1. Hindi News
  2. बिहार
  3. जन सुराज पार्टी को आवंटित किया गया चुनाव चिह्न, 'स्कूल बैग' के निशान पर ताल ठोकेंगे सभी 243 प्रत्याशी

जन सुराज पार्टी को आवंटित किया गया चुनाव चिह्न, 'स्कूल बैग' के निशान पर ताल ठोकेंगे सभी 243 प्रत्याशी

 Reported By: Nitish Chandra Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Jun 25, 2025 06:12 pm IST,  Updated : Jun 25, 2025 11:55 pm IST

चुनाव आयोग ने प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी को बिहार विधानसभा चुनावों के लिए 'स्कूल बैग' चुनाव चिह्न दिया है। पार्टी ने ऐलान किया है कि वह सूबे की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

Jan Suraaj Party symbol, school bag election symbol, Prashant Kishor party- India TV Hindi
जन सुराज के पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सिंह उर्फ पप्पू सिंह और सूत्रधार प्रशांत किशोर। Image Source : PTI

पटना: चुनाव आयोग ने जन सुराज पार्टी को आगामी चुनावों के लिए 'स्कूल बैग' चुनाव चिह्न आवंटित किया है। पार्टी के सभी 243 प्रत्याशी इस निशान पर चुनाव मैदान में उतरेंगे। जन सुराज पार्टी ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि 'स्कूल बैग' शिक्षा और प्रगति का प्रतीक है, जो उनकी विचारधारा को दर्शाता है। बता दें कि जन सुराज बिहार में एक उभरता हुआ राजनीतिक दल है, जिसकी स्थापना प्रशांत किशोर ने की है। प्रशांत किशोर, जिन्हें पीके के नाम से भी जाना जाता है, एक प्रसिद्ध राजनीतिक रणनीतिकार रहे हैं, जिन्होंने कई बड़े नेताओं के लिए चुनावी रणनीति बनाई। 2015 में उन्होंने नीतीश कुमार और लालू यादव को मिलाकर बिहार में महागठबंधन की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।

पार्टी ने प्रशांत किशोर को CM फेस के रूप में पेश किया

सियासी रणनीतिकार के रूप में लंबा समय बिताने के बाद प्रशांत किशोर खुद सक्रिय राजनीति में उतर गए और जन सुराज पार्टी की स्थापना की। प्रशांत किशोर के मुताबिक, जन सुराज पार्टी का मुख्य उद्देश्य बिहार में शिक्षा, रोजगार और प्रशासनिक सुधारों पर जोर देना है। पार्टी सभी 243 विधानसभा सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है, और वह फिलहाल किसी गठबंधन में नहीं है। प्रशांत किशोर को पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए मुख्यमंत्री उम्मीदवार के रूप में पेश किया है, और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह (पप्पू सिंह) ने दावा किया है कि किशोर बिहार में सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री उम्मीदवार हैं।

नीतीश और तेजस्वी दोनों के खिलाफ हैं प्रशांत किशोर

प्रशांत किशोर और उनकी जन सुराज पार्टी बिहार की राजनीति में तीसरे विकल्प के रूप में उभरने की कोशिश कर रहे हैं, जो नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले NDA और तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले महागठबंधन के खिलाफ है। किशोर दोनों नेताओं की नीतियों और शासन की आलोचना करते हैं, और बिहार में शिक्षा, रोजगार और सुशासन को बढ़ावा देने का दावा करते हैं। उनकी आक्रामक रणनीति और बयानबाजी बिहार के आगामी विधानसभा चुनाव में एक रोचक राजनीतिक मुकाबले का संकेत देती है।

चुनाव आयोग ने अन्य दलों को भी दिए चुनाव चिह्न

बता दें कि निर्वाचन आयोग ने प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के अलावा अन्य दलों को भी चुनाव चिह्र आवंटित किए हैं। ये चुनाव चिह्न इन पार्टियों के लिए बिहार विधानसभा चुनावों के दौरान सभी 243 विधानसभा सीटों पर मान्य होंगे। जिन अन्य दलों को चिह्न मिले हैं, उनके नाम हैं:

  1. भारतीय सार्थक पार्टी - कैंची  
  2. लोहिया जनता दल - बाल्टी  
  3. राष्ट्रीय लोक मोर्चा - गैस सिलेंडर  
  4. जन सहमति पार्टी - लेडी पर्स  
  5. विकासशील इंसान पार्टी - नाविक के साथ नाव  
  6. भारतीय जनता समाजसेवी पार्टी - बांसुरी  
  7. राष्ट्रीय समाजवादी लोक अधिकार पार्टी - अंगूठी

बता दें कि बिहार में आने वाले दिनों में विधानसभा चुनाव का ऐलान होना है और सभी पार्टियों ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है। पिछले विधानसभा चुनावों में मुकाबला बेहद करीबी था, हालांकि नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए ने सरकार बना ली थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।