1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. लू और गर्मी से मिलने वाली है राहत! मौसम विभाग ने बताया तेज हवा के साथ कहां होगी बारिश

लू और गर्मी से मिलने वाली है राहत! मौसम विभाग ने बताया तेज हवा के साथ कहां होगी बारिश

 Written By: Mangal Yadav
 Published : May 31, 2024 06:28 pm IST,  Updated : May 31, 2024 09:00 pm IST

चिलचिलाती गर्मी से परेशान लाखों लोगों के लिए मौसम विभाग ने खुशखबरी दी है। देश कई राज्यों में दो जून तक मध्यम से लेकर भारी स्तर की बारिश होने के आसार बन रहे हैं।

भीषण गर्मी से बचने के लिए छाता का सहारा लेती महिलाएं- India TV Hindi
भीषण गर्मी से बचने के लिए छाता का सहारा लेती महिलाएं Image Source : PTI

नई दिल्लीः दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में तपती गर्मी से लोग परेशान हैं। इस बीच मौसम विभाग ने बताया है कि अगले तीन दिनों में भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में अगले 48 घंटे के दौरान हीटवेव (लू) में कमी आने की संभावना है। अगले 4-5 दिनों के अंदर पूर्वोत्तर भारत में छिटपुट बारिश से लेकर भारी वर्षा हो सकती है। 

यहां पर दो जून तक हो सकती है भारी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे के दौरान उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, उप-हिमालय पश्चिम बंगाल,नागालैंड और सिक्किम में मध्यम से लेकर भारी स्तर की बारिश दर्ज की गई। इन राज्यों में दो जून तक भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 115.5-204.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा सकती है।

इन राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार

आईएमडी ने 4 जून तक केरल में भारी से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 31 मई से 2 जून तक और तमिलनाडु और कर्नाटक में 1 जून से 3 जून तक भारी वर्षा होने की भी संभावना है। मौसम रिपोर्ट में कहा गया है कि 3 जून के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा और कर्नाटक में तेज़ सतही हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटे तक की गति) चलने की संभावना है। 

यहां पर अभी भीषण गर्मी करेगी परेशान

मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली और ओडिशा के अलग-अलग स्थानों पर दो जून तक हीटवेव (लू) जारी रहने की उम्मीद है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड के अलग-अलग स्थानों पर शनिवार को लू चलेगी। 

यहां पड़ रही झुलसा देने वाली गर्मी

मौसम विभाग ने शुक्रवार को बताया कि 30 मई को सीधी (मध्य प्रदेश) में तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह अब तक दर्ज किया गया दूसरा सबसे अधिक अधिकतम तापमान है। वहीं, 30 मई को रोहतक (हरियाणा) में तापमान 47.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह राज्य में सबसे अधिक तापमान रहा। 30 मई रिज (नई दिल्ली) में तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह अब तक दर्ज किया गया दूसरा सबसे अधिक अधिकतम तापमान है।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत