Friday, February 13, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत बिगड़ी, कार्यक्रम के दौरान हुए बेहोश

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत बिगड़ी, कार्यक्रम के दौरान हुए बेहोश

Edited By: Rituraj Tripathi @riturajfbd Published : Jun 25, 2025 11:56 pm IST, Updated : Jun 26, 2025 12:16 am IST

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत एक कार्यक्रम के दौरान अचानक बिगड़ गई। वह कार्यक्रम के दौरान ही बेहोश हो गए। हालांकि उनकी मेडिकल टीम ने फौरन उन्हें राहत दी और फिलहाल वह ठीक हैं।

Jagdeep Dhankhar- India TV Hindi
Image Source : PTI उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत बिगड़ी

नैनीताल: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की एक कार्यक्रम के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। इस दौरान वह बेहोश भी हो गए। अचानक हुई इस घटना से उपराष्ट्रपति की मेडिकल टीम फौरन हरकत में आ गई और उन्हें होश में लाया गया। बता दें कि धनखड़ बुधवार को अपने तीन दिवसीय दौरे पर नैनीताल पहुंचे थे। 

क्या है पूरा मामला? कैसी है तबीयत? 

हालांकि जगदीप धनखड़ को उनकी मेडिकल टीम ने फौरन राहत दी और वह बाद में ठीक हो गए। इसके बाद वह राजभवन के लिए रवाना हो गए, यहां वह रात्रि में विश्राम करेंगे। दरअसल ये घटना उस वक्त घटी, जब उपराष्ट्रपति धनखड़ बुधवार को कुमाऊं विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह में मौजूद थे।

समारोह के दौरान उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भाषण देने के बाद मंच से नीचे उतरने लगे और अपने पूर्व संसदीय सहयोगी महेंद्र सिंह पाल की तरफ बढ़े। वह, पाल को देखकर भावुक हो गए और उन्होंने एक दूसरे को गले लगाया। इसी दौरान उपराष्ट्रपति, पाल के कंधों पर ही बेसुध हो गए। इसके बाद उनकी मेडिकल टीम ने उन्हें फौरन राहत पहुंचाई।

उत्तराखंड यात्रा के पहले दिन हुई घटना

यह घटना उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की उत्तराखंड यात्रा के पहले दिन हुई। उनके प्रवास के दौरान कई आधिकारिक कार्यक्रमों में भाग लेने की उम्मीद है। उपराष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, वे 25 से 27 जून तक तीन दिनों के लिए नैनीताल का दौरा करेंगे। 25 जून को धनखड़ को कुमाऊं विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह की अध्यक्षता करनी थी और संस्थान के छात्रों और संकाय सदस्यों को संबोधित करना था।

27 जून को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शेरवुड कॉलेज के 156वें ​​स्थापना समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अध्यक्षता करेंगे। इस दौरे के दौरान उपराष्ट्रपति नैनीताल में राजभवन भी जाएंगे।

कार्यक्रम से पहले, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का गणमान्य लोगों की एक सभा ने गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वागत करने वालों में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य (मुख्यमंत्री का प्रतिनिधित्व करते हुए), सांसद अजय भट्ट, हल्द्वानी के मेयर गजराज बिष्ट, वन एवं पर्यावरण सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष दीपक मेहरा, कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत, आईजी रिद्धिम अग्रवाल, जिलाधिकारी वंदना और एसएसपी प्रहलाद नारायण मीना शामिल थे। (इनपुट: भाषा)

Latest India News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत

Advertisement
Advertisement
Advertisement