1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Weather News: देश के इन हिस्सों में भारी बारिश ने मचाई तबाही, यूपी समेत इन जगहों के लिए जारी हुआ 'रेड अलर्ट'

Weather News: देश के इन हिस्सों में भारी बारिश ने मचाई तबाही, यूपी समेत इन जगहों के लिए जारी हुआ 'रेड अलर्ट'

 Written By: Shailendra Tiwari
 Published : Aug 21, 2022 07:33 am IST,  Updated : Aug 21, 2022 07:33 am IST

Weather News: मंडी में भूस्खलन और बादल फटने से 16 लोग मलबे में दब गए। यहां 13 लोगों ने जान गंवाई। जानकारी के मुताबिक एक ही परिवार के 8 लोगों की मौत हो गई है।

Chakki bridge collapsed in Himachal Pradesh- India TV Hindi
Chakki bridge collapsed in Himachal Pradesh Image Source : PTI

Highlights

  • यूपी में आज भारी बारिश की चेतावनी
  • ओडिशा में उत्तरी हिस्से में बाढ़ का खतरा
  • 5 राज्यों में भारी बारिश, बाढ़ और लैंडस्लाइड से 33 लोगों की मौत

Weather News: उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और झारखंड में भारी बारिश हुई है।  उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश समेत 5 राज्यों में भारी बारिश, बाढ़ और लैंडस्लाइड से 33 लोगों की मौत हुई, जबकि 17 लापता हैं। हिमाचल प्रदेश में 22 लोगों की मौत हुई है। सबसे ज्यादा तबाही मंडी, कांगड़ा और चंबा जिले में हुई है। वहीं, उत्तराखंड में 4 ने जान गंवाई। इसके अतिरिक्त ओडिशा में 4, जम्मू-कश्मीर में 2 और झारखंड में 1 की मौत हुई। 

हिमाचल प्रदेश में 25 अगस्त तक हो सकती लैंड स्लाइड

बता दें कि हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार रात से भारी बारिश हो रही है। कांगड़ा में चक्की खड्ड पर अंग्रेजों द्वारा बनाए गए रेलवे पुल के तीन पिलर पूरी तरह ढह गए। तीन हाईवे बंद होने से सैकड़ों यात्री देर रात से अपने-अपने गाड़ियों में ही भूखे-प्यासे फंसे रहे। खराब मौसम के चलते मणिमहेश यात्रा दो दिन के लिए टाल दी गई है। मंडी में भूस्खलन और बादल फटने से 16 लोग मलबे में दब गए। यहां 13 लोगों ने जान गंवाई। जानकारी के मुताबिक एक ही परिवार के 8 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, थुनाग में बादल फटने से 31 मकान, 60 दुकानें, 26 गोशालाएं और 1 पुल ध्वस्त हो गया। चंबा में मलबे में दबने से घर में सो रहे दंपती और बेटे की मौत हुई है। राज्य में 268 मार्गों पर आवाजाही ठप हो गई। आपदा प्रबंधन विभाग ने 25 अगस्त तक राज्य में भारी बारिश के पूर्वानुमान के कारण लैंड स्लाइड की चेतावनी जारी की है।

उत्तराखंड में कई गांवों की सड़कें टूटी

उत्तराखंड में हादसों में करीबन एक दर्जन लोग जख्मी हुए हैं,12 लापता हैं। 4 लोगों को हेलिकॉप्टर से सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया। सौंग नदी पर बने रायपुर-थानो पुल की एप्रोच सड़क का 40 मीटर हिस्सा नदी में समा गया। राज्य के कई गांवों की सड़कें और संपर्क मार्ग टूट चुके हैं। जगह-जगह मलबा और चट्टानें आने से 3 हाइवे समेत करीब 250 सड़कें ठप हो गई हैं। कई इलाकों में बिजली और पानी की लाइनें भी ध्वस्त हो गईं  हैं।

Water entered the temple in Uttarakhand
Image Source : PTIWater entered the temple in Uttarakhand

ओडिशा में उत्तरी हिस्से में बाढ़ का खतरा

ओडिशा के उत्तरी हिस्से में शुक्रवार रात भारी बारिश होने के कारण कई नदियों में जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। महानदी के किनारे का हिस्सा पहले ही बाढ़ की मार झेल रहा है। जहां 500 गांवों में करीब 5 लाख लोग फंसे हुए हैं। ओडिशा जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता बीके मिश्रा ने शनिवार को कहा कि बालासोर, क्योंझर और मयूरभंज में शुक्रवार रात भारी बारिश हुई थी। इसके बाद सुवर्णरेखा, बुधबलंग, वैतरणी और सालंदी में जलस्तर पर नजर रखी जा रही है। खबर है कि राज्य में बारिश के चलते 6 लोगों की मौत हुई है।

यूपी में रेड अलर्ट की चेतावनी

यूपी में आज भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। बताया गया कि 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। कई जगह बिजली गिरने की आशंका है। मौसम विभाग के मुताबिक दो तरफ से उठने वाली हवाओं से बने नमी के दबाव के कारण पूरे राज्य में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का मानना है कि प्रदेश में अनुमान से करीब 44% कम बारिश अब तक हुई है। गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। लखनऊ, उन्नाव, बाराबंकी, अयोध्या, गोंडा, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती और अमेठी के अलावा फतेहपुर बांदा में रेड अलर्ट जारी की गई है।

वहीं बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, रामपुर, बदायूं, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, कन्नौज, संत रविदास नगर, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर अंबेडकरनगर, प्रयागराज, कौशांबी, कानपुर नगर, कानपुर देहात, जौनपुर, मैनपुरी, संभल, हाथरस, आगरा, अमरोहा, झांसी और चित्रकूट जैसे जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में बिजली की गरज चमक के बीच 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलने की संभावना जताई गई है।

झारखंड में भारी बारिश से कोयला उत्पादन पर असर

झारखंड में 24 घंटों से हो रही भारी बारिश से लगभग सभी नदियां उफान पर हैं। सात लोग इनमें बह गए हैं, वहीं बारिश के कारण 4 लोगों की जान गई है। करीब 10 से 12 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही है। रांची से जाने वाली 8 उड़ानों को रद्द कर दिया गया है, जबकि 5 उड़ानें डायवर्ट हुई हैं। बता दें कि धनबाद जिले में कोयला उत्पादन पर खासा असर पड़ा है। बारिश से लगभग 50 फीसदी उत्पादन प्रभावित हुआ है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत