1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दर्दनाक! गहरे पानी में छोटे भाई को डूबता देख बड़े भाई ने लगाई छलांग, बचाने के चक्कर में डूबे दोनों मासूम; हो गई मौत

दर्दनाक! गहरे पानी में छोटे भाई को डूबता देख बड़े भाई ने लगाई छलांग, बचाने के चक्कर में डूबे दोनों मासूम; हो गई मौत

 Edited By: Vinay Trivedi
 Published : May 08, 2026 11:34 am IST,  Updated : May 08, 2026 01:34 pm IST

Sirmaur Brothers Drowned: सिरमौर जिले में दो मासूमों की पानी में डूबकर मौत हो गई है। इस हादसे में पहले छोटा भाई पानी में गिरा और उसे बचाने के चक्कर में दोनों की जान चली गई।

Himachal Pradesh drowning incident- India TV Hindi
सिरमौर में दो बच्चों की पानी में डूबकर मौत। Image Source : REPORTERS INPUT

Himachal Pradesh Drowning Incident: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां दो मासूम सगे भाइयों की खड्ड में डूबने से मौत हो गई। वहीं, इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार, यह हादसा जिले के संगड़ाह उपमंडल की नौहराधार तहसील के देवामानल गांव में हुआ। यहां छोटे भाई की जान बचाने के चक्कर में बड़े भाई की जान भी चली गई।

छोटे भाई को बचाने पानी में कूदा अभिनव

बताया जा रहा है कि देवामानल गांव के 2 सगे भाई, 8 साल के आयन और 9 साल अभिनव, गांव के पास खड्ड के किनारे खेल रहे थे। इसी दौरान, संकरे रास्ते से गुजरते समय अचानक आयन का पैर फिसल गया और वह खड्ड के गहरे पानी में जा गिरा। उसे डूबता देख बड़ा भाई अभिनव तनिक भी नहीं हिचकिचाया और भाई की जान बचाने के लिए खुद भी खड्ड में उतर गया। पानी गहरा होने के कारण दोनों भाई खुद को संभाल नहीं पाए और गहरे पानी में डूब गए।

बच्चों को पानी से निकालने में हो गई देर

फिर, हादसे की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन जब तक बच्चों के पिता वहां पहुंचे, तब तक दोनों बच्चों का शरीर पानी में उतरा रहा था। इसके बाद, दोनों को तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से नौहराधार अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

इधर, घटना की खबर मिलते ही नौहराधार पुलिस मौके पर पहुंची और केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। तहसीलदार नौहराधार विनोद कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजगढ़ भेजा गया है। इसके बाद, दोनों शवों को परिजनों को सौंपा जाएगा।

बारिश के दिनों नदी-नालों से दूर रहने की अपील

पीड़ित परिवार को प्रशासन की ओर से फौरी राहत दी जा रही है। एक साथ दो बेटों की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। गांव में हर आंख नम है और लोग इस दर्दनाक हादसे को याद कर भावुक हो उठे हैं। वहीं, एसडीएम संगड़ाह सुनील कायथ ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए क्षेत्रवासियों से अपील की कि इन दिनों बारिश के चलते जलस्तर बढ़ने के कारण नदी-नालों और खड्डों के किनारे विशेष सावधानी बरतें।

(इनपुट- कपिल ठाकुर)

ये भी पढ़ें- दुश्मनों की अब खैर नहीं! DRDO ने किया 'TARA' का सफल परीक्षण; भारत को मिला स्वदेशी ग्लाइड वेपन सिस्टम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत