1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बाहर निकलने से बचें! आसमान से बरस रही आग, 47 के पार पहुंचा तापमान, इन जिलों के लिए जारी हुआ Heatwave का अलर्ट

बाहर निकलने से बचें! आसमान से बरस रही आग, 47 के पार पहुंचा तापमान, इन जिलों के लिए जारी हुआ Heatwave का अलर्ट

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : May 25, 2026 10:49 pm IST,  Updated : May 25, 2026 11:01 pm IST

तपती गर्मी के बीच मौसम विभाग ने लू (Heatwave) का अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश के खजुराहो में पारा 47.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके साथ ही महाराष्ट्र और यूपी के बांदा में भी रिकॉर्ड गर्म दर्ज की गई है।

लू का अलर्ट- India TV Hindi
लू का अलर्ट Image Source : PTI

देश के कई राज्यों में सोमवार को भीषण गर्मी का दौर जारी रहा। उत्तर प्रदेश का बांदा जिला और महाराष्ट्र का ब्रह्मपुरी क्षेत्र 47.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश के सबसे गर्म स्थान रहे। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मानकों के अनुसार, मैदानी इलाकों में यदि अधिकतम तापमान 45 डिग्री से अधिक हो जाता है, तो उसे 'लू' घोषित किया जाता है, जबकि 47 डिग्री से ऊपर के तापमान को 'भीषण लू' की श्रेणी में रखा जाता है। 

बांदा में तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस

उत्तर प्रदेश के कम से कम 6 शहर आईएमडी की उन स्थानों की सूची में शामिल हैं, जहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। बांदा में सर्वाधिक तापमान 47.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक है। इसके बाद झांसी में 46 डिग्री, उरई में 45.8 डिग्री, आगरा में 45.5 डिग्री, प्रयागराज में 45.4 डिग्री और हमीरपुर में 45.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। 

इन हिस्सों में लू चलने का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण लू चलने की संभावना है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी दिन के समय लू की स्थिति बनी रहेगी। दोनों क्षेत्रों में रातें भी गर्म रहने का अनुमान है। उत्तर प्रदेश सरकार ने पहले ही परामर्श जारी कर लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे के बीच बाहर निकलने से बचने, हल्के कपड़े पहनने और मौसमी फलों व तरल पदार्थों के जरिए शरीर में पानी की मात्रा बनाए रखने की सलाह दी है। 

28 मई तक लू का ऑरेंज अलर्ट

महाराष्ट्र के लिए आईएमडी ने विदर्भ क्षेत्र में दो दिनों के लिए लू का अलर्ट और उसके बाद 28 मई तक 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। विदर्भ का ब्रह्मपुरी 47.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म स्थान रहा, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक है। क्षेत्र के अन्य शहरों में नागपुर में 46.5 डिग्री, गढ़चिरौली और भंडारा में 46.4 डिग्री, गोंदिया में 46.1 डिग्री, वर्धा और झांसी में 46 डिग्री और अकोला में 45.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। 

कोटा में तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस

राजस्थान में भी भीषण गर्मी का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, कोटा 45.6 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। चित्तौड़गढ़ और श्रीगंगानगर में 45 डिग्री, पिलानी में 44.5 डिग्री, अलवर में 44.4 डिग्री, जैसलमेर में 44.3 डिग्री और बीकानेर में 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। हरियाणा के सिरसा में तापमान 46.2 डिग्री और रोहतक में 45.2 डिग्री रहा। 

खजुराहो में भी तापमान 47 के पार

मध्य प्रदेश के खजुराहो में पारा 47.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। ओडिशा में भी सोमवार को भीषण गर्मी का असर बना रहा, जहां नौ शहरों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के ऊपर दर्ज किया गया। राज्य में बौध 45.9 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म स्थान रहा, जिसके बाद टिटलागढ़ में अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के अन्य शहरों में भवानीपटना और नुआपाड़ा में 44.5 डिग्री, झारसुगुड़ा में 44.4 डिग्री, संबलपुर और बलांगीर में 44.2 डिग्री, हीराकुद में 43.2 डिग्री और सोनपुर में 43 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। 

इन हिस्सों के लिए जारी हुआ अलर्ट

मौसम विभाग ने संबलपुर, बलांगीर और बौध जिलों के लिए बुधवार तक 'रेड अलर्ट' जारी किया है, जबकि झारसुगुड़ा, सोनपुर, कालाहांडी और नुआपाड़ा के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है तथा कंधमाल और बरगढ़ के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। वहीं, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी तापमान 44 डिग्री के आसपास रहा, जहाँ रिज स्टेशन पर अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

29 मई के बाद लू से राहत मिलने के आसार

आईएमडी ने कहा, 'अगले 4-5 दिनों के दौरान मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत में तथा अगले 3-4 दिनों के दौरान पूर्वी और निकटवर्ती प्रायद्वीपीय भारत में भीषण लू की स्थिति बने रहने की संभावना है।' विभाग ने यह भी कहा कि 29 मई से अधिकतम तापमान में कमी आने और लू से राहत मिलने के आसार हैं।

ये भी पढ़ें: 

कल आने वाला है मानसून, देश के इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ होगी झमाझम बारिश, जानिए अपने इलाके का अपडेट

'अब होगा महायुद्ध, जोरदार तरीके से चलेंगी गोलियां', ट्रंप ने ईरान को दी बड़ी धमकी, अरब देशों से भी की खास अपील

 
 
 
 
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत