1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Weather Update: आग बरसा रही गर्मी, एमपी के नौगांव और राजस्थान के श्रीगंगानगर में पारा 48 डिग्री, दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट

Weather Update: आग बरसा रही गर्मी, एमपी के नौगांव और राजस्थान के श्रीगंगानगर में पारा 48 डिग्री, दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट

 Edited By: Deepak Vyas
 Published : May 14, 2022 11:56 am IST,  Updated : May 14, 2022 11:58 am IST

देश में गर्मी का कहर जारी है। मध्यप्रदेश के नौगांव में तापमान 48 डिग्री पर पहुंच गया है। वहीं राजधानी दिल्ली में शनिवार को तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है।

Weather Update- India TV Hindi
Weather Update Image Source : FILE PHOTO

Highlights

  • राजस्थान में शनिवार को 48 डिग्री के पार होगा पारा
  • UP के लोग गर्मी से परेशान, बिहार में 13 से 15 जून के बीच मानसून की एंट्री
  • छत्तीसगढ़ में 10 दिन पहले बरसेगा मानसून

Weather Update: देश में गर्मी का कहर जारी है। कई इलाकों में कई दिनों से पारा 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। कई स्थानों पर पारा 45 डिग्री से भी अधिक हो गया है। भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। मध्यप्रदेश के नौगांव में तापमान 48 डिग्री पर पहुंच गया है। वहीं राजधानी दिल्ली में शनिवार को तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं राजस्थान के श्रीगंगानगर में पारा 48 डिग्री के पार हो गया। मौसम विभाग ने चेताया है कि हीटवेव की स्थिति में बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।

मध्यप्रदेश: नौगांव 48 डिग्री तापमान के साथ दुनिया का 7वां सबसे गर्म शहर

मध्यप्रदेश में झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है। शुक्रवार को प्रदेश का नौगांव 48 डिग्री तापमान के साथ दुनिया का 7वां सबसे गर्म शहर रहा। बीते 16 साल में ऐसा पहली बार है, जब मई का पहला पखवाड़ा इतना तपा है। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को 27 जिलों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इनमें भोपाल भी शामिल है। 

दिल्ली में गर्मी का ऑरेंज अलर्ट

दिल्ली के कई इलाकों में आज भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। इसके चलते मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि दिल्ली में आज का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है, जबकि अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक जाएगा। हालांकि, अगले हफ्ते थोड़ी राहत दिल्ली वासियों को मिल सकती है।

UP के लोग गर्मी से परेशान

UP में भी भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं। मौसम विभाग का कहना है कि आज राज्य में न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है। लखनऊ में आज का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।

राजस्थान में शनिवार को 48 डिग्री के पार होगा पारा

राजस्थान में शनिवार को न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है, जबकि अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के पार जाएगा। इसके साथ ही मौसम विभाग ने कई जिलों में हीटवेव की चेतावनी जारी की है। शुक्रवार को श्रीगंगानगर में पारा 48.1 और अजमेर में पारा 45.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

बिहार में 13 से 15 जून के बीच मानसून की एंट्री

बिहार में आज का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है, जबकि अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहेगा। राज्य में 13 से 15 जून के बीच मानसून की एंट्री होगी। साल 2021 में 13 जून को तूफान के कारण बिहार में जमकर बारिश हुई थी। अब तक का पूर्वानुमान बिहार में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश का है। 

छत्तीसगढ़ में 10 दिन पहले बरसेगा मानसून

मौसम विज्ञान विभाग का अनुमान है कि छत्तीसगढ़ में भी इस बार मानसून जल्दी आएगा। मौसम विज्ञानियों ने बताया है कि मानसून 27 मई तक केरल तट पर पहुंच जाएगा। ऐसा हुआ और सब कुछ सामान्य रहा तो अगले 10 दिन में 7 जून तक छत्तीसगढ़ की धरती पर मानसून का आगमन होगा। प्रदेश में अभी अधिकतम तापमान 40-41 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत