1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मंगलवार को बारिश से दिल्ली का मौसम सुहाना, जानें बुधवार को बारिश होगी या नहीं, यूपी सहित अन्य राज्यों का हाल भी जानिए

मंगलवार को बारिश से दिल्ली का मौसम सुहाना, जानें बुधवार को बारिश होगी या नहीं, यूपी सहित अन्य राज्यों का हाल भी जानिए

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Oct 01, 2025 07:34 am IST,  Updated : Oct 01, 2025 07:34 am IST

मौसम विभाग ने दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Delhi Rain Water Lodging- India TV Hindi
दिल्ली में बारिश से जलभराव Image Source : PTI

मंगलवार के दिन बारिश के चलते दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम सुहाना हो गया। यहां लोगों को सितंबर के महीने जून जैसे गर्मी झेलनी पड़ रही थी। अब बारिश के चलते मौसम सुहाना हुआ है। बुधवार को भी दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, गुजरात और उत्तर पूर्वी राज्यों के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

उत्तर प्रदेशः चित्रकूट, कौशांबी, बांदा, फतेहपुर, रायबरेली, उन्नाव।

गुजरात: जूनागढ़, पोरबंदर।
त्रिपुरा: नॉर्थ त्रिपुरा, उनकोटी, ढलाई, खोवई, वेस्ट त्रिपुरा, गोमती, सेपाहिजाला, साउथ त्रिपुरा।
मणिपुर, मेघालय और असम के कई दिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली,पूर्वी दिल्ली, शाहदरा , मध्य दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, नई दिल्ली, दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली,पश्चिमी दिल्ली, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली, उत्तरी दिल्ली, के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। यहां आकाशीय बिजली और अचानक तेज हवा चलने की संभावना है। हवा की गति 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। मौसम विभाग ने कहा है कि बारिश के दौरान सावधानी के साथ वाहन चलाएं। इसके साथ ही बारिश के दौरान पेड़ के नीचे नहीं खड़े होने की सलाह दी गई है।

कई राज्यों में येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र और केरल के तटीय इलाकों, ओडिशा और उत्तर पूर्वी राज्यों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जगहों पर तेज बारिश हो सकती है। देश के अन्य सभी हिस्सों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है।

दिल्ली में बारिश से बढ़ी परेशानी

दिल्ली में मंगलवार को भारी बारिश के बाद यातायात बाधित हो गया, अंडरपास में पानी भर गया और प्रमुख मार्गों पर हजारों यात्री फंस गए। दक्षिण-पश्चिम मानसून अपने सामान्य समय से एक दिन पहले ही 24 सितंबर को दिल्ली से आधिकारिक रूप से विदा हो गया था और इसकी विदाई के एक सप्ताह के अंदर फिर से बारिश हो गई। राष्ट्रीय राजधानी में 2002 के बाद से इस बार सबसे जल्दी मानसून लौटा है। उस साल 20 सितंबर को मानसून विदा हो गया था। दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से उमस भरी स्थिति के बाद बारिश हो जाने से काफी हद तक राहत मिली लेकिन इस बीच यात्रियों के लिए परेशानी बढ़ गई। वाहनों की गति धीमी पड़ गई और यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में समस्याओं का सामना करना पड़ा। 

इन जगहों पर जलभराव

गुरुग्राम की ओर एनएच-48 पर रेडिसन होटल फ्लाईओवर पर 25 मिनट तक यातायात बाधित रहा जबकि जामिया मिलिया इस्लामिया के पास तिकोना पार्क के समीप वाहन बहुत धीरे-धीरे आगे बढ़े। पीतमपुरा में नेताजी सुभाष प्लेस, महात्मा गांधी रोड, लाजपत नगर में कैप्टन गौड़ मार्ग और आउटर रिंग रोड के कुछ हिस्सों से भी यातायात बाधित होने की खबरें आईं। अधिकारियों ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के बाढ़ नियंत्रण कक्ष को जलभराव के संबंध में मंगलवार को लगभग 20 सूचनाएं प्राप्त हुईं। इनमें राजा गार्डन चौक, शाहदरा, वज़ीराबाद पुल, ए-ब्लॉक हरि नगर आदि इलाके शामिल हैं।

यह भी पढ़ें-

दिल्ली के CR पार्क पहुंचे PM मोदी, पंडालों में की देवी की अराधना; देखें VIDEO

बादल बिगाड़ेंगे त्योहार का मजा? दिल्ली-NCR में दो दिनों तक बरसेंगे बादल, IMD ने येलो अलर्ट जारी किया

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत