1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. उत्तराखंड: नैनीताल में व्यापारी की मौत, ट्रैफिक जाम के कारण चार दिनों में दूसरी मौत

उत्तराखंड: नैनीताल में व्यापारी की मौत, ट्रैफिक जाम के कारण चार दिनों में दूसरी मौत

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jun 09, 2025 11:52 pm IST,  Updated : Jun 09, 2025 11:59 pm IST

नैनीताल में समय से चिकित्सकीय सहायता नहीं मिल पाने के कारण एक व्यापारी की एंबुलेंस में ही जान चली गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय दुकानदार जगमोहन सिंह पिनारी के रूप में हुई है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : PTI

उत्तराखंड में पर्यटन सीजन के दौरान यातायात जाम के कारण चार दिनों में दूसरी मौत दर्ज की गई है। इस बार नैनीताल जिले के धनियाकोट क्षेत्र में एक व्यापारी की एंबुलेंस में ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय दुकानदार जगमोहन सिंह पिनारी के रूप में हुई है, जो खून की उल्टी के बाद रविवार शाम को अपने परिवार के साथ हल्द्वानी अस्पताल जा रहे थे।

समय पर अस्पताल नहीं पहुंचे

पुलिस और परिवार के मुताबिक, पिनारी को चिकित्सकीय सहायता की आवश्यकता थी, लेकिन एंबुलेंस के रास्ते में खराब हो जाने और लंबे यातायात जाम के कारण वह समय पर अस्पताल नहीं पहुंच सके। घटना की जानकारी देते हुए पिनारी के पुत्र लाभांशु पिनारी ने आरोप लगाया कि एंबुलेंस 4:30 बजे हल्द्वानी के लिए निकली थी, लेकिन यातायात जाम और वाहन में आई खराबी के कारण यह एंबुलेंस रात 9:30 बजे हल्द्वानी पहुंची। इस कारण मेरे पिता को समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पाई और उन्होंने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।

घटना के बाद जांच के आदेश

घटना के बाद, नैनीताल जिले की जिलाधिकारी वंदना सिंह ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह जानने की आवश्यकता है कि जब नई एंबुलेंस उपलब्ध थी, तो पुरानी एंबुलेंस क्यों भेजी गई। इस मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

चार दिन पहले मसूरी में मौत

चार दिन पहले, मसूरी में भी सड़क पर लंबी कतारों के कारण एक पर्यटक की समय पर चिकित्सा सहायता न मिलने से उसकी मौत हो गई थी। पर्यटन स्थल के आसपास के इलाकों में वाहनों का भारी दबाव और जाम की स्थिति बनी हुई है, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए यह एक बड़ी मुसीबत बन गई है।

कैंचीधाम में श्रद्धालुओं की भीड़

नैनीताल में पुलिस अपनी पूरी ताकत से यातायात को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है। इसके साथ ही, माइक पर यह घोषणा की जा रही है कि नैनीताल पूरी तरह से भरा हुआ है और लोग वापस अपने घरों को लौट जाएं। वहीं, कैंचीधाम में श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे यातायात प्रबंधन और भी जटिल हो गया है। 14 जून को होने वाले मेला के दौरान यातायात की स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण हो सकती है।

आवश्यक व्यवस्था के निर्देश

नैनीताल की जिलाधिकारी वंदना सिंह ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं और यातायात प्रबंधन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते करने का निर्देश दिया है। साथ ही उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि नैनीताल, भवाली, भीमताल और कैंचीधाम में सड़क पर खाद्य पदार्थों के वाहनों को खड़ा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी, ताकि यातायात में किसी तरह की और परेशानी न हो। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

लड़की से 10 लोगों ने किया रेप, रघुवर दास बोले- CM के निर्वाचन क्षेत्र में भी आदिवासी लड़कियां सुरक्षित नहीं

ऑपरेशन सिंदूर: पाकिस्तान की गोलाबारी में तबाह सैंकड़ों घरों को बसाएगी मोदी सरकार, 25 करोड़ रुपये मंजूर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत