1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Weather Update: दिल्ली समेत 12 राज्यों में बारिश का अलर्ट, लुधियाना में 2.8 डिग्री पर पहुंचा पारा; यहां पर छाया घना कोहरा

Weather Update: दिल्ली समेत 12 राज्यों में बारिश का अलर्ट, लुधियाना में 2.8 डिग्री पर पहुंचा पारा; यहां पर छाया घना कोहरा

 Written By: Mangal Yadav
 Published : Dec 22, 2023 07:23 am IST,  Updated : Dec 22, 2023 07:44 am IST

उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। इस बीच मौसम विभाग ने दिल्ली समेत देश के 12 राज्यों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश की संभावना जताई है। जबकि चार राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट है। 10 से ज्यादा राज्यों में घना कोहरा पड़ेगा।

12 राज्यों में बारिश का अलर्ट- India TV Hindi
12 राज्यों में बारिश का अलर्ट Image Source : PTI

नई दिल्लीः दिल्ली-एनसीआर समेत देश कई राज्यों में आज सुबह घना देखा जा रहा है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्से, उत्तर पश्चिम राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़, झारखंड और पश्चिम बिहार, मध्य प्रदेश में न्यूनतम तापमान पिछले 24 घंटों के दौरान 2 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। इन सभी राज्यों में सबसे कम पंजाब के लुधियाना में 2.8 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। यहां पर 3.7 डिग्री तापमान में गिरावट दर्ज की गई। राजस्थान के चुरु में तापमान 3.8 डिग्री दर्ज किया गया।

इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने बताया कि 22, 23 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा,चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर-पश्चिम राजस्थान में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश की संभावना है। वहीं, 23 दिसंबर को उत्तर-पश्चिमी यूपी, उत्तर-पूर्वी राजस्थान में हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा तमिलनाडु, कराईकल, केरल के अलग-अलग स्थानों पर भी हल्की से मध्यम स्तर की बारिश की भविष्यवाणी की गई है।

इन राज्यों में कोहरा छाए रहने की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक हरियाणा, पंजाब में बहुत घना कोहरा छाया रहेगा। इसके अलावा यूपी, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, ओडिशा और त्रिपुरा में अगले तीन दिनों के दौरान घना कोहरा छाया रहेगा। इसके साथ ही उत्तर पश्चिम भारत में अगले 2-3 दिनों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

चार राज्यों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश,उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। बता दें कि इन पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी पिछले कई दिनों से हो रही है। इसकी वजह से यहां का न्यूनतम तापमान माइनस के काफी नीचे तक चला गया है।

यहां पर ठंड से राहत की उम्मीद

मौसम विभाग ने बताया कि अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत और पूर्वी भारत के न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। यानी यहां पर सर्दी से हल्की राहत मिलने की उम्मीद है।

दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है। साथ ही न्यूनतम तापमान घटकर पांच डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। दिल्ली में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के मुताबिक, अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक बहुत खराब श्रेणी में दर्ज किया गया।

यहां देखे मौसम के सभी अपडेट्स- मौसम का हाल

 

राजस्थान का मौसम

राजस्थान के सीकर और चूरू सहित कई इलाकों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है जहां बीती रात न्यूनतम तापमान सीकर में 2.5 डिग्री और फतेहपुर में 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, 22 दिसंबर को पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर, नागौर, चूरू, हनुमानगढ़ व गंगानगर जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश/बूंदाबांदी होने की संभावना है। शेष अधिकतर भागों में बादल छाए रहने की संभावना है। वहीं 23 दिसंबर से आगामी एक सप्ताह के दौरान राज्य के ज्यादातर भागों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत