1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. लखनऊ: BJP नेता ब्रह्मदत्त द्विवेदी हत्याकांड के आरोपी की गोली मारकर हत्या, माफिया मुख्तार अंसारी का था करीबी

लखनऊ: BJP नेता ब्रह्मदत्त द्विवेदी हत्याकांड के आरोपी की गोली मारकर हत्या, माफिया मुख्तार अंसारी का था करीबी

 Reported By: Ruchi Kumar Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Jun 07, 2023 04:30 pm IST,  Updated : Jun 07, 2023 06:27 pm IST

लखनऊ कचहरी में यूपी के पूर्व ऊर्जा मंत्री और बीजेपी के कद्दावर नेता रहे ब्रह्मदत्त द्विवेदी हत्याकांड के आरोपी संजीव जीवा की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। हमलावर वकील की ड्रेस में आए थे।

Sanjeev Jeeva- India TV Hindi
दिवंगत बीजेपी नेता ब्रह्मदत्त द्विवेदी और संजीव जीवा (सफेद टोपी में) Image Source : FILE

लखनऊ: यूपी की राजधानी लखनऊ से बड़ी खबर सामने आई है। लखनऊ कचहरी में संजीव जीवा नाम के शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। संजीव जीवा को माफिया मुख्तार अंसारी का करीबी माना जाता था। संजीव जीवा यूपी के पूर्व ऊर्जा मंत्री और बीजेपी के कद्दावर नेता रहे ब्रह्मदत्त द्विवेदी के हत्याकांड का आरोपी था। इस गोलीबारी में एक बच्ची और पुलिसकर्मी भी घायल हैं। हमलावर वकील के कपड़ों में आए थे। लखनऊ दीवानी न्यायालय में ये शूटआउट हुआ है। इस घटना में पुलिस ने एक हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है। 

 

आज बिना बुलेट प्रूफ जैकेट के ही कोर्ट गया था जीवा

जीवा के वकील का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर हार्डकोर क्रिमिनल संजीव माहेश्वरी उर्फ जीवा को कोर्ट में पेशी पर हमेशा बुलेट प्रूफ जैकेट पहनाकर लाया जाता था। वहीं आज बिना बुलेट प्रूफ जैकेट के ही वह कोर्ट गया था। जीवा को मारने वाले की पहचान विजय यादव के रूप में हुई है, वह जौनपुर का बताया जा रहा है। इस घटना को दोपहर 3.50 बजे से 3.55 बजे के बीच अंजाम दिया गया है। 

इस गोलीकांड में जो बच्ची घायल हुई है, उसकी पहचान लक्ष्मी के रूप में हुई है। वह डेढ़ साल की है। वह सुरक्षित है और उसे आईसीयू में रखा गया है। वहीं सिपाही लाल मोहम्मद के पैर में गोली लगी है। हालांकि उनकी हालत भी सुरक्षित बताई जा रही है। कचहरी परिसर के आस पास इंटरनेट बंद किया गया है।

कौन है विजय यादव, जिस पर जीवा की हत्या का लगा आरोप

जीवा की हत्या का आरोपी विजय यादव जौनपुर का रहने वाला है। वह काफी समय से लखनऊ में किसी प्राइवेट कंपनी में काम कर रहा था। उसने मुंबई में भी नौकरी की है। काफी दिनों से वह परिवार के संपर्क में नहीं था। विजय कुल चार भाई हैं, जिसमें वह तीसरे नंबर का था। सूत्रों के अनुसार, इसने आज़मगढ़ से एक लड़की भी भगाई थी। पुलिस के पास अभी उसका क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं है।

यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश ने उठाए कानून व्यवस्था पर सवाल

इस घटना पर यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि क्या यह लोकतंत्र है? सवाल यह नहीं है कि किसे मारा जा रहा है बल्कि सवाल यह है कि वहां मारा जा रहा है जहां सुरक्षा सबसे ज्यादा है।

यूपी के डिप्टी सीएम का बयान सामने आया

यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने इस घटना पर कहा, 'कोई भी हत्या करेगा तो वो बचेगा नहीं। उत्तर प्रदेश की पुलिस उसे पकड़ेगी और कानून के हिसाब से उसे सजा दी जाएगी।'

कौन है संजीव जीवा, जिसकी हत्या हुई

संजीव जीवा वेस्ट यूपी का एक कुख्यात अपराधी था, जो कभी कंपाउंडर हुआ करता था। उसने एक बार अपने ही मालिक का किडनैप कर लिया था। पश्चिमी यूपी का कुख्यात अपराधी संजीव माहेश्वरी उर्फ जीवा फिलहाल लखनऊ की जेल में बंद था। हाल ही में प्रशासन द्वारा उसकी संपत्ति भी कुर्क की गई थी।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश का पश्चिमी हिस्सा जितना खेती-किसानी के लिए प्रख्यात है, उतना ही गैंगस्टर और अपराधियों के लिए कुख्यात रहा है। भाटी गैंग, बदन सिंह बद्दो, मुकीम काला गैंग और न जाने कितने अपराधियों के बीच संजीव माहेश्वरी का भी नाम जुर्म की दुनिया में पनपा। 90 के दशक में संजीव माहेश्वरी ने अपना खौफ पैदा शुरू किया, फिर धीरे-धीरे वह पुलिस व आम जनता के लिए सिर दर्द बनता चला गया।

ये भी पढ़ें:

यूपी: कौन है BJP नेता ब्रह्मदत्त द्विवेदी हत्याकांड का आरोपी संजीव जीवा? लखनऊ कोर्ट में गोली मारकर हुई हत्या

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत