1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. CM धामी ने किया उत्तराखंड आदि रंगोत्सव का शुभारंभ, बोले- यह जनजातीय समाज के गौरव का उत्सव

CM धामी ने किया उत्तराखंड आदि रंगोत्सव का शुभारंभ, बोले- यह जनजातीय समाज के गौरव का उत्सव

 Written By: Vinay Trivedi
 Published : Oct 04, 2026 07:23 pm IST,  Updated : Oct 04, 2026 07:23 pm IST

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में उत्तराखंड आदि रंगोत्सव का उद्घाटन किया। इस दौरान, वे पारंपरिक रंग में रंगे नजर आए। रंगोत्सव में मुख्यमंत्री धामी कलाकारों के साथ थिरके और खुद ढोल भी बजाया।

Uttarakhand Adi Rangotsav- India TV Hindi
खटीमा में शुरू हुआ उत्तराखंड आदि रंगोत्सव। Image Source : REPORTERS INPUT

उत्तराखंड के खटीमा में आज (रविवार को) तीन दिवसीय उत्तराखंड आदि रंगोत्सव का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस मौके पर केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम और केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू भी मौजूद रहे। देशभर से पहुंचे जनजातीय कलाकारों ने लोकनृत्य, लोकसंगीत और पारंपरिक वेशभूषा के माध्यम से भारत की समृद्ध जनजातीय संस्कृति के विविध रंग प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री धामी भी कलाकारों के बीच पहुंचे, उनके साथ थिरके और स्वयं ढोल बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन भी किया।

जनजातीय समाज को शिक्षा से जोड़ रही धामी सरकार

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आदि रंगोत्सव जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपरा और गौरव का उत्सव है। राज्य सरकार जनजातीय समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं से जोड़ते हुए उन्हें सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। वहीं, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने मुख्यमंत्री धामी के साथ साझा प्रयासों की सराहना करते हुए खटीमा स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के विस्तार एवं सुविधाओं के लिए लगभग 10 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले हॉस्टल का टेंडर पूरा हो चुका है।

केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने की सीएम धामी की तारीफ

इसके अलावा, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने उत्तराखंड की जनजातीय विविधता और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदाओं, सुरंग दुर्घटनाओं, भूस्खलन जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में मुख्यमंत्री धामी ने जिस तरह कार्य किया, वह सराहनीय है। उन्होंने थारू, बोक्सा, जौनसारी और राजी सहित जनजातीय समुदायों की संस्कृति को उत्तराखंड की समृद्ध पहचान बताया।

सीएम धामी ने की एकलव्य आवासीय विद्यालय स्थापित करने की अपील

मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय मंत्रियों से पिथौरागढ़ क्षेत्र में भी एकलव्य आवासीय विद्यालय स्थापित करने का अनुरोध किया। राजस्थान, मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा, झारखंड, मिजोरम, उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश दिया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।