हमारे दैनिक जीवन में खबरों की बेहद महत्वपूर्ण भूमिका होती है। कुछ लोगों की सुबह यह जाने बगैर अधूरी ही रहती है कि दुनिया में क्या हो रहा है? जो लोग डिजिटल तकनीक को समझते हैं, वे अपने खाली समय में या यात्रा करते हुए भी देश-दुनिया की खबरों की जानकारी लेते रहते हैं। आज के दौर में, जबकि लोग खबरें पाने के लिए न्यूज वेबसाइट्स पर निर्भर हैं, इंडिया टीवी न्यूज आपको हर तरह की ब्रेकिंग न्यूज, ब्रेकिंग स्टोरी वीडियो, लाइव टीवी और अन्य बेहतरीन शो एक मंच पर उपलब्ध कराता है ताकि आप किसी भी जरूरी जानकारी से अनभिज्ञ न रह जाएं। आप यहां सिर्फ एक पेज पर सभी तरह की ताजा खबरें और ब्रेकिंग न्यूज की लाइव कवरेज देख और पढ़ सकते हैं। देश और दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लिए आप बने रहिए इंडिया टीवी के LIVE ब्लॉग के साथ...
- Hindi News
- भारत
- राष्ट्रीय
- Today 15 April 2022 Breaking News: पढ़िए आज की सभी बड़ी खबरें और रहिए हर वक्त अपडेट
Today 15 April 2022 Breaking News: पढ़िए आज की सभी बड़ी खबरें और रहिए हर वक्त अपडेट
देश और दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लिए आप बने रहिए इंडिया टीवी के LIVE ब्लॉग के साथ...
Today 15 April 2022 Breaking News LIVE Updates
-
11:01 PM (IST) Apr 15, 2022
दादर से पुदुचेरी जाने वाली ट्रेन माटुंगा स्टेशन पास हुई बेपटरी, सभी यात्री सुरक्षित
मुंबई के दादर से पुदुचेरी जाने वाली ट्रेन (11005) के माटुंगा स्टेशन के पास पीछे के 3 डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे में फिलहाल किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
-
2:24 PM (IST) Apr 15, 2022
चीन में पांच साल तक बंदी बनाकर रखा गया एक कार्यकर्ता ताइवान लौटा
चीन में पांच साल तक बंदी रहा ताइवान का एक लोकतंत्र समर्थक कार्यकर्ता शुक्रवार सुबह ताइवान लौट आया। ताइवान की सेंट्रल न्यूज एजेंसी ने यह जानकारी दी। ली मिंग-चे को 2017 में चीनी अधिकारियों ने गिरफ्तार किया था और उन पर राज्य सत्ता के विरूद्ध विध्वसंक कार्रवाई करने का आरोप लगाया गया था। चीन द्वारा 2016 में विदेशी गैर-सरकारी संगठनों पर नियंत्रण को कड़ा करने वाला कानून पारित करने के बाद उनकी गिरफ्तारी हुई थी। ली ने ताइवान के लोकतंत्रीकरण पर ऑनलाइन व्याख्यान दिया था और चीन में राजनीतिक बंदियों के परिवारों के लिए एक कोष का प्रबंधन किया था। वह पिछले पांच वर्षों से मध्य हुनान प्रांत की एक जेल में सजा काट रहे थे। ली शुक्रवार सुबह दक्षिणी चीनी शहर जियामेन से विमान से ताइवान लौटे।
-
2:23 PM (IST) Apr 15, 2022
जो रूट ने इंग्लैंड की टेस्ट कप्तानी छोड़ी
जो रूट ने इंग्लैंड के टेस्ट क्रिकेट कप्तान पद से त्यागपत्र दे दिया है। रूट का यह फैसला पिछले महीने वेस्टइंडीज से टेस्ट श्रृंखला में 0-1 से हार और उससे पहले आस्ट्रेलिया में एशेज श्रृंखला में 0-4 से करारी शिकस्त के बाद आया है। रूट ने शुक्रवार को कहा, ‘‘यह मेरे करियर का सबसे चुनौतीपूर्ण फैसला रहा है, लेकिन अपने परिवार और अपने करीबी लोगों के साथ इस बारे में चर्चा करने के बाद मुझे लगा कि (कप्तानी छोड़ने के लिये) यह समय सही है।’’ इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान के रूप में 31 वर्षीय रूट के नाम पर सर्वाधिक मैचों में जीत का रिकार्ड है। उनकी अगुवाई में इंग्लैंड ने 27 मैच जीते हैं जो माइकल वान से एक अधिक तथा एलिस्टेयर कुक और एंड्रयू स्ट्रास से तीन अधिक है।
-
2:16 PM (IST) Apr 15, 2022
जो हालात देश के अंदर है, वह तनावपूर्ण है- अशोक गहलोत
राजस्थान के करौली में हुई घटना पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को कहा कि, आज जो कुछ भी हो रहा है उससे कुछ लोग खुश हो सकते हैं। आने वाला वक़्त उनके लिए भी अच्छा नहीं होगा। उनके लिए भी खतरनाक होगा। जो हालात देश के अंदर है, वह तनावपूर्ण है। प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्र के नाम संदेश जारी करें।
-
2:01 PM (IST) Apr 15, 2022
हमारे पूर्वानुमान के मुताबिक इस साल भारत में लगभग 99 प्रतिशत बारिश होने की उम्मीद है- डॉ. मृत्युंजय महापात्र
हमारे पूर्वानुमान के मुताबिक इस साल भारत में लगभग 99 प्रतिशत बारिश होने की उम्मीद है। उत्तर पूर्व राज्यों, दक्षिण के कुछ राज्य और उत्तर-पश्चिम में कुछ राज्यों को छोड़कर शेष भारत में बारिश सामान्य रहने की संभावना है: डॉ. मृत्युंजय महापात्र भारतीय मौसम विज्ञान के महानिदेशक, दिल्ली
-
1:55 PM (IST) Apr 15, 2022
उत्तर प्रदेश ATS ने अहमद मुर्तजा अब्बासी से पूछताछ को लेकर दी जानकारी
उत्तर प्रदेश ATS ने शुक्रवार को कहा कि- आतंकवाद निरोधक दस्ता, उत्तर प्रदेश द्वारा समय-समय पर किए गए गुडवर्क/अभियानों की सूचना ससमय प्रेस/मीडिया को प्रेस-नोट के माध्यम से उपलब्ध करा दी जाती है। मीडिया में प्रचलित ख़बर में अहमद मुर्तजा अब्बासी से पूछताछ के बाद 5 संदिग्ध ATS की हिरासत में लिए गए। अब तक 8 लोग हिरासत में लिए गए, इस ख़बर का UP ATS द्वारा खंडन किया जाता है, उक्त तथ्य सत्यता से परे एवं चैनल की अपनी मानसिकता की उपज हैं।
-
1:53 PM (IST) Apr 15, 2022
आज़ादी के समय से अब तक कांग्रेस तुष्टीकरण करती आई है- पुष्कर सिंह धामी
कांग्रेस का प्रेम किसी से छिपा नहीं है। आज़ादी के समय से अब तक कांग्रेस तुष्टीकरण करती आई है। सब लोग जानते हैं कि किन चीजों को कांग्रेस बढ़ावा देती है और अब मुस्लिम यूनिवर्सिटी की बात भी सबके सामने आ गई है: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
-
1:53 PM (IST) Apr 15, 2022
पश्चिम बंगाल: हंसखाली में रेप पीड़िता के परिज़नों से बीजेपी की 'फैक्ट फाइंडिंग' टीम ने मुलाक़ात की
पश्चिम बंगाल: हंसखाली में रेप पीड़िता के परिज़नों से बीजेपी की 'फैक्ट फाइंडिंग' टीम ने मुलाक़ात की। टीम की सदस्य और भाजपा सांसद रेखा वर्मा ने बताया, "मैं पूरी रिपोर्ट हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष को दूंगी, लेकिन दुख की बात है कि CM एक महिला है फिर भी पीड़िता के दर्द को नहीं समझती।"
-
1:52 PM (IST) Apr 15, 2022
शिवपाल सिंह यादव ने PSP की कार्यसमति को किया भंग
शिवपाल सिंह यादव की प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) ने अपनी सभी राज्य कार्य समितियों, राष्ट्रीय और राज्य कार्य प्रकोष्ठों और प्रवक्ताओं को भंग कर दिया है।
-
12:59 PM (IST) Apr 15, 2022
राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को वैक्सीन की 192.27 करोड़ से ज़्यादा डोज़ उपलब्ध कराई गई है- स्वास्थ्य मंत्रालय
राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को वैक्सीन की 192.27 करोड़ से ज़्यादा डोज़ उपलब्ध कराई गई है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास अभी वैक्सीन की 20.69 करोड़ से ज़्यादा डोज़ उपलब्ध है: स्वास्थ्य मंत्रालय
-
12:33 PM (IST) Apr 15, 2022
पक्षियों की अप्राकृतिक मृत्यु की खबर मिलते हीं पशुपालन विभाग एक्शन में आया
पक्षियों की अप्राकृतिक मृत्यु की खबर मिलते हीं पशुपालन विभाग एक्शन में आया और जांच के बाद कई पक्षियों में बर्ड फ्लू होने की पुष्टि हुई,जिसके बाद उनको मारकर दफनाने का काम किया जा रहा है। पूरे इलाके को सैनिटाइज भी किया गया: बर्ड फ्लू मामले पर पशुपालन अधिकारी राम शंकर झा,सुपौल,बिहार
-
12:03 PM (IST) Apr 15, 2022
उत्तर प्रदेश: उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू अयोध्या पहुंचे
उत्तर प्रदेश: उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू अयोध्या पहुंचे। इस दौरान उनके स्वागत के लिए मौके पर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मौज़ूद थीं। तस्वीरें अयोध्या रेलवे स्टेशन से हैं।
-
12:02 PM (IST) Apr 15, 2022
हैदराबाद: CJI एनवी रमना तेलंगाना में राज्य न्यायिक अधिकारी सम्मेलन में शामिल हुए
हैदराबाद: CJI एनवी रमना तेलंगाना में राज्य न्यायिक अधिकारी सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होनें कहा, "हमें न्यायपालिका को मजबूत करने के लिए न्यायपालिका के बुनियादी ढांचे और रिक्तियों को भरना होगा, क्योंकि न्याय तक पहुंच तभी संभव होगा जब हम पर्याप्त संख्या में उपलब्ध होंगे।"
-
12:01 PM (IST) Apr 15, 2022
भारत में भविष्य में रिकॉर्ड संख्या में चिकित्सक होंगे- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो लिंक के माध्यम से भुज में के के पटेल अस्पताल का लोकार्पण किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि, गुजरात में दो दशक पहले नौ ‘मेडिकल कॉलेज’ थे, अब यहां एक एम्स और तीन दर्जन से अधिक ‘मेडिकल कॉलेज हैं। देश के प्रत्येक जिले में एक ‘मेडिकल कॉलेज’ बनाने के फैसले से भारत में भविष्य में रिकॉर्ड संख्या में चिकित्सक होंगे।
-
11:51 AM (IST) Apr 15, 2022
खरगोन: मुस्लिम समाज घर पर बैठकर पढ़ेगा जुमे की नमाज
खरगोन में दंगे के बाद आज जुमे की नमाज मस्जिद में नहीं होगी। मुस्लिम समाज ने घर पर बैठकर नमाज पढ़ने का फैसला लिया है। गौरतलब है कि रामनवमी के अवसर पर मध्य प्रदेश के खरगोन में हिंसा हुई थी, जिसके बाद यहां कर्फ्यू लगा दिया गया था। अब इस कर्फ्यू में दो घंटे की ढील दी गई है। शुक्रवार सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक कर्फ्यू में ढील दी जाएगी। बड़ी बात यह है कि कर्फ्यू में ढील सिर्फ महिलाओं को दी जा रही है।
-
11:16 AM (IST) Apr 15, 2022
अमेरिका में रूसी सांसद और उसके दो सहयोगियों पर आपराधिक मामला
एक रूसी सांसद और उसके दो सहयोगियों ने यूक्रेन के खिलाफ सैन्य कार्रवाई सहित रूस की अन्य विदेश नीति एजेंडे के लिए अमेरिकी प्रशासन का समर्थन हासिल करने के उद्देश्य से गोपनीय दुष्प्रचार अभियान चलाया था। अमेरिका के न्याय विभाग के सार्वजनिक नहीं हुए एक अभियोग से यह जानकारी मिली है।
-
11:15 AM (IST) Apr 15, 2022
चीन में कोरोना वायरस संक्रमण के 3,400 से अधिक नये मामले
बीजिंग: चीन में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 3,400 से अधिक मामले सामने आए। इसके अलावा 20,700 ऐसे मामलों का भी पता चला जिनमें मरीजों में कोविड के कोई लक्षण नजर नहीं आए। संक्रमण के अधिकतर मामले शंघाई में आये जहां, पिछले दो सप्ताह से महामारी के प्रसार को काबू में लाने लॉकडाउन जारी है। स्थानीय लोगों में भोजन और स्वास्थ्य सेवाओं की आपूर्ति को लेकर अंसतोष बढ़ता जा रहा है।
-
11:15 AM (IST) Apr 15, 2022
यरूशलम स्थित अल-अक्सा मस्जिद में झड़प, 20 फलस्तीनी घायल
यरुशलम में प्रमुख पवित्र स्थल अल-अक्सा मस्जिद में जुमे की नमाज से पहले इजराइली पुलिस और फलस्तीनियों के बीच हुए संघर्ष में कम से कम 20 फलस्तीनी घायल हो गए। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हिंसा किस कारण से हुई। स्थल का प्रशासनिक कार्य संभालने वाली एक इस्लामी संस्था ने कहा कि इजराइली पुलिस ने तड़के की नमाज के तुरंत बाद उस समय मस्जिद में प्रवेश किया, जब हजारों लोग वहां मौजूद थे।
-
11:12 AM (IST) Apr 15, 2022
उत्तराखंड: CM धामी ने उत्तरकाशी के जाखोल में 'बिशु मेला कार्यक्रम' में हिस्सा लिया
उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी के जाखोल में 'बिशु मेला कार्यक्रम' में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा, "यह मेला जो हमारे पूर्वजों के समय से आयोजित होता रहा है। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम दिखाए गए हैं, जिससे हमारी संस्कृति को आगे बढ़ने का और मौका मिलेगा।"
-
11:12 AM (IST) Apr 15, 2022
सिरोही में बच्चों की मौत पर राजस्थान स्वास्थ्य मंत्री ने क्या कहा?
सिरोही में बच्चों की मौत पर राजस्थान स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि, मैंने कलेक्टर से बात की और उनके अनुसार 7 बच्चों की मौत हुई है। मौत किसी वायरल से हुई है। वहां पर सर्वे कराया गया है, अब स्थिति नियंत्रण में हैं। वहां पर एक टीम स्थायी रूप से लगी हुई है,जांच करने के बाद ही निष्कर्ष निकलेगा:
-
11:11 AM (IST) Apr 15, 2022
जानिए दिल्ली पुलिस ने JNU के पास झंडे और बैनर लगाने पर क्या कहा?
आज सुबह पता चला कि JNU के पास सड़क और आसपास के इलाकों में कुछ झंडे और बैनर लगाए गए हैं। हाल की घटनाओं को देखते हुए इन्हें तुरंत हटा दिया गया है और मामले में उचित क़ानूनी कार्रवाई की जा रही है: दिल्ली पुलिस
-
10:35 AM (IST) Apr 15, 2022
उत्तर प्रदेश: नोएडा में पिछले 7 दिनों में 44 बच्चे कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं
उत्तर प्रदेश: नोएडा में पिछले 7 दिनों में 44 बच्चें कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। जिनमें से 16 बच्चे 18 साल से कम उम्र के हैं। नोएडा में कोविड के कुल मामले 167 हैं। प्रभावित बच्चों का प्रतिशत 26.3% है: CMO
-
10:35 AM (IST) Apr 15, 2022
जोधपुर में भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत, 3 गंभीर रूप से घायल
राजस्थान के जोधपुर में भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, 3 लोग घायल हो गए। बिलाड़ा थाना इलाके में बीती रात ट्रेलर और बोलेरो गाड़ी में भीषण टक्कर हुई। इसमें बोलेरो सवार 9 लोगों में से 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तीन घायलों को जोधपुर रेफर किया गया। बिलाड़ा थाना क्षेत्र में बीती देर रात करीब 12:30 बजे हादसा हुआ।
-
10:30 AM (IST) Apr 15, 2022
कर्नाटकः ठेकेदार 'खुदकुशी' मामले में घिरे मंत्री ईश्वरप्पा आज देंगे इस्तीफा, CM ने की पुष्टि
कर्नाटक के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री केएस ईश्वरप्पा इस्तीफा देने जा रहे हैं, इसकी पुष्टि मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कर दी है। सीएम बोम्मई ने कहा कि ईश्वरप्पा ने खुद ही इस्तीफा देने का फैसला किया है और वह आज शाम को अपना त्यागपत्र सौंप देंगे। ठेकेदार संतोष पाटिल की कथित आत्महत्या के बाद विपक्षी दल ईश्वरप्पा के इस्तीफे की मांग के लिए दवाब बनाए हुए हैं। बेलगावी के ठेकेदार संतोष पाटिल ने ईश्वरप्पा पर 40 फीसदी कमीशन मांगने का आरोप लगाने के बाद कथित तौर पर खुदकुशी कर ली थी।
-
10:28 AM (IST) Apr 15, 2022
अब मिस्र को गेहूं का निर्यात करेगा भारत, पीयूष गोयल ने ट्वीट कर दी जानकारी
भारत अब मिस्र को गेहूं का निर्यात कर सकेगा। मिस्र ने भारत को गेहूं सप्लायर के रूप में मंजूरी दी। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। मिस्र के एग्रीकल्चर क्वारंटीन के चीफ डॉ. अहमद अल-अतर की रिपोर्ट के अनुसार कृषि मंत्री ने गेहूं आयात के लिए एक नई फैसिलिटी के रूप में भारत को मंजूरी दी है।
-
9:40 AM (IST) Apr 15, 2022
ठंडी हवाओं और बारिश से दिल्ली वालों को मिलेगी राहत!
लगातार चल रही गर्म हवाओं के बाद दिल्ली के मौसम में आज बदलाव देखने को मिलेगा। पहाड़ों पर हो रही बारिश के कारण दिल्ली की हवाओं में भी ठंडक घुल रही है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को दिल्ली के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। साथ ही आज दिनभर बादल छाए रहेंगे. ऐसे में पिछले कई दिनों से गर्मी से परेशान शहरवासियों को राहत मिलेगी।
-
9:37 AM (IST) Apr 15, 2022
प्रधानमंत्री ने ‘पोइला बोइशाख’ और ‘वीशू’ की शुभकामनाएं दीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को देश-दुनिया में रह रहे बांग्ला समुदाय के लोगों को बांग्ला नव वर्ष ‘‘पोइला बोइशाख’’ और केरलवासियों को उनके नव वर्ष ‘‘विशु’’ की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस अवसर पर लोगों के उत्तम स्वास्थ्य एवं सुख-समृद्धि की कामना की। मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘शुभ नव वर्ष। पोइला बोइशाख की ढेरों शुभकामनाएं। यह विशेष अवसर उत्कृष्ट बांग्ला संस्कृति का द्योतक है। मैं आशा करता हूं कि आने वाला नया साल आपके जीवन में आनंद, शांति और समृद्धि लेकर आए। हमारी सभी इच्छाएं पूरी हों।’’ बैशाख महीने का पहला दिन बांग्ला समुदाय के लिए खासा महत्व रखता है। वह इस दिन को ‘‘पोइला बोइशाख’’ यानी नव वर्ष के रूप में धूमधाम से मनाता है। प्रधानमंत्री ने केरल में मनाए जाने वाले विशु के अवसर पर देशभर में रह रहे मलयाली भाषी लोगों को बधाई दी। उन्होंने इन लोगों के बेहतर स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की। मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘विशु के विशेष अवसर पर आप सभी को बधाई, खासकर दुनियाभर में रह रहे मलयाली भाषी लोगों को। मैं कामना करता हूं कि यह नव वर्ष आप सभी के जीवन में खुशी और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए।’’
-
9:35 AM (IST) Apr 15, 2022
पंजाब के CM करेंगे फ्री बिजली का ऐलान?
16 अप्रैल (शनिवार) को पंजाब में 'आप' की भगवंत मान सरकार का एक महीना पूरा हो जाएगा। इस मौके पर पंजाब की जनता के लिए बड़ा ऐलान हो सकता है। 16 अप्रैल को पंजाब के CM फ्री बिजली का ऐलान करेंगे। (रिपोर्ट- भास्कर मिश्रा)
-
9:32 AM (IST) Apr 15, 2022
इजरायल ने किया दुनिया के पहले एंटी मिसाइल लेज़र सिस्टम का सफल परीक्षण
इजरायल ने दुनिया के पहले एंटी मिसाइल लेज़र सिस्टम का सफल परीक्षण किया है। इस बात की जानकारी खुद इजरायल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने दी है। इस मिसाइल डिफेंस सिस्टम को ‘आयरन बीम’ लेजर इंसपेक्शन का नाम दिया गया है। ये दुनिया की पहली ऊर्जा-आधारित हथियार प्रणाली है। इससे यूएवी, रॉकेट और मोर्टार को नीचे गिराने के लिए एक लेजर का इस्तेमाल किया जाता है। इजरायल के प्रधानमंत्री बेनेट के मुताबिक इससे एक शॉट के लिए महज 3.5 डॉलर का खर्चा आता है।
-
9:23 AM (IST) Apr 15, 2022
प्रधानमंत्री मोदी ने गुड फ्राइडे पर ईसा मसीह को याद किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुड फ्राइडे के अवसर पर ईसा मसीह को याद किया। उन्होंने कहा कि सेवा और भाईचारे के ईसा मसीह के आदर्श लोगों का मार्गदर्शन करते हैं। मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘आज गुड फ्राइडे के दिन हम ईसा मसीह के साहस और बलिदान को याद करते हैं। सेवा और भाईचारे के उनके आदर्श कई लोगों का मार्गदर्शन करते हैं।’’ गुड फ्राइडे ईसाई धर्म के लोगों के लिए पवित्र दिन है।माना जाता है इसी दिन ईसा मसीह को सलीब पर चढ़ाया गया था। इस दिन को होली फ्राइडे, ग्रेट फ्राइडे, ब्लैक फ्राइडे और इस्टर फ्राइडे भी कहा जाता है।
-
9:23 AM (IST) Apr 15, 2022
बाइडन ने लोगों को महावीर जयंती की शुभकामनाएं दीं
वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने बृहस्पतिवार को लोगों को महावीर जयंती की शुभकामनाएं दीं। ट्विटर पर प्रथम महिला जिल बाइडन और खुद की तरफ से जारी शुभकामना संदेश में उन्होंने कहा, ‘‘यह शांति, खुशी और सभी की सफलता के लिए प्रयास करने का दिन है।’’ बाइडन ने लिखा, ‘‘ हम सब महावीर स्वामी के सत्य की तलाश, हिंसा से दूरी और एक-दूसरे के साथ शांति एवं सद्भाव से रहने जैसे मूल्यों का अनुसरण करें।’’
-
9:22 AM (IST) Apr 15, 2022
दिल्ली: गुड फ्राइडे पर सेक्रेड हार्ट कैथेड्रल चर्च के बाहर जुलूस निकाला गया
दिल्ली: गुड फ्राइडे पर सेक्रेड हार्ट कैथेड्रल चर्च के बाहर जुलूस निकाला गया।
-
9:21 AM (IST) Apr 15, 2022
पश्चिम बंगाल: सिलीगुड़ी में लोग पोहेला बोइशाख (बंगाली नव वर्ष) मनाते हुए दिखे
पश्चिम बंगाल: सिलीगुड़ी में लोग पोहेला बोइशाख (बंगाली नव वर्ष) मनाते हुए दिखे।
-
9:17 AM (IST) Apr 15, 2022
भारत में पिछले 24 घंटों में COVID19 के 949 नए मामले सामने आए
भारत में पिछले 24 घंटों में COVID19 के 949 नए मामले सामने आए, 810 लोग डिस्चार्ज हुए और 6 लोगों की कोरोना से मौत हुई।
कुल मामले: 4,30,39,972
सक्रिय मामले: 11,191
कुल रिकवरी: 4,25,07,038
कुल मौतें: 5,21,743
कुल वैक्सीनेशन: 1,86,30,62,546 -
7:54 AM (IST) Apr 15, 2022
अरुणाचल प्रदेश के पांगिन में भूकंप आया
अरुणाचल प्रदेश के पांगिन में आज सुबह लगभग 6:56 बजे 5.3 तीव्रता का भूकंप आया: नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी
-
7:48 AM (IST) Apr 15, 2022
पुतिन ने माना- प्रतिबंधों ने रूस के तेल और गैस सेक्टर को नुकसान पहुंचा
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने गुरुवार को स्वीकार किया है कि पश्चिमी देशों की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों की वजह से रूस के तेल और गैस सेक्टर को नुकसाना पहुंचा है। इस वजह से एक्सपोर्ट कम हुआ है और इंडस्ट्री की लागत बढ़ी है। मॉस्को में अधिकारियों के साथ वर्चुअल कॉन्फ्रेंस के दौरान पुतिन ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि पश्चिमी देशों के बैंकों ने रूसी एनर्जी एक्सपोर्ट का भुगतान करने में देरी की।
-
7:34 AM (IST) Apr 15, 2022
तमिलनाडु: चिथिरई तिरुविझा उत्सव
तमिलनाडु: मदुरै में चिथिरई तिरुविझा उत्सव के दौरान रथ जुलूस के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ इकट्ठा हुई।
-
7:33 AM (IST) Apr 15, 2022
बीकानेर में रैली निकालने पर हंगामा
करौली हिंसा की आग अभी ठंडी भी नहीं पड़ी थी कि एक बार फिर राजस्थान में रैली निकालने के दौरान माहौल बिगड़ गया। बीकानेर में अंबेडकर जयंती पर रैली निकालने के दौरान विवाद हो गया। एक पक्ष के लोगों ने डीजे को बंद कराने की कोशिश की, जब डीजे नहीं बंद किया गया तो लोगों ने तोड़फोड़ की। मामले को लेकर बीकानेर में तनाव बढ़ गया है।
-
7:32 AM (IST) Apr 15, 2022
यूपी: 12 जिलों के पुलिस कप्तान बदले
यूपी में दोबारा से योगी सरकार बनने के बाद पहली बार बड़े पैमाने पर IPS अफसरों का तबादला किया गया है। यूपी में 12 जिलों के पुलिस कप्तान बदले गए हैं।
-
7:23 AM (IST) Apr 15, 2022
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में नक्सलियों ने एक गांव के 2 लोगों की हत्या कर दी
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली ज़िले में नक्सलियों ने एक गांव के दो लोगों की हत्या कर दी। इस दौरान एक नक्सली ने आत्मसमर्पण किया: गढ़चिरौली के पुलिस अधीक्षक अंकित गोयल
-
7:16 AM (IST) Apr 15, 2022
एलन मस्क ने ट्विटर खरीदने का ऑफर दिया, पूरा पेमेंट कैश में करेंगे
टेस्ला के फाउंडर एलन मस्क ने ट्विटर को खरीदने की इच्छा जताई है। उन्होंने इसके लिए 43 अरब डॉलर यानी 3.2 लाख करोड़ रुपए का ऑफर दिया है। मस्क हर शेयर के लिए 4130 रुपए के हिसाब से कैश पेमेंट देने को तैयार है। इस पर ट्विटर ने कहा कि बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स कंपनी और सभी स्टॉकहोल्डर्स के हित में फैसला लेने के लिए टेस्ला चीफ के नॉन बाइंडिंग एग्रीमेंट का मूल्यांकन करेंगे।
-
7:13 AM (IST) Apr 15, 2022
रूस का युद्धपोत मोस्कवा काला सागर में डूबा
रूस के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, बुधवार को एक विस्फोट से क्षतिग्रस्त हुआ एक रूसी युद्धपोत मोस्कवा डूब गया है। मंत्रालय के अनुसार, रूस के काला सागर बेड़े के प्रमुख मोस्कवा को बंदरगाह पर ले जाया जा रहा था, जब तूफानी समुद्र के कारण यह डूब गया। उधर यूक्रेन ने दावा करते हुए कहा कि हमारे हमले से युद्धपोत तबाह हुआ है जबकि मॉस्को ने यूक्रेन के दावे को खारिज कर दिया है।
-
6:22 AM (IST) Apr 15, 2022
प्रधानमंत्री मोदी आज गुजरात के भुज में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन करेंगे
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज गुजरात के भुज में के. के. पटेल सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए राष्ट्र को समर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने कहा कि अस्पताल का निर्माण श्री कच्छी लेवा पटेल समाज, भुज द्वारा किया गया है। पीएमओ ने बताया कि 200 बिस्तरों वाला अस्पताल कच्छ में पहला धर्मार्थ सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल है।