू प्रसाद' के पूरे हुए 311 साल, आज भी बरकरार है वही स्वाद

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।