1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Weather Today: यूपी-बिहार और दिल्ली में बारिश ने मचाया हाहाकार, उत्तराखंड में लैंडस्लाइड से बुरा हाल, जानें आपके राज्य का अपडेट

Weather Today: यूपी-बिहार और दिल्ली में बारिश ने मचाया हाहाकार, उत्तराखंड में लैंडस्लाइड से बुरा हाल, जानें आपके राज्य का अपडेट

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Sep 24, 2022 12:39 pm IST,  Updated : Sep 24, 2022 12:39 pm IST

Weather Today: दिल्ली में आज (24 सितंबर) बादल छाए रहेंगे और भारी बारिश हो सकती है। वहीं 25 सितंबर को दिल्ली में मध्यम बारिश का अनुमान है।

Weather Today- India TV Hindi
Weather Today Image Source : INDIA TV GFX

Highlights

  • दिल्ली में आज (24 सितंबर) बादल छाए रहेंगे
  • 25 सितंबर को दिल्ली में मध्यम बारिश का अनुमान
  • यूपी में शनिवार को भी कक्षा पहली से 8वीं तक सभी स्कूल बंद

Weather Today: देश के कई राज्यों में जमकर बारिश हो रही है। यूपी, मध्य प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा में बीते दिनों खूब बारिश हुई है और अभी भी कई जगह बादल दिखाई दे रहे हैं। दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला अभी तक रुका नहीं है और इसके आगे भी जारी रहने की संभावना है। दिल्ली में हुई बारिश से कई जगहों पर पानी भर गया है, जिससे काम पर निकलने वाले लोगों को असुविधा भी हुई है। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि दिल्ली में आने वाले दिनों में ऐसा ही मौसम रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में आज (24 सितंबर) बादल छाए रहेंगे और भारी बारिश हो सकती है। वहीं 25 सितंबर को दिल्ली में मध्यम बारिश का अनुमान है। 

यूपी में जमकर बारिश 

यूपी में इन दिनों जोरदार बारिश का दौर चल रहा है। मानसून देर से आया, लेकिन जाते जाते भारी बारिश कर रहा है, इससे कई जगह हाल बेहाल हो गया है। आम जनजीवन प्रभावित हो गया है। राज्य के कई जिलों में तो बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई गांवों का संपर्क टूट गया है। घर ढहने की खबरें आ रही हैं। कई शहरों व कस्बाई क्षेत्रों में निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई है। इसी बीच शुक्रवार को भी तेज बारिश हुई है। मौसम विभाग यानी आईएमडी ने शनिवार के लिए भी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस कारण प्रदेश के कई जिलों में शनिवार को भी स्कूल बंद रहेंगे। यूपी में शुक्रवार को भी बारिश का दौर बना रहा। पिछले तीन दिनों से रुक रुककर बारिश हो रही है। बारिश को देखते हुए नोएडा, इटावा, मेरठ, फर्रुखाबाद, सीतापुर, उन्नाव, अलीगढ़ में शनिवार को भी कक्षा पहली से 8वीं तक सभी स्कूल बंद रहेंगे। शुक्रवार को भी कई जिलों में बारिश की वजह से स्कूल बंद रखे गए थे। 

बिहार में कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक, आज पटना में न्यूनतम तापमान 27 डिग्री और अधिकतम तापमान 34 रहने की संभवना है। यहां भी रुक-रुककर बारिश हो रही है और सड़कों पर पानी भर गया है। मौसम विभाग ने यहां कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटे यहां झमाझम बारिश हो सकती है। 

महाराष्ट्र में मुंबई समेत कई जगहों पर झमाझम बारिश

महाराष्ट्र में मुंबई समेत कई जगहों पर झमाझम बारिश हो रही है। मुंबई में आज न्यूनतम तापमान 24 डिग्री और अधिकतम तापमान 30 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश की वजह से सड़कों पर पानी भरा हुआ है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। लोग अपने घरों से निकलने से बच रहे हैं।

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में लैंडस्लाइड 

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में लैंडस्लाइड हुई है, जिसमें 40 यात्री फंस गए हैं। ये 400 यात्री उत्तरकाशी में गंगोत्री धाम से लौट रहे थे और राजस्थान के रहने वाले हैं। 

किन राज्यों में बारिश की संभावना 

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश में आज और कल भारी बारिश हो सकती है। हरियाणा, चंडीगढ़, पूर्वी राजस्थान में भी भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, बिहार में गरज के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। ओडिशा में भी 24 और 25 सितंबर को भारी वर्षा की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में 24-25 सितंबर को गरज के साथ बिजली गिर सकती है। इसके अलावा मेघालय, असम, मणिपुर, नागालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में आज बारिश हो सकती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत