1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. काम के बदले भत्ता मांगने पर HR टीम ने की मारपीट, पूर्व कर्मचारी ने कंपनी पर लगाया आरोप

काम के बदले भत्ता मांगने पर HR टीम ने की मारपीट, पूर्व कर्मचारी ने कंपनी पर लगाया आरोप

 Published : Sep 24, 2025 12:28 pm IST,  Updated : Sep 24, 2025 02:41 pm IST

नोएडा में एक कंपनी के पूर्व कर्मचारी ने दावा किया है कि काम के बदले भत्ता मांगने पर कंपनी की HR टीम ने उसके साथ मारपीट की है। इस घटना को लेकर पुलिस ने भी शिकायत दर्ज की है।

Noida employee assaulted by HR team - India TV Hindi
सांकेतिक फोटो। Image Source : PEXELS

उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक प्राइवेट कंपनी के पूर्व कर्मचारी ने कंपनी पर बड़ा आरोप लगाया है। पूर्व कर्मचारी का आरोप है कि जब उसने सेवा भत्ते को लेकर सवाल उठाया तो कंपनी की HR टीम के सदस्यों ने उसके साथ मारपीट की। पुलिस ने मंगलवार को इस घटना के बारे में जानकारी दी है। कंपनी के पूर्व कर्मचारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म  ‘रेडिट’ पर पोस्ट कर के अपना दुख बताया है। पूर्व कर्मचारी के मुताबिक, ये पूरी घटना 19 सितंबर को कंपनी के ऑफिस में हुई है। इस घटना के बाद कार्यस्थल की नैतिकता और कर्मचारियों के अधिकारों को लेकर बहस शुरू हो गई है।

क्या है पूरा मामला?

अपना दुख बताते हुए कंपनी के पूर्व कर्मचारी ने लिखा- ‘‘HR टीम ने मुझे बिना किसी कारण के नौकरी से निकाल दिया, काम के बदले मिलने वाले भत्ते से इनकार कर दिया और कार्यालय में मेरे साथ मारपीट की। मैंने पुलिस के पास शिकायत की है। मुझे सलाह चाहिए कि आगे क्या कदम उठाऊं।’’ पूर्व कर्मचारी ने आरोप लगाया है कि जब वह सेवा भत्ते पर बातचीत करने के लिओ HR टीम के पास पहुंचा, तो उसे कहा गया- ‘‘हम कोई जवाब नहीं देंगे। तुम्हें नौकरी से निकाल दिया गया है। जहां चाहो शिकायत कर लो।’’

HR टीम पर क्या है आरोप?

पूर्व कर्मचारी का आरोप है कि उसने दोबारा बातचीत का प्रयास किया और बातचीत को मोबाइल में रिकॉर्ड करने लगा। इस पर HR टीम के सदस्य ने  चिल्लाते हुए कहा कि उसका फोन छीनो। इसके बाद पूर्व कर्मचारी को जबरन रोका गया। पूर्व कर्मचारी ने बताया- ‘‘मेरा दाहिना हाथ मरोड़ दिया गया, मुझे तेज़ दर्द हो रहा था, और सच कहूं तो मैं बेहद अपमानित महसूस कर रहा था।’’ पूर्व कर्मचारी के मुताबिक, बाद में पुलिस को बुलाया गया और उसे पुलिस चौकी ले जाया गया। यहां उसने वीडियो सबूत के साथ एक शिकायत दर्ज कराई। पूर्व कर्मचारी ने बताया- "पुलिस ने एचआर टीम को थाने आने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने आने से इनकार कर दिया। अब मैं अधर में हूं– न तो सेवा समाप्ति भत्ता मिला, न ही कोई औपचारिक जवाब और ऊपर से मेरे साथ मारपीट की गई।"

पुलिस ने क्या बताया?

पुलिस ने इस घटना को लेकर शिकायत दर्ज कराए जाने की पुष्टि की है और कहा है कि उनकी ओर से आरोपों की जांच हो रही है। इन सब के बीच कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने पूर्व कर्मचारी को सलाह दी है कि वह मामले के वीडियो सार्वजनिक करे। वहीं, कई अन्य ने कानूनी कार्रवाई करने की सलाह दी। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- UKSSSC पेपर लीक का मास्टरमाइंड खालिद मलिक हरिद्वार से अरेस्ट, बहन भी हो चुकी है गिरफ्तार

रामलीला में पूनम पांडे नहीं करेंगी मंदोदरी का रोल, विवाद के बाद कमेटी ने लिखा पत्र-हमें माफ करें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत